रात हो गई फोन मत चलाओ... नींद टूटने से भड़का पति, नहीं मानी पत्नी तो कर दी हत्या, फिर घरवालों को फोन कर कहा अचानक...
यहां मोबाइल की रोशनी और आवाज से परेशान पति ने पत्नी की हत्या कर दी। पत्नी देर रात तक मोबाइल चला रही थी। इससे पति की नींद बार-बार टूट रही थी। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी की जान ले ली।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के सिवनघाट गांव की है। पुलिस के मुताबिक, गांव में रहने वाले दिनेश राउत की शादी तीन साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी का नाम सुषमा था। सुषमा की उम्र 27 साल थी। दोनों के बीच मोबाइल चलाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार रात यानी 20 नवंबर को भी दोनों के बीच इसी बात पर बहस हुई।
इस दौरान सुषमा बिस्तर पर लेटकर देर रात तक मोबाइल चला रही थी। पास में सो रहे दिनेश की नींद बार-बार टूट रही थी। मोबाइल की रोशनी और आवाज से वह परेशान हो गया था। उसने पत्नी से फोन बंद करने को कहा। लेकिन सुषमा ने फोन चलाना जारी रखा।
थप्पड़ से शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंचा
खबरों के मुताबिक, मोबाइल बंद करने की बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दिनेश ने गुस्से में पत्नी को थप्पड़ मार दिया। इसके जवाब में सुषमा ने भी उसे थप्पड़ मार दिया। पत्नी का थप्पड़ पड़ने से दिनेश अपना आपा खो बैठा। उसने सुषमा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने पत्नी का गला घोंट दिया। इस घटना में सुषमा की मौत हो गई।
गुनाह छिपाने के लिए रची झूठी कहानी
जानकारी के मुताबिक, हत्या के बाद दिनेश घबरा गया था। करीब 10 से 15 मिनट तक सुषमा के शरीर में हलचल नहीं हुई। इसके बाद उसने घटना छिपाने की कोशिश की। दिनेश ने अपने परिजनों को फोन किया। उसने बताया कि सुषमा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच की। जांच के बाद आरोपी पति दिनेश राउत को गिरफ्तार कर लिया गया।
रात में देर तक मोबाइल चलाने के नुकसान
इस घटना ने रात में मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर फिर सवाल उठाए हैं। देर रात तक फोन चलाने से शरीर और दिमाग पर असर पड़ सकता है। इसके कुछ नुकसान इस तरह हैं।
- नींद खराब होना: मोबाइल की स्क्रीन से निकलने वाली नीली रोशनी नींद प्रभावित कर सकती है। इससे नींद आने में देरी हो सकती है। कई बार नींद बीच में टूट भी जाती है।
- आंखों की समस्या: अंधेरे में लगातार स्क्रीन देखने से आंखों पर दबाव पड़ता है। इससे आंखों में थकान, भारीपन और सूखापन महसूस हो सकता है।
- मानसिक तनाव और चिड़चिड़ापन: सोशल मीडिया और वीडियो देखने से दिमाग सक्रिय बना रहता है। इससे अगले दिन सुस्ती और चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है।
- गंभीर बीमारियों का खतरा: लगातार नींद पूरी न होने से शरीर पर असर पड़ता है। लंबे समय तक नींद की कमी ब्लड प्रेशर और मेटाबॉलिज्म से जुड़ी समस्याएं बढ़ा सकती है।
- शारीरिक दर्द: बिस्तर पर झुककर फोन चलाने से गर्दन और पीठ पर दबाव पड़ता है। इससे मांसपेशियों में खिंचाव और अकड़न हो सकती है।