विधानसभा चुनाव 2026: एमपी से राज्यसभा सांसद जॉर्ज कुरियन और एल मुरुगन दक्षिण में चुनाव हारे
हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आ गए हैं। इन नतीजों ने देश की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में अपनी ताकत दिखाते हुए बड़ी जीत दर्ज की है।
दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के लिए एक ऐसी खबर आई है जिसने सबको हैरान कर दिया है। मध्य प्रदेश से दो राज्यसभा सांसद को दक्षिण भारत के चुनावी मैदान में हार का मुंह देखना पड़ा है। ये दोनों नेता अपनी-अपनी सीटों पर अपनी साख नहीं बचा पाए।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद को मिली हार
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को भाजपा ने केरल की कांजीरापल्ली सीट से चुनावी मैदान में उतारा था। इस ईसाई बहुल इलाके में कुरियन से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वो मुकाबले से पूरी तरह बाहर होते नजर आए। वो तीसरे नंबर पर रहे और उन्हें 26 हजार 984 वोट ही मिले।
केरल में LDFऔर UDF के बीच हुए सीधे मुकाबले में भाजपा के बड़े नेता जॉर्ज कुरियन अपनी जमीन नहीं बना सके।
जॉर्ज कुरियन को 29 हजार वोट से मिली हार
विजेता रोनी के. बेबी (कांग्रेस) को 56 हजार 646 वोट मिले हैं। वहीं दूसरे नंबर पर: डॉ. एन. जयराज (केरल कांग्रेस-एम) को 50 हजार 874 वोट मिले हैं। इसके बाद तीसरे नंबर पर जॉर्ज कुरियन (BJP) रहे जिन्हें 26 हजार 984 वोट मिले। जॉर्ज कुरियन को विजेता से 29 हजार 662 वोटों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
मंत्री एल. मुरुगन को मिली हार
मध्य प्रदेश से सांसद और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन तमिलनाडु की अविनाशी (SC) सीट से चुनाव लड़ रहे थे। तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष होने के नाते उनके लिए यह चुनाव बहुत अहम था, क्योंकि यह उनकी साख का सवाल था।
मुरुगन ने चुनाव तो लड़ा लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके। वो चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे। उन्हें 56 हजार 200 से ज्यादा वोट मिले, लेकिन विपक्षी उम्मीदवार ने उन्हें बड़े अंतर से हरा दिया।
तमिलनाडु में क्षेत्रीय अस्मिता और डीएमके (DMK) गठबंधन की लहर के आगे मुरुगन का दिल्ली कार्ड काम नहीं आया।
बता दें कि अविनाशी सीट पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक रोड शो किया था। इसमें सीएम ने डॉ. एल. मुरुगन के लिए समर्थन मांगा था।
अभिनेता विजय की पार्टी ने किया उलटफेर
इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय था। यहां थलपति विजय की पार्टी (TVK) ने बड़ा उलटफेर किया और भाजपा और अन्नाद्रमुक के समीकरणों को बिगाड़ दिया।
मुरुगन ने अपनी सीट पर कड़ी टक्कर दी और अन्नाद्रमुक जैसे क्षेत्रीय दिग्गज को तीसरे नंबर पर धकेल दिया, लेकिन विजय की पार्टी की लहर को वो नहीं रोक पाए।
तमिलनाडु की अविनाशी (SC) विधानसभा
विजेता: कमाली एस. (तमिलगा वेत्री कड़गम - TVK) - 84 हजार 209 वोट
दूसरे नंबर पर: एल. मुरुगन (BJP) - 68 हजार 836 वोट
तीसरे नंबर पर: डीएमके उम्मीदवार डॉ. गोकिलामनी वी. - 65 हजार 530 वोट
मुरुगन को 15 हजार 373 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
एल. मुरुगन, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद
केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन तमिलनाडु का एक महत्वपूर्ण दलित चेहरा हैं। वह वर्तमान में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री हैं। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद भी हैं।
एल. मुरुगन ने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक के रूप में की थी। इसके अलावा, वे लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से भी जुड़े रहे।
जॉर्ज कुरियन का इतिहास
केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन वर्तमान में केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण और मत्स्य पालन राज्य मंत्री हैं। साथ ही मध्य प्रदेश से राज्यसभा के सांसद भी हैं। सांसद जॉर्ज कुरियन केरल में बीजेपी के सबसे पुराने नेताओं में से एक हैं। वे 1980 के दशक से पार्टी से जुड़े हुए हैं और पार्टी में कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं।
ये खबरें भी पढ़िए...
थलपति विजय का AI होलोग्राम और रोबोट से हाईटेक चुनाव प्रचार, TVK ने रचा इतिहास
क्या विजय थलपति का उदय तमिलनाडु में 50 साल पुराने राजनीतिक तिलस्म को तोड़ देगा?
vidhansabha election 2026: पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के बाद अब केरलम से भी लेफ्ट का सफाया
ममता के गढ़ में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, अब बंगाली मुख्यमंत्री के चेहरे पर सस्पेंस