अंधेरी रात, अजीब आवाजें और दरवाजे पर दस्तक... भूत के डर से 35 छात्राओं ने छोड़ा हॉस्टल! झाड़-फूंक के लिए बुलाया पंडा बाबा
हैरानी की बात यह है कि बच्चों का डर दूर करने के लिए डॉक्टर या काउंसलर को नहीं बुलाया गया। कथित तौर पर झाड़ फूंक और तंत्र मंत्र का सहारा लिया गया।
आखिर क्या है उस रात की सच्चाई?
यह पूरा मामला बालाघाट जिले के आमगांव स्थित सांदीपनि स्कूल परिसर के गर्ल्स हॉस्टल का है। यहां रहकर पढ़ाई करने वाली छात्राओं के बीच अचानक भूत प्रेत का खौफ फैल गया। हॉस्टल में रहने वाली कुछ बच्चियों का कहना है कि रात होते ही परिसर में अजीबोगरीब घटनाएं होने लगती हैं।
जानकारी के अनुसार छात्राओं ने बताया कि रात के समय उन्हें अजीब आवाजें सुनाई देती हैं। कोई उनके कमरे का दरवाजा खटखटाता है। इस अनजाने डर के कारण कुछ बच्चियों की अचानक तबीयत भी बिगड़ने लगी और वे असामान्य व्यवहार करने लगीं। देखते ही देखते पूरे छात्रावास में दहशत का माहौल बन गया।
अपनी जान की चिंता में छात्राएं अपना सामान लेकर बाहर निकलने लगीं। कोई अपने माता पिता के साथ घर चली गई। कोई अपने परिचितों के साथ हॉस्टल छोड़कर चली गई।
डर भगाने बुलाया गया पंडा बाबा
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू अंधविश्वास से जुड़ा है। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने रात में होने वाली इन अजीब घटनाओं की जानकारी स्कूल के प्रिंसिपल और छात्रावास अधीक्षिका को दी थी।
बच्चियों की शिकायत के बाद हॉस्टल परिसर में किसी बैगा पंडा यानी बाबा को बुलाए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार छात्रावास में भूत प्रेत का साया भगाने के लिए नींबू काटे गए। इतना ही नहीं तंत्र मंत्र करने की प्रक्रिया भी की गई। अब सवाल कि क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने बच्चियों की परेशानी को गंभीरता से समझा? या फिर अंधविश्वास के सहारे इस समस्या को दबाने की कोशिश की गई।
छात्राओं के दावों और प्रिंसिपल के बयान में अंतर
एक तरफ छात्राएं भूत प्रेत के डर और तंत्र मंत्र की बात कह रही हैं। वहीं दूसरी तरफ स्कूल प्रबंधन इस पूरी घटना को सिरे से नकार रहा है। सांदीपनि स्कूल के प्रिंसिपल डी.एस. वाड़ीवे ने इस मामले पर अपना पक्ष रखा है।
प्रिंसिपल के मुताबिक हॉस्टल में एक बालिका की तबीयत खराब हो गई थी। इसका इलाज उसके परिजनों की मौजूदगी में कराया गया था। उन्होंने बताया कि कुछ छात्राओं को उनके परिजन अपने साथ घर ले गए हैं। प्रिंसिपल ने छात्रावास में भूत प्रेत जैसी किसी भी घटना से साफ इनकार किया है।
साथ ही उन्होंने 35 की जगह करीब 25 छात्राओं के हॉस्टल छोड़कर जाने की जानकारी दी है। छात्राओं की आपबीती और प्रिंसिपल के इस बयान के बीच कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिला प्रशासन की जांच और काउंसलिंग की जरूरत
छात्रावास में सब कुछ सामान्य है तो फिर इतनी बड़ी संख्या में बच्चियां अपनी पढ़ाई छोड़कर घर क्यों लौट गईं? यह सवाल हर किसी के मन में उठ रहा है। ऐसे समय में बच्चियों के मन से डर निकाला जरूरी है। इसके लिए उनकी सही तरीके से काउंसलिंग और चिकित्सकीय जांच कराना बहुत जरूरी हो जाता है।
फिलहाल इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन और जिला पंचायत की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। जरूरत इस बात की है कि प्रशासन इस घटना की निष्पक्ष जांच कराए। साथ ही छात्रावास में ऐसा सुरक्षित और भयमुक्त माहौल तैयार किया जाए। इससे डर के कारण घर जा चुकी छात्राएं बिना किसी खौफ के वापस लौट सकें और अपनी पढ़ाई दोबारा शुरू कर सकेंगी।