ऊपर मवेशियों का चारा, नीचे करोड़ों का पिटारा! MP के खेत से नोटों की तीन बोरियां लेकर लौटी नागपुर पुलिस
यह रकम नागपुर के व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से लूटे गए 3.74 करोड़ रुपए से जुड़ी है। पुलिस एक आरोपी को अपने साथ लेकर गांव पहुंची थी। उसकी निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई।
कार लूटकर नकदी ले गए थे बदमाश
दरअसल, 18 नवंबर की रात नागपुर के तुलसीनगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी की नकदी से भरी कार लूट ली थी। बदमाशों ने बाद में कार को कामठी रोड के खैरी इलाके में छोड़ दिया और रुपए लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद से ही नागपुर पुलिस बदमाशों और लूटी गई रकम की तलाश कर रही थी। Investigation के दौरान पुलिस को बालाघाट के डोरली गांव में पैसे छिपाए जाने की जानकारी मिली।
चार दिन पहले खेत में छिपाई थी रकम
मंगलवार सुबह क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को लेकर उसके एक परिचित के खेत में पहुंची। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब चार दिन पहले नकदी को तीन बोरियों में भरकर पैरे के ढेर में छिपाया था। पुलिस ने तलाशी के दौरान तीनों बोरियां अपने कब्जे में ले लीं।
ग्राम पंचायत में गिने जा रहे नोट
Cash Recovery के बाद बरामद रकम को ग्राम पंचायत डोरली में रखा गया है। यहां नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम नोटों की गिनती कर रही है। गांव के एक खेत में करोड़ों रुपए मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में भी हलचल मच गई।
अब लूट से जुड़े बाकी सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
नागपुर क्राइम ब्रांच अब वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस पूरे मामले में अन्य आरोपियों की क्या भूमिका रही है। नोटों की गिनती और आगे की जांच के बाद ही पुलिस आधिकारिक खुलासा करेगी।
आपस में रिश्तेदार हैं सभी आरोपी
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कुल छह लोग शामिल हैं। इनमें से दो को पकड़ लिया गया है, जबकि चार अभी फरार हैं। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और इनका संबंध बालाघाट से है। वहीं, डोरली गांव में सुबह से ही करोड़ों रुपए मिलने की चर्चा है। ग्रामीण भी हैरान हैं कि उनके गांव के एक खेत में इतनी बड़ी रकम छिपाकर रखी गई थी। अब पुलिस को बाकी आरोपियों की तलाश है, जिनके पकड़े जाने के बाद मामले से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं।