आयुष डॉक्टर्स का स्टाइपेंड बढ़ाएगी सरकार! सीएम मोहन यादव ने दिए संकेत

Sandeep Kumar | Sept 23, 2026, 22:07 IST
आयुष डॉक्टर्स का स्टाइपेंड बढ़ाएगी सरकार
भोपाल में 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया गया। इस मौके पर सीएम मोहन यादव मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने आयुष डॉक्टर्स का स्टाइपेंड बढ़ाने के संकेत दिए। साथ ही 185.50 करोड़ रुपए के 25 नए आयुष भवनों का लोकार्पण किया।

समझें क्या है पूरा मामला

  • आयुर्वेद दिवस पर भोपाल में बड़ा कार्यक्रम आयोजित हुआ।
  • CM मोहन यादव ने आयुष डॉक्टर्स के स्टाइपेंड बढ़ाने के संकेत दिए।
  • सरकार ने 185.50 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट शुरू किए।
  • 25 आयुष अस्पतालों और भवनों का लोकार्पण हुआ।
  • आयुष क्षेत्र के विस्तार पर सरकार ने जोर दिया।

भोपाल में 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया गया। इस मौके पर सीएम मोहन यादव मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने आयुष डॉक्टर्स (ayush doctors ) का स्टाइपेंड बढ़ाने के संकेत दिए। साथ ही 185.50 करोड़ रुपए के 25 नए आयुष भवनों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार भी मौजूद रहे।



स्टाइपेंड बढ़ाने का ऐलान

भोपाल के पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद महाविद्यालय में यह कार्यक्रम हुआ। यहां सीएम डॉ. मोहन यादव ने कई घोषणाएं कीं। उन्होंने आयुष डॉक्टर्स की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को गंभीरता से लिया। सीएम ने आयुष मंत्री को जल्द निर्णय लेने के निर्देश दिए।



कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। सीएम ने आयुष पद्धतियों से जुड़ी गतिविधियों को करीब से देखा।



185 करोड़ के भवनों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने इस दौरान बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने 185.50 करोड़ रुपए के 25 नए भवनों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें 12 आयुष भवन शामिल हैं।



डिंडौरी जिले में 102 करोड़ रुपए से नया आयुष महाविद्यालय बना है। इसका भी लोकार्पण इसी कार्यक्रम में हुआ। साथ ही पंडित खुशीलाल महाविद्यालय के 'हर्बल गार्डन ऑफ स्टेट इंपोर्टेंस' को आम लोगों के लिए खोला गया। सीएम ने कहा कि भारतीय संस्कृति में आयुर्वेद सदियों से रचा-बसा है।



इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग और आयुर्वेद को वैश्विक स्तर पर पुनर्प्रतिष्ठित करने का महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। हमारे भोजन और किचन के मसाले भी आयुर्वेद पर आधारित हैं।



प्रदेश में बढ़ रहा आयुष नेटवर्क

कार्यक्रम में आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने भी बात रखी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेडिकल और आयुर्वेदिक कॉलेजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। फिलहाल राज्य में आयुष विभाग के अंतर्गत कुल 18 महाविद्यालय संचालित होने जा रहे हैं।



इसके अलावा प्रदेश में 1700 से ज्यादा आयुर्वेदिक औषधालय काम कर रहे हैं। मंत्री परमार के अनुसार सरकार का मकसद सिर्फ इलाज देना नहीं है। सरकार 'वेलनेस' यानी बीमारी से पहले ही स्वस्थ रहने की सोच को बढ़ावा दे रही है।



आयुर्वेद का बढ़ता वैश्विक बाजार

आयुर्वेद का कारोबार दुनियाभर में तेजी से बढ़ रहा है। साल 2014 में इसका वैश्विक बाजार करीब 3 बिलियन डॉलर था। अब यह बढ़कर 43 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। स्कॉटलैंड में महर्षि चरक की प्रतिमा का अनावरण भी हाल में चर्चा में रहा। इसे आयुर्वेद की बढ़ती वैश्विक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है।



आयुष आरोग्यम धाम और बजट में बढ़ोतरी

कार्यक्रम में एक और अहम बदलाव की जानकारी दी गई। अब आयुष वेलनेस टूरिज्म सेंटर 'आयुष आरोग्यम धाम' के नाम से जाने जाएंगे।



एमपी सरकार ने मध्यप्रदेश आयुष विभाग के बजट में भी बड़ी बढ़ोतरी की है। साल 2002-03 की तुलना में यह बजट अब 16 गुना बढ़ चुका है। सरकार का दावा है कि यह वृद्धि आयुष क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।



ये भी पढ़ें...

फिर मध्य प्रदेश आएंगे राहुल गांधी; कांग्रेस के सदस्य जोड़ो अभियान की करेंगे शुरुआत



मध्य प्रदेश में अग्निवीरों का कोटा दोगुना करने की तैयारी, इन 6 विभागों में मिलेगा फायदा



MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें,एमपी बीजेपी संगठन में बड़ा बदलाव



एमपी के लाखों गैस उपभोक्ताओं पर संकट, 2 अक्टूबर तक नहीं कराई LPG e-KYC तो कट जाएगा कनेक्शन



खुशीलाल आयुर्वेदिक हॉस्पिटल







Tags:
  • सीएम मोहन यादव
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • एमपी सरकार
  • ayush doctors
  • आयुष डॉक्टर
  • खुशीलाल आयुर्वेदिक हॉस्पिटल
  • मध्यप्रदेश आयुष विभाग