आशुतोष राणा की हमारे राम की प्रस्तुति के दौरान लगी आग, अंधेरे में डूबा ऑडिटोरियम

Neel Tiwari | May 30, 2026, 23:23 IST
auditorium fire
जबलपुर के तरंग ऑडिटोरियम में हमारे राम नाटक के मंचन के दौरान मैन लाइन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। तेज धमाके और चिंगारियों के कारण सभागार अंधेरे में डूब गया। आशुतोष राणा सहित 150 कलाकारों को सुरक्षित निकाला।

जबलपुर के तरंग ऑडिटोरियम में शनिवार शाम अफरा-तफरी मच गई। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा के चर्चित नाटक हमारे राम के मंचन के दौरान मुख्य बिजली लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया।



तेज धमाके और चिंगारियों के साथ हुई तकनीकी खराबी के कारण पूरे प्रेक्षागृह की बिजली एकाएक बंद हो गई। साथ ही सभागार कुछ समय के लिए अंधेरे में डूब गया। उस समय ऑडिटोरियम दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था।



आशुतोष राणा मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। अचानक हुई घटना से दर्शकों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते आशुतोष राणा समेत सभी कलाकारों और दर्शकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।



67249b33-4ab


लोगों से शांत रहने की अपील

घटना के दौरान कुछ लोगों को आग लगने और बड़े हादसे की आशंका भी हुई। जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट मुख्य विद्युत लाइन में हुआ, जिसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों और सुरक्षा अमले ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए फॉल्ट वाले हिस्से को मुख्य सप्लाई से अलग कर दिया।



सभागार में मौजूद लोगों से शांत रहने की अपील की गई और निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई। त्वरित कार्रवाई के चलते आग फैलने जैसी कोई स्थिति नहीं बनी और कुछ ही देर में वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।



दो दिवसीय कार्यक्रम

गौरतलब है कि आशुतोष राणा 30 और 31 मई को जबलपुर में हमारे राम नाटक के मंचन के लिए पहुंचे हैं। इस भव्य प्रस्तुति में उनके साथ लगभग 150 मंचीय कलाकार भी शामिल हैं।



शनिवार को दोपहर का शो सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद शाम के शो के दौरान यह घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता नहीं दिखाई होती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। घटना के बाद अधिकारियों ने विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है तथा शॉर्ट सर्किट के कारणों की जांच कराई जा रही है।



ये भी पढ़ें...

NEET पेपर लीक: CM हाउस घेराव के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, राजनीति से गरमाई बहस



MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें



एमपी के टीचर्स की छुट्टियां 7 जून तक बढ़ीं, 16 जून से खुलेंगे स्कूल



एमपी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: तलाकशुदा बेटी भी होगी फैमिली पेंशन की हकदार



Tags:
  • जबलपुर
  • मध्य प्रदेश
  • शॉर्ट सर्किट
  • आशुतोष राणा
  • ऑडिटोरियम