कार्यालय का एसी घर ले गई नगर पालिका अध्यक्ष, CMO भड़के, कहा- तुरंत वापस करो
समझें क्या है पूरा मामला...
- गोहद नगर पालिका के सीएमओ और अध्यक्ष के बीच AC को लेकर झगड़ा शुरू हो गया है।
- सीएमओ का कहना है कि अध्यक्ष ने बिना अनुमति के कार्यालय का एसी अपने घर पर लगवा लिया है।
- सीएमओ ने नगर पालिका अध्यक्ष को नोटिस भेजकर तुरंत एसी वापस करने को कहा है।
- अध्यक्ष का आरोप है कि सीएमओ खुद लग्जरी ऑफिस में बैठते हैं, लेकिन उनके चेंबर में कुर्सी तक नहीं है।
- अध्यक्ष का कहना है कि सीएमओ जानबूझकर मनमानी और भेदभाव कर रहे हैं।
AC को लेकर भिड़े अध्यक्ष और सीएमओ
मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां की गोहद नगर पालिका में एक AC को लेकर बहस छिड़ गई है।
यह पूरी तनातनी नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) महेश जाटव और नगर पालिका अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर के बीच चल रही है।
CMO ने अध्यक्ष को थमाया नोटिस
सीएमओ महेश जाटव ने नगर पालिका अध्यक्ष मंजू माहौर को एक नोटिस जारी कर दिया। इस नोटिस में सीएमओ ने अध्यक्ष को सीधे निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालय का एसी तुरंत वापस करें।
नोटिस में अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सीएमओ का कहना है कि अध्यक्ष ने बिना किसी अनुमति और जानकारी के नगर पालिका का एसी उठवाया।
साथ ही AC को अपने घर पर लगवा दिया। सीएमओ ने लिखा कि इस हरकत से कार्यालय की गरिमा धूमिल हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि एसी नहीं लौटाया तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष मंजू माहौर का पलटवार
जब यह नोटिस नगर पालिका अध्यक्ष मंजू माहौर के पास पहुंचा तो वे भी चुप नहीं बैठीं। उन्होंने सीएमओ महेश जाटव पर जमकर निशाना साधा।
अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नगर पालिका कार्यालय में उनके खुद के बैठने तक की कोई अच्छी व्यवस्था नहीं की गई है।
अध्यक्ष मंजू माहौर ने कहा कि मेरे चेंबर में न तो बैठने के लिए ठीक से कुर्सी है। न ही दूसरी जरूरी सुविधाएं दी गई हैं। दूसरी तरफ सीएमओ साहब ने अपने कार्यालय को पूरी तरह सुविधायुक्त और लग्जरी बना रखा है। जहां सारी सुख-सुविधाएं मौजूद हैं।
स्टोर रूम में कबाड़ पड़ा था एसी
अध्यक्ष मंजू माहौर ने एसी को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी सफाई भी दी। उन्होंने बताया कि जिस एसी को लेकर इतना बड़ा बवाल खड़ा किया जा रहा है, वह बहुत लंबे समय से नगर पालिका के स्टोर रूम में खराब हालत में कबाड़ की तरह पड़ा हुआ था।
मंजू माहौर ने उस खराब एसी को अपने खर्चे से सही कराया और फिर अपने निवास पर बने कार्यालय में लगवा लिया। अध्यक्ष ने आगे कहा कि अगर सीएमओ महेश जाटव को एसी चाहिए था, तो वे सीधे बोल देते, मैं तुरंत लौटा देती। नोटिस भेजकर जानबूझकर इस बात का बतंगड़ बनाया गया है। साथ ही अनावश्यक विवाद खड़ा किया गया है।
राजनीतिक भेदभाव और अधिकारों की जंग
इस पूरे मामले में अब राजनीति भी एंट्री ले चुकी है। अध्यक्ष मंजू माहौर ने सीएमओ पर भेदभाव और मनमानी करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस मामले से सीधा राजनीतिक कनेक्शन जोड़ा।
मंजू माहौर ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार नहीं है, बस इसी वजह से सीएमओ अपनी मनमानी पर उतारू हैं।
दूसरी तरफ सीएमओ महेश जाटव अपनी बात पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि एसी नगर पालिका की सरकारी संपत्ति है। उसे हर हाल में वापस लिया जाएगा।
ये खबरें भी पढ़िए...
साधना से निकले तो कॉकरोच जनता पार्टी बन गई, धीरेंद्र शास्त्री का बयान, कहा- बेरोजगारी बढ़ रही
मध्यप्रदेश न्यूज: मानव अधिकार की धज्जियां उड़ा रहे ये जिले, जनसुनवाई में सामने आई कई कहानियां
पुलिस की खुली पोल, जिस लड़की को मृत मानकर पिता-भाई को भेजा जेल, वो प्रेमी के साथ आई वापस
एमपी न्यूज: हर एक व्यक्ति कर्जदार, सभी पर 50 हजार से ज्यादा का उधार, जानें कैसे