स्वर्गीय भय्यू महाराज के सद्गुरु दत्त धार्मिक ट्रस्ट में बदलाव, बेटी कुहू नहीं, विनायक और पाटिल बाहर

Sanjay Gupta | Published:
स्वर्गीय भय्यू महाराज के निधन के आठ साल बाद सद्गुरु दत्त धार्मिक ट्रस्ट में फिर बदलाव की तैयारी।
Turmoil in Sadguru Datt Trust, daughter Kuhu's name missing again
उदयसिंह देशमुख यानी भय्यू महाराज की मौत के आठ साल बाद उनके सद्गुरु दत्त धार्मिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट में अंदरूनी उठापटक चल रही है। रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट के पास ट्रस्ट में चार सदस्यों को बाहर कर नए सदस्य बनाने का प्रस्ताव गया है। नए नामों में स्वर्गीय भय्यू महाराज की बेटी कुहू का नाम नहीं है।

क्या है पूरा मामला ?

इंदौर के प्रसिद्ध युवा राष्ट्र संत भय्यूजी महाराज ने 12 जून 2018 को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में बाद में सामने आया कि ट्रस्ट से जुड़े व भय्यू महाराज के निजी सचिव रहे विनायक दुधाले और शरद देशमुख के साथ पलक पौराणिक ने उन्हें परेशान किया था। इसमें जिला कोर्ट ने तीनों को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी माना और छह-छह साल की सजा सुनाई। ट्रस्ट को लेकर लंबी उठापटक का दौर चलता रहा। इसमें भय्यूजी महाराज की दूसरी पत्नी डॉ. आयुषी देशमुख ट्रस्ट में शामिल हुईं और अध्यक्ष बनीं। अब फिर ट्रस्ट में बदलाव हो रहा है।



भय्यू महाराज के ट्रस्ट में बड़ा बदलाव

ट्रस्ट ने सदस्य बदलने के लिए भेजा प्रस्ताव

ट्रस्ट ने एक ठहराव प्रस्ताव पास कर चार नए सदस्य बनाने का आवेदन रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट के पास भेजा है। इसमें ट्रस्ट से तुषार पाटिल और कैनेडी गजरा द्वारा इस्तीफा दिए जाने के चलते दो पद रिक्त होने की बात कही गई है। साथ ही कहा गया है कि विनायक दुधाले और रवि मुसुले ट्रस्ट के सदस्य होने के अयोग्य हैं। इसमें विनायक को ट्रस्ट से बर्खास्त किया और रवि को अन्य ट्रस्ट से जुड़े होने के चलते अयोग्य घोषित कर बाहर किया गया है। इनकी जगह पर राजीव पटेल, आशुतोष तिवारी, स्वाति चंद्रवंशी और भाउराव शिराल को नया सदस्य बनाने का प्रस्ताव भेजा गया।



इनके द्वारा भेजा गया प्रस्ताव

यह प्रस्ताव ट्रस्ट की अध्यक्ष आयुषी देशमुख के साथ उपाध्यक्ष प्रदीप सालुंखे पाटिल, अनिल नारायण पाटिल, दिलीपराव देशमुख, प्रशांत बाबूराव देशमुख, भारत भूषण क्षीरसागर और संभाजीराव देशमुख द्वारा भेजा गया।



कुहू का नाम नहीं है

इस प्रस्ताव में भय्यूजी महाराज की पहली पत्नी माधवी से हुई बेटी कुहू का नाम नहीं है। इसके पहले भी उनकी मौत के बाद ट्रस्ट में कुहू को लेने की बात उठी थी, लेकिन भारी विवाद के बीच में कुहू ट्रस्ट में नहीं आईं। इस बार भी उनका नाम प्रस्ताव में नहीं है।



रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट ने नहीं दी मंजूरी

फिलहाल ट्रस्ट में बदलाव को लेकर रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट ने मंजूरी नहीं दी है। दरअसल ट्रस्ट को लेकर यह विवाद उठा है कि यह प्रस्ताव भेजने वालों में आयुषी देशमुख भी हैं, जिन पर पूर्व में ट्रस्ट में लेने के दौरान आरोप लग चुके हैं कि वह भी पुलिस जांच में आरोपित हैं। ऐसे में ट्रस्ट के आवेदन के साथ यह भी जरूरी है कि ऐसा शपथपत्र या लिखित सूचना दी जाए कि आयुषी देशमुख इस मामले में कहीं आरोपित नहीं हैं। तभी उनके द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर विचार कर ट्रस्ट में बदलाव को मंजूरी मिल सकती है। लेकिन अभी ट्रस्ट की ओर से यह पत्र नहीं दिया गया है। इसके चलते ट्रस्ट में बदलाव की फाइल रुक गई है।



आयुषी को ट्रस्ट में लाने पर यह चला था विवाद

ट्रस्ट का गठन साल 1999 में हुआ था। साल 2015 में दिलीप भांडवकर ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद जब भय्यूजी महाराज का निधन हुआ, तब आयुषी को ट्रस्ट सदस्य बनाने के लिए निजी सचिव विनायक दुधाले और कैलाश पाटिल (यह भय्यू महाराज के ड्राइवर थे) ने प्रस्ताव रखा। लेकिन बाद में विनायक ने ही आपत्ति ले ली और कहा कि आयुषी को सदस्य बनाने पर सहमति नहीं है और पुलिस जांच में वह भी आरोपित हैं। लेकिन बाद में सभी ने प्रस्ताव को मंजूर करते हुए आपत्ति को नकारा और नवंबर 2019 में आयुषी को ट्रस्ट में लिया गया।



साजिश का शिकार हुए थे भय्यूजी महाराज

भय्यूजी महाराज ने सिल्वर स्प्रिंग स्थित अपने आवास में 12 जून 2018 को दोपहर दो बजकर 6 मिनट पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। बाद में डायरी में नोट लिखा हुआ मिला कि- मेरी संपत्ति, बैंक खाते, हस्ताक्षर के अधिकार, शक्तियां सभी विनायक को होंगी। क्योंकि मुझे विनायक पर भरोसा है। मैं यह बात बिना किसी दबाव के लिख रहा हूं। मैं बहुत तनावग्रस्त और परेशान होकर जा रहा हूं। बाद में मामले में छह माह बाद खुलासा हुआ कि विनायक और शरद द्वारा महाराज को दबाव में लिया गया था और पलक लगातार महाराज पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी। इनके द्वारा गोलियां भी दी जाती थीं, जिससे महाराज को बाइपोलर डिजीज हुई, जिससे सुसाइडल टेंडेंसी आती है। इसी के चलते उन्होंने सुसाइड कर लिया था।



पलक करना चाहती थी शादी

पहली पत्नी माधवी की मौत के बाद भय्यूजी महाराज आयुषी के संपर्क में आए थे। लेकिन पलक लगातार महाराज पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। इस पूरी साजिश में विनायक और शरद ने पलक का साथ दिया। लेकिन महाराज ने जनवरी 2017 में आयुषी से कोर्ट मैरिज और फिर 30 अप्रैल 2017 को शादी कर ली। इसके बाद से ही उन पर दबाव और बढ़ गया। आखिरकार 12 जून 2018 को उन्होंने दबाव में सुसाइड कर लिया। लेकिन तब सभी ने यह बात छिपा ली, लेकिन ड्राइवर कैलाश पाटिल ने इन पर बयान देना शुरू किया। जिसके बाद पुलिस ने फिर जांच की और जनवरी 2019 में पलक, विनायक, देशमुख को आरोपी बनाकर जिला कोर्ट में चालान पेश किया। इसमें साल 2022 में केस का फैसला आया और तीनों को 6-6 साल की सजा सुनाई गई।



क्या बोल रही हैं आयुषी देशमुख?

इस मामले में द सूत्र ने आयुषी देशमुख से सीधी बात की। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट में बदलाव का प्रस्ताव भेजा है। मैं तो खुद इस मामले में पीड़ित हूं और मेरे पति चले गए। इस केस में जो तीन आरोपी थे, उन पर आरोप भी सिद्ध हो गए और जेल में सजा भी भुगत चुके हैं। हमारे परिवार में संपत्ति को लेकर अच्छे माहौल में पहले ही बंटवारा हो चुका है और कोई विवाद नहीं है। विनायक और आरोपियों ने जो अलग से संपत्ति छिपाई थी, वह उसके मजे ले रहे हैं और पीड़ा हम लोग भुगत रहे हैं। मैंने उनकी सजा बढ़ाने के लिए भी हाईकोर्ट में केस किया हुआ है, लेकिन अभी कुछ नहीं हुआ है।

Tags:
  • भय्यू महाराज ट्रस्ट
  • सद्गुरु दत्त धार्मिक ट्रस्ट
  • भय्यू महाराज ट्रस्ट विवाद
  • आयुषी देशमुख
  • भय्यू महाराज बेटी कुहू
  • रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट इंदौर
  • भय्यू महाराज आत्महत्या केस
  • इंदौर ट्रस्ट विवाद
  • Bhaiyyu Maharaj trust
  • Bhaiyyu Maharaj suicide case