2053 तक का मास्टरप्लान, बेतवा को प्रदूषण से बचाने के लिए MP सरकार का मेगा सीवेज प्लान

Anjali Dwivedi | Jul 07, 2026, 18:44 IST
बेतवा नदी पुनर्जीवन परियोजना
मध्य प्रदेश की लाइफलाइन कही जाने वाली बेतवा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए सरकार ने 27 साल आगे का मास्टरप्लान तैयार किया है। जानें कैसे आधुनिक तकनीक (SCADA) और इंटरसेप्शन सिस्टम से साफ होगी बेतवा नदी।

समझें क्या है पूरा मामला

  • मध्य प्रदेश की बेतवा नदी कभी प्रदेश की लाइफलाइन मानी जाती थी।
  • अब यह नदी अस्तित्व के संकट से जूझ रही है।
  • सरकार ने इसे बचाने के लिए बड़ी योजना शुरू की है।
  • इस बार प्लान सिर्फ आज की समस्या तक सीमित नहीं है।
  • इसमें साल 2053 तक की जरूरतों का हिसाब रखा जा रहा है।

नई सोच के साथ बना प्लान

बेतवा नदी को बचाने का यह प्रोजेक्ट पुराने तरीकों से अलग है। सरकार इस बार सिर्फ मौजूदा हालात नहीं देख रही। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR –Detailed Project Report) में अगले 27 साल का हिसाब जोड़ा जा रहा है। यानी साल 2053 तक शहर कितने बढ़ेंगे, आबादी कितनी होगी और गंदा पानी कितना बढ़ेगा, यह सब पहले से तय किया जा रहा है।



इसका मकसद साफ है। शहर भले बढ़ें, लेकिन नदी में गंदगी नहीं पहुंचनी चाहिए। साथ ही बार-बार नई योजना बनाने पर पैसा भी खर्च न हो। इसलिए सीवर नेटवर्क, पंपिंग स्टेशन और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) पहले से ही बड़ी क्षमता के साथ डिजाइन किए जा रहे हैं।



नदी का सुरक्षा कवच बनेगा नया सिस्टम

इस पूरी योजना का सबसे अहम हिस्सा है इंटरसेप्शन और डायवर्जन सिस्टम। यह नदी के लिए एक तरह का सुरक्षा कवच होगा। बेतवा में मिलने वाले हर छोटे-बड़े नाले की मैपिंग की जाएगी। हर नाले के पानी के बहाव का भी आकलन होगा।



गंदा पानी नदी में मिलने से ठीक पहले उसे रोका जाएगा। इसके लिए खास इंटरसेप्शन स्ट्रक्चर बनाए जाएंगे। रोके गए पानी को पाइपलाइनों के जरिए सीधे ट्रीटमेंट प्लांट तक भेजा जाएगा। जहां ढलान नहीं है, वहां हाई-पावर पंपिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। बारिश में आने वाले अतिरिक्त पानी के लिए अलग बायपास सिस्टम भी तैयार हो रहा है।



मंडीदीप और विदिशा से सबसे ज्यादा खतरा

शुरुआती सर्वे में बेतवा नदी की हालत चिंताजनक मिली है। सबसे ज्यादा नुकसान मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र और विदिशा शहर से हो रहा है। मंडीदीप की फैक्ट्रियों का जहरीला केमिकल और घरेलू सीवेज सीधे नदी में जा रहा है। यहां अभी कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) भी नहीं है।



विदिशा शहर के तीन बड़े नालों का पानी भी बिना सफाई के नदी में बहाया जा रहा है। कोलार जलशोधन संयंत्र का बैकवॉश पानी भी इसमें जुड़ जाता है। इस वजह से नदी के कई हिस्सों में जलकुंभी फैल गई है। पानी में ऑक्सीजन की भारी कमी भी देखी जा रही है।



अब जवाबदेही भी होगी तय

इस बार योजना सिर्फ निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी। जो एजेंसी काम करेगी, उसे अगले 15 साल तक संचालन और रखरखाव (O&M – Operation and Maintenance) की जिम्मेदारी भी उठानी होगी।



पानी की शुद्धता पर चौबीसों घंटे नजर रखने के लिए SCADA (Supervisory Control and Data Acquisition) और ऑनलाइन कंटीन्यूअस एफ्लुएंट मॉनिटरिंग सिस्टम (OCEMS) जैसी तकनीक लगाई जाएगी। इससे कहीं भी गड़बड़ी दिखते ही तुरंत एक्शन लिया जा सकेगा।



सर्वे से लेकर बजट तक सख्त प्रक्रिया

यह पूरी योजना कई वैज्ञानिक चरणों से गुजर रही है। पहले नदी, कैचमेंट एरिया, नालों और मिट्टी का सर्वे हो रहा है। इसके बाद सीवेज की मात्रा देखकर सही तकनीक चुनी जाएगी। फिर इंजीनियरिंग डिजाइन और बजट फाइनल होगा।



बजट सरकार के नवीनतम शेड्यूल ऑफ रेट (SOR) के आधार पर तय हो रहा है। एक सख्त शर्त भी जोड़ी गई है। मंजूरी के बाद अगर लापरवाही से लागत बढ़ती है, तो यह बोझ एजेंसी को खुद उठाना होगा।



चार आधारों पर टिकी है योजना

यह प्रोजेक्ट सिर्फ निर्माण कार्य नहीं है। इसे नदी संरक्षण के दीर्घकालिक मॉडल के तौर पर पेश किया जा रहा है। यह चार आधारों पर टिका है, पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ बजट, प्रशासनिक जवाबदेही और स्थानीय भागीदारी। लक्ष्य यही है कि साल 2053 तक बेतवा का पानी पूरी तरह साफ हो और आम जनता को स्वच्छ जल मिल सके।



ये खबरें भी पढ़ें....



बेतवा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए 10 से 16 मई तक श्रमदान अभियान, जनजागरण बढ़ेगा



7430 करोड़ रुपए लगाकर एमपी में मछली पकड़ेगा कुवैत, एमओयू साइन



टेक्साइल प्रोजेक्ट और सासन पावर पर NGT सख्त, सिंगरौली और नीमच कलेक्टर को नोटिस



रेगुलर टीचर आने पर भी नहीं जाएगी गेस्ट फैकल्टी की नौकरी, HC का बड़ा फैसला



Tags:
  • मध्य प्रदेश
  • विदिशा
  • सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
  • औद्योगिक क्षेत्र
  • गंदा पानी
  • बेतवा नदी