अंधविश्वास का खौफनाक खेल! शराब छुड़ाने पहुंचे थे 500 लोग, ओझा ने पिला दिया जहरीला जूस, दो की मौत

Amresh Kushwaha | Published:
21 दिन में शराब की लत छुड़ाने का दावा करने वाले ओझा के कथित इलाज के बाद सात लोग बीमार पड़ गए।
Seven people fell ill following an alleged treatment by an ojha who claimed he could cure alcohol addiction in 21 days.
शराब की लत छुड़ाने के लिए कोई इलाज कराने जाए और बदले में उसकी जान पर बन आए, तो इससे बड़ी लापरवाही क्या होगी। दरअसल, मध्यप्रदेश के बैतूल में ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब छुड़ाने का दावा करने वाले एक ओझा ने 7 लोगों को जड़ी-बूटी का घोल पिला दिया।

इसे पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच की हालत गंभीर हो गई। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।



बताया जा रहा है कि ओझा ने 21 दिन में शराब की लत छुड़ाने का दावा किया था। इसके लिए उसने लोगों को तीन गिलास काढ़ा पिलाया और बदले में 100 रुपए लिए। लेकिन इस घोल को पीने के कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।



शराब छोड़ने की उम्मीद में पहुंचे थे 400 से 500 लोग

अस्पताल में भर्ती रामदास ने बताया कि ओझा परते नाम के तांत्रिक ने शराब की लत छुड़ाने का भरोसा दिलाया था। इसी उम्मीद में लोग उसके पास पहुंचे थे।



मृतक संजय के भाई के मुताबिक, उन्हें पता चला था कि पाठाखेड़ा में राजा की बैठक नाम की जगह पर शराब छुड़ाने का इलाज किया जाता है। इसके बाद वे भी वहां पहुंच गए। उस समय करीब 400 से 500 लोग मौजूद थे।



वहां पूजा-पाठ कराया गया और फिर लाल रंग का दवा जैसा घोल पीने के लिए दिया गया। लोगों ने इसे जड़ी-बूटी का काढ़ा समझकर पी लिया। लेकिन घोल पीते ही पेट में तेज जलन होने लगी।



आधे घंटे में चक्कर और उल्टियां शुरू

मृतक के भाई ने बताया कि घोल पीने के करीब आधे घंटे बाद लोगों को चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गईं थी। वे करीब एक घंटे तक वहीं उल्टियां करते रहे। तीन लोगों ने यह घोल पिया था। वापस लौटते समय संजय की हालत बिगड़ने लगी। उसे घबराहट होने लगी और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।



इस घटना के बाद बाकी बीमार लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।



पांच लोगों का अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद पांचों बीमार लोगों को चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा के मुताबिक, मरीजों के शरीर से जहरीले पदार्थ का असर कम करने के लिए स्टमक वॉश किया गया। इसके बाद IV फ्लूड देकर इलाज शुरू किया गया।



हालत गंभीर होने पर सभी पांच मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बैतूल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसडीएम अभिजीत सिंह ने भी CHC पहुंचकर मरीजों का हाल जाना।



पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लोगों को पिलाए गए घोल में आखिर कौन-सा जहरीला पदार्थ था।



तीन महीने में MP में शराब से जुड़े तीन बड़े मामले

बैतूल की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पिछले तीन महीनों में मध्यप्रदेश से जुड़े जहरीली और मिलावटी शराब के कई मामले सामने आ चुके हैं।



अगस्त: गुजरात में 13 लोगों की मौत, आरोपी का MP कनेक्शन

गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले का मुख्य आरोपी उज्जैन से पकड़ा गया था। जांच में सामने आया कि शराब बनाने के लिए मुरैना और राजगढ़ के तस्करों को गुजरात ले जाया गया था। मौके से जब्त शराब पर उज्जैन आबकारी विभाग की सील भी लगी थी।



सितंबर: सागर में 20 से ज्यादा लोगों की जान गई

सागर के बंडा और शाहगढ़ में मिलावटी शराब पीने से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। जांच में पता चला कि गुजरात से जहरीला स्प्रिट लाया गया था। वहीं, उत्तर प्रदेश के ललितपुर से नकली रैपर और बोतलें मंगाई गई थीं। इन्हीं की मदद से नकली 'सागर गोल्ड' शराब बनाकर बेची गई थी।



अक्टूबर: देवास में 13 मजदूरों की मौत का मामला

देवास जिले के दो गांवों में 20 दिनों के भीतर करीब 13 मजदूरों की मौत हुई थी। इनमें से 10 मृतकों के परिवारों ने आरोप लगाया था कि जहरीली शराब पीने से उनकी जान गई। इस मामले में कई लोगों की आंखों की रोशनी जाने की बात भी सामने आई थी।



शराब की लत छुड़ाने के नाम पर जान से खिलवाड़

बैतूल की घटना एक बार फिर बताती है कि नशे की लत से परेशान लोग इलाज की उम्मीद में कितने असुरक्षित हो सकते हैं। शराब छोड़ने की कोशिश कर रहे लोगों को झूठे दावों और बिना जांच-पड़ताल वाले इलाज के जाल में नहीं फंसना चाहिए।



शराब की लत एक स्वास्थ्य समस्या है और इसके लिए डॉक्टर की सलाह से इलाज कराना जरूरी है। किसी ओझा या अनजान व्यक्ति के दिए काढ़े और दवा को आंख बंद करके पीना जानलेवा साबित हो सकता है।

Tags:
  • Poisonous Juice
  • अंधविश्वास का खौफनाक खेल
  • शराब छुड़ाने के नाम पर मौत
  • बैतूल जहरीला काढ़ा कांड
  • शराब छुड़ाने के नाम पर ठगी
  • Betul Poisonous Drink Case