मातम में बदली मेले की खुशियां, बालाघाट में चाऊमीन-मंचूरियन खाते ही बिगड़ी 100 से ज्यादा बच्चों की तबीयत, अस्पताल में मची चीख-पुकार
बालाघाट जिले के हिर्री गांव में लगे पारंपरिक मंडई मेले में कुछ ऐसा ही खौफनाक नजारा देखने को मिला है। मेले के स्टॉल पर चाऊमीन और मंचूरियन का स्वाद चखने के कुछ ही देर बाद 100 से ज्यादा बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। खुशियों के माहौल में अचानक आई इस आफत ने पूरे गांव और स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है।
अस्पताल में लगा जमावड़ा
दरअसल हिर्री गांव के मंडई मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे घूमने आए थे। बच्चों ने मेले में लगे ठेले से चाऊमीन और मंचूरियन खाया था। इसे खाने के कुछ समय बाद ही बच्चों को तेज पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते बीमार होने वाले बच्चों की संख्या 100 के पार पहुंच गई।
अपने बच्चों की बिगड़ती हालत देखकर परिजनों के हाथ पैर फूल गए। इसके बाद मेले में अफरा तफरी का माहौल बन गया। घबराए हुए माता पिता बच्चों को लेकर तुरंत किरनापुर अस्पताल भागे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बीमार बच्चों के अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया।
डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। वहीं जिन मरीजों की स्थिति ज्यादा गंभीर लग रही थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए बालाघाट जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कुल 118 लोग प्रभावित
जानकारी के अनुसार इस घटना के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। बालाघाट कलेक्टर आदित्य सिंह (Collector Aditya Singh) ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए स्थिति को साफ किया है। उन्होंने बताया कि बीती रात मंडई मेले में नूडल्स खाने के बाद बच्चों के बीमार होने की शिकायत मिली थी। शुरुआत में सभी को बिरनापुर ब्लॉक में इलाज के लिए ले जाया गया था। यहां से कुछ लोगों को बालाघाट रेफर किया गया था।
प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक इस घटना से जुड़े मुख्य तथ्य नीचे दिए गए हैं...
- कुल प्रभावित मरीज: इस मामले में अब तक कुल 118 केस सामने आए हैं।
- जिला अस्पताल में भर्ती: बालाघाट जिला अस्पताल में कुल 57 लोगों को भर्ती कराया गया है।
- मरीजों का विवरण: भर्ती किए गए 57 लोगों में 45 बच्चे और 12 वयस्क शामिल हैं।
- वर्तमान स्थिति: राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है।
ठेले जब्त कर सैंपल जांच के लिए भेजे
एक साथ इतने लोगों के बीमार पड़ने के पीछे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि बीमारी की असली वजह क्या थी, यह डॉक्टरों की रिपोर्ट और लैब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि प्रशासन ने मेले में फास्ट फूड बेचने वाले रेहड़ी वालों के ठेले जब्त कर लिए हैं। इसके साथ ही खाने के सामान के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम इस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली सवाल
इस हादसे के बाद से बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर मेले में बिकने वाले खाने पीने के सामान की गुणवत्ता की जांच किसने की थी। क्या खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मेले में लगाए गए फास्ट फूड स्टॉलों की पहले कोई जांच की गई थी? अगर समय रहते इन स्टॉलों की जांच होती, तो शायद इतने सारे मासूम बच्चों की जान खतरे में न पड़ती।