पूर्व मंत्री के घर दिनदहाड़े चोरी, स्पेशल DG का मकान सामने, सोती रही VIP सुरक्षा
समझें क्या है पूरा मामला...
- भोपाल के वीआईपी इलाके चार इमली में चोरी हुई है।
- चोरों ने पूर्व मं।त्री अजय विश्नोई के सरकारी बंगले के ताले तोड़े।
- रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे यह वारदात हुई।
- चार दिन के भीतर इस इलाके में यह दूसरी चोरी है।
बता दें कि राजधानी भोपाल का चार इमली इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अफसरों के सरकारी बंगले हैं।
इसके बावजूद यह इलाका चोरों से सुरक्षित नहीं रह पाया। रविवार को हुई चोरी ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई (BJP MLA अजय विश्नोई) का सरकारी बंगला फिलहाल ज्यादातर समय सूना रहता है। जानकारी के अनुसार विधायक महीने में सिर्फ तीन-चार दिन ही यहां आते हैं। बाकी दिनों बंगला खाली पड़ा रहता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पिछले हिस्से से घुसे चोर
जानकारी के अनुसार बदमाश बंगले के पिछले हिस्से से अंदर घुसे। जिन दरवाजों के ताले नहीं टूट सके, वहां चोरों ने कुंदे उखाड़ दिए। इस तरह वे आसानी से अंदर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने बंगले से नल की टोटियां और अन्य सामान चुरा लिया।
यह पूरी वारदात दिन के उजाले में हुई। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे चोरों ने यह काम किया। इतने संवेदनशील इलाके में भी आसपास किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे इलाके में तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
खास बात यह है कि पूर्व मंत्री का यह बंगला स्पेशल डीजी अजय शर्मा के बंगले के ठीक सामने स्थित है। इतने वरिष्ठ अधिकारी के घर के सामने से चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
अफसर के घर भी हुई चोरी
बता दें कि यह इस इलाके में हाल की पहली घटना नहीं है। इससे तीन-चार दिन पहले भी चार इमली इलाके में चोरी हुई थी। उस वारदात में एक अधिकारी का सूना मकान निशाना बना था। यानी चार दिन के भीतर यह इस इलाके की दूसरी बड़ी चोरी है।
घटना की जानकारी मिलते ही अजय विश्नोई ने इसकी सूचना विधानसभा को दी। इसके बाद हबीबगंज थाने में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।
मोबाइल लूट की भी घटना
इस इलाके में पहले भी बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। 23 सितंबर 2025 को यहीं से आईजी इंटेल डॉ. आशीष का मोबाइल फोन लूटा गया था। वे डिनर के बाद पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश आए और झपटा मारकर उनके दो मोबाइल फोन छीन ले गए।
हालांकि उस मामले में पुलिस ने करीब दो दिन बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इतने कम समय में इस इलाके में दोबारा वारदात होना चिंता का विषय है। यह घटनाएं बताती हैं कि वीआईपी सुरक्षा वाला यह इलाका भी अपराधियों के निशाने पर है।
ये खबरें भी पढ़िए...
मध्यप्रदेश न्यूज: लग्जरी लाइफ देख दोस्त को किया किडनैप, कट्टे से धमकाकर मांगे 10 लाख
महिला यूट्यूबर के घर लाखों की चोरी, सोशल मीडिया पर दिखाती थी लग्जरी लाइफ
नरवर किले से सिंधिया काल की तोप चोरी, सोता रहा विभाग, 12 दिन पहले भी हुई थी कोशिश
इंदौर में अनूठा चोर, केवल बोहरा समाज के घरों में ही करता है चोरी, कारण भी अनूठा