भोपाल कलेक्टर के खिलाफ हाईकोर्ट ने फिर जारी किया जमानती वारंट, 500 रुपए के बाद अब 5 हजार की कार्रवाई
500 रुपए के वारंट के बाद अब 5 हजार की कार्रवाई
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 तय की है। खास बात यह है कि इससे पहले भी इसी मामले में तत्कालीन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 500 रुपए का जमानती वारंट जारी किया गया था। इसके बावजूद कोर्ट में कलेक्टर की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ। आपको बता दें कि पिछले आदेश में तत्कालीन भोपाल कलेक्टर आईएएस कौशलेंद्र विक्रम सिंह का नाम लिखा हुआ था। हालांकि, अब कोर्ट में वर्तमान कलेक्टर IAS प्रियंक मिश्रा को पेश होना होगा।
आखिर क्या है पूरा मामला, क्यों पहुंचा हाईकोर्ट?
यह मामला अलका वाईकर एवं अन्य की याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं की शिकायत थी कि सड़क निर्माण के लिए निर्धारित 80 वर्ग फुट भूमि से अधिक अतिरिक्त जमीन का इस्तेमाल किया गया है। इस जमीन के अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर विवाद हाईकोर्ट पहुंचा था। हाईकोर्ट ने मूल रिट याचिका में कलेक्टर को निर्देश दिए थे कि अर्जित की गई पूरी जमीन के संबंध में मुआवजा देने के मुद्दे पर दोबारा विचार किया जाए। यानी विवाद सिर्फ 80 वर्ग फुट सड़क के लिए ली गई जमीन तक सीमित नहीं था, बल्कि उससे अधिक इस्तेमाल की गई जमीन का मुआवजा भी इस मामले का प्रमुख मुद्दा था।
11 सितंबर को भी कोर्ट ने जारी किया था 500 रुपए का वारंट
11 सितंबर 2026 को जस्टिस विवेक जैन की कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान पाया था कि अनुपालन रिपोर्ट में केवल 80 वर्ग फुट चौड़ी सड़क की सीमा तक अर्जित जमीन के मुआवजे की जानकारी दी गई है। लेकिन सड़क निर्माण में 80 फुट से अधिक अतिरिक्त जमीन के इस्तेमाल की शिकायत पर कोई विचार नहीं किया गया। कोर्ट ने यह भी पाया कि कलेक्टर भोपाल ने याचिकाकर्ताओं के अभ्यावेदन पर कोई आदेश पारित नहीं किया था। तत्कालीन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने 17 सितंबर 2024 का शपथपत्र दाखिल किया था, लेकिन कोर्ट के अनुसार उसमें भी जरूरी जानकारियां पूरी नहीं थीं।
कलेक्टर की अनुपस्थिति पर कोर्ट ने अपनाया सख्त रुख
11 सितंबर के आदेश में कोर्ट ने पाया था कि कलेक्टर की ओर से न तो कोई उपस्थित हुआ और न ही उनके द्वारा पारित कोई आदेश रिकॉर्ड पर पेश किया गया। इसके बाद कोर्ट ने तत्कालीन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 500 रुपए का जमानती वारंट जारी किया था। लेकिन 28 नवंबर को हुई अगली सुनवाई में भी कलेक्टर की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ। याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता प्रतीक जैन ने कोर्ट को पिछले आदेश और उसके अनुपालन की स्थिति से अवगत कराया।
पुराने आदेश का पालन नहीं होने पर बढ़ी वारंट की राशि
जस्टिस दीपक खोत की कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि 11 सितंबर के आदेश के बावजूद प्रतिवादी क्रमांक 1 यानी कलेक्टर की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ है। इसके बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय कलेक्टर, भोपाल के वर्तमान पदधारी के खिलाफ 5 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी करने का निर्देश दिया। मामले में प्रतिवादी क्रमांक 1 से 3 और 5 की ओर से कोई उपस्थित नहीं था। अब यह मामला 16 दिसंबर 2026 को फिर सुनवाई के लिए आएगा। इस सुनवाई में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कोर्ट के नए आदेश के बाद भोपाल के वर्तमान कलेक्टर IAS प्रियंक मिश्रा की उपस्थिति सुनिश्चित होती है या नहीं और जमीन के मुआवजे से जुड़ी मूल शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है।