लिव-इन पार्टनर की हत्या कर नदी में बहाई लाश, पुलिस को गुमराह करने खुद ही लापता होने के छपवाए पर्चे

Aman Vaishnav | Oct 15, 2026, 11:26 IST
भिंड में लिव-इन पार्टनर की हत्या मामले में पुलिस जांच और सर्च ऑपरेशन
Bhind live-in partner murder case: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक दिल दहला देने वाला अपराध का मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा शख्स ने अपनी ही लिव-इन पार्टनर की जान ले ली। इतना ही नहीं मामले को भटकाने के लिए खुद ही थाने जाकर गुमशुदगी की झूठी कहानी गढ़ दी। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो इस खौफनाक हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ गई।

भिंड लिव-इन पार्टनर मर्डर केस

बता दें कि भिंड का रहने वाला सत्यप्रकाश उर्फ बादशाह जाटव पहले से शादीशुदा था। उसकी अपनी कोई संतान नहीं थी। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात बिहार की रहने वाली स्नेहलता से हुई, जो पेशे से एक नर्सिंग ऑफिसर थी। धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए और साथ रहने लगे। इस प्रेम प्रसंग और रिश्ते के दौरान दोनों का एक बेटा भी हुआ।



पत्नी से विवाद और बच्चे को लेकर बड़ा फैसला

सत्यप्रकाश के इस रिश्ते की वजह से उसकी कानूनी पत्नी के साथ लगातार विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक कलह के बीच सत्यप्रकाश ने एक सोची-समझी आपराधिक साजिश तैयार की। उसने सबसे पहले 8 अक्टूबर को अपने बेटे को चुपचाप ले जाकर अपनी पत्नी को सौंप दिया, ताकि बच्चे को लेकर कोई अड़चन न रहे।



कानपुर घुमाने के बहाने ले जाकर रास्ते में कत्ल

बच्चे को पत्नी के पास छोड़ने के बाद आरोपी ने स्नेहलता को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था। वह स्नेहलता को कानपुर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इस साजिश में उसने एक एंबुलेंस ड्राइवर राजवीर खन्ना और अपने एक अन्य साथी को भी शामिल किया।



योजना के तहत तीनों ने रास्ते में ही स्नेहलता की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने मृतका के शव को उत्तर प्रदेश के पचनदा इलाके में नदी में फेंक दिया।



पर्चा छपवाकर थाने पहुंचा आरोपी

कत्ल करने के बाद आरोपी ने खुद को बेकसूर दिखाने का पूरा नाटक रचा। उसने लोगों को गुमराह करने के लिए लापता होने के पर्चे भी छपवाए। इतना ही नहीं, वह सीधे सिटी कोतवाली थाने पहुंचा। इसके बाद स्नेहलता के लापता होने का एक लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी दर्ज करा दी।



पुलिस जांच और कबूलनामा

जब पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ तो पुलिस अधिकारियों ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं पाया। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस की टीम अब पचनदा नदी में शव की बरामदगी के लिए गहन तलाशी अभियान चला रही है।



टीआई सिटी कोतवाली मुकेश शाक्य ने बताया कि लापता युवती की हत्या करने की जानकारी सामने आई है। उसके शव को तलाश किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।



यह खबर क्यों जरूरी है?

यह खबर इसलिए जरूरी है, क्योंकि यह लिव-इन रिलेशनशिप (Murder of live-in partner) में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और भरोसे से जुड़े गंभीर सवाल उठाती है। मामले में आरोपी पर अपनी पार्टनर की हत्या करने और पुलिस को गुमराह करने का आरोप है।



यह घटना बताती है कि आपसी विवाद किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। साथ ही मामले की जानकारी लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति को गंभीरता से लेने के प्रति जागरूक करती है।



Tags:
  • भिंड लिव-इन पार्टनर मर्डर केस
  • लिव-इन पार्टनर मर्डर केस
  • लिव-इन पार्टनर
  • भिंड लिव-इन पार्टनर की हत्या
  • Bhind live-in partner murder case
  • Murder of live-in partner
  • लिव-इन रिलेशनशिप