बागेश्वर धाम जा रहे यादव महासभा के लोगों को पुलिस ने रोका, समर्थकों ने दी जूतों से स्वागत की चेतावनी; शास्त्री बोले- यादव हमारे भाई
बागेश्वर धाम में तालाबंदी करने निकले 200 लोग, पुलिस ने हिरासत में लिया
छतरपुर में शुक्रवार, 13 नवंबर को यादव महासभा के करीब 200 लोग बागेश्वर धाम में तालाबंदी करने के लिए रैली निकालकर रवाना हुए। ये लोग पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान का विरोध कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों की योजना बागेश्वर धाम पहुंचकर विरोध जताने की थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान यादव महासभा के लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
दूसरी ओर धीरेंद्र शास्त्री के समर्थक भी विरोध में उतर आए। उन्होंने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। कई समर्थक लाठी-डंडे लेकर सड़क पर खड़े दिखाई दिए। इस दौरान यादव महासभा के लोगों के खिलाफ जूतों और डंडों से स्वागत करने जैसी चेतावनियां भी दी गईं।
आखिर किस बयान से शुरू हुआ पूरा विवाद?
इस विवाद की शुरुआत 29 अक्टूबर को शिवपुरी जिले के करैरा में हुई एक कथा से हुई थी। यहां पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए एक टिप्पणी की थी।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि हमारे राम सीधे हैं, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े। तुम्हारे ठाकुरजी की खोपड़िया भी टेढ़ी, नाम भी टेढ़ा और चलते-खड़े भी टेढ़े होते हैं।
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के तीन जगह से टेढ़े होकर खड़े होने, बांसुरी बजाने और गाय चराने का भी जिक्र किया था। इसके बाद भगवान राम की विशेषताओं और उनके धनुष चलाने की तुलना श्रीकृष्ण की बांसुरी से की थी।
इसी टिप्पणी पर यादव महासभा ने आपत्ति जताई। समाज के लोगों का कहना है कि इस तरह भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करना उचित नहीं है। उनका आरोप है कि इस बयान से श्रीकृष्ण के भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
यादव महासभा ने दी थी कथाओं के बहिष्कार की चेतावनी
धीरेंद्र शास्त्री के बयान के बाद यादव महासभा ने विरोध शुरू कर दिया था। महासभा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि अगर शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
महासभा से जुड़े शिव यादव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से देशभर में भगवान श्रीकृष्ण के भक्त आहत हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग सनातन एकता की बात करते हैं, उन्हें समाज को जोड़ने का काम करना चाहिए या तोड़ने का?
यादव महासभा ने यह भी कहा था कि जरूरत पड़ने पर धीरेंद्र शास्त्री की कथाओं के बहिष्कार के लिए अभियान चलाया जाएगा। समाज के लोगों को उनकी कथाओं में शामिल नहीं होने के लिए जागरूक किया जाएगा।
इसी विरोध के तहत शुक्रवार को बागेश्वर धाम में तालाबंदी करने के लिए रैली निकाली गई।
समर्थक लाठी-डंडे लेकर हाईवे पर उतरे
यादव महासभा की रैली की जानकारी मिलने के बाद धीरेंद्र शास्त्री के समर्थक भी सक्रिय हो गए। शुक्रवार को समर्थकों ने हाईवे पर चक्काजाम किया और यादव महासभा के प्रदर्शन का विरोध किया।
इस दौरान कई लोग लाठी-डंडे लेकर सड़क पर उतर आए। समर्थकों की ओर से चेतावनी दी गई कि अगर प्रदर्शनकारी बागेश्वर धाम पहुंचे तो उनका स्वागत लाठी-डंडों और जूतों से किया जाएगा।
इस बीच पुलिस ने यादव महासभा के प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों के विरोध के चलते छतरपुर में बागेश्वर धाम को लेकर विवाद और गहरा गया।
यादव महासभा अध्यक्ष बोले- धीरेंद्र शास्त्री दुश्मन नहीं, हमारे बेटे जैसे
विवाद के बीच यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि महासभा किसी धर्म के विरोध में नहीं है। उनका कहना था कि वे उन लोगों को समझाने आए हैं, जो भगवान राम और श्रीकृष्ण के बीच भेद करते हैं और मातृशक्ति का मजाक उड़ाते हैं।
जगदीश यादव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री उनके बेटे के समान हैं। वे उन्हें दुश्मन नहीं मानते। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी से दुश्मनी करना नहीं, बल्कि धीरेंद्र शास्त्री को समझाना और सही रास्ता दिखाना है।
दुबई से धीरेंद्र शास्त्री का संदेश- यादव समाज हमारे भाई
एक तरफ छतरपुर में समर्थकों और यादव महासभा के बीच विवाद चल रहा था, वहीं दूसरी ओर दुबई से धीरेंद्र शास्त्री का शांति और एकता बनाए रखने का संदेश सामने आया। बागेश्वर धाम शिष्य मंडल के सदस्य नीतेंद्र चौबे ने बताया कि महाराज जी ने दुबई से संदेश भेजा है।
चौबे के मुताबिक धीरेंद्र शास्त्री ने यादव समाज के लोगों को अपना भाई बताया है। उन्होंने सभी से शांति और एकता बनाए रखने की अपील की है। इसके साथ ही यादव समाज के लोगों को बागेश्वर धाम आने और बालाजी के चरणों में अर्जी लगाने का आमंत्रण भी दिया गया है। हालांकि, यह संदेश शिष्य मंडल के सदस्य के माध्यम से सामने आया है।
यादव महासभा के नेता बोले- माफी से नहीं मानेंगे, जेल जाने को तैयार
धीरेंद्र शास्त्री की ओर से शांति का संदेश आने के बावजूद यादव महासभा के प्रदर्शनकारी अपने विरोध पर अड़े रहे। प्रदर्शन में शामिल एक नेता ने कहा कि वे बागेश्वर धाम जाकर हनुमानजी के दर्शन करना चाहते हैं। पुलिस चाहे तो उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दे, लेकिन वे पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बैरिकेडिंग लगाकर यादव महासभा के लोगों को रोक रही है, जबकि दूसरी ओर धीरेंद्र शास्त्री के समर्थकों को संरक्षण दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारी नेता ने 1962 के रेजांग ला युद्ध में अहीर सैनिकों की वीरता का जिक्र करते हुए कहा कि यादव समाज लाठी और गोली से डरने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि केवल सामान्य बयान देने या माफी मांगने से यह विवाद खत्म नहीं होगा। उनके मुताबिक धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से सनातन समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।