मीटिंग से गायब रहना एएचओ को पड़ा महंगा: निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने पद से हटाया
News In Short
- कमिश्नर संस्कृति जैन ने लापरवाही पर एएचओ रविकांत को पद से हटाया दिया है।
- एएचओ को जोन से हटाकर अब निगम मुख्यालय अटैच किया गया है।
- मीटिंग में देरी से आने पर अन्य दो एएचओ को सजा भी दी गई है।
- बीएमसी मॉनिटर ऐप नहीं खोलने पर कमिश्नर ने सख्त नाराजगी जताई है।
- कचरा सेग्रीगेशन और समय को लेकर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी भी मिली है।
News In Detail
सरकारी दफ्तरों में साहब का वक्त पर न मिलना कोई नई बात नहीं है। कभी मीटिंग से गायब रहना तो कभी घंटों देरी से आना, यह सिस्टम का हिस्सा बन चुका है। अक्सर इन पर डांट पड़ती है या फाइल रुकती है। वहीं, भोपाल में नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने अनुशासन सिखाने का एक बिल्कुल नया और दिलचस्प तरीका निकाला है।
नगर निगम ऑफिस में छाया सन्नाटा
नगर निगम ऑफिस में उस वक्त सन्नाटा छा गया, जब कमिश्नर आईएएस संस्कृति जैन ने बीएमसी मॉनिटर ऐप की स्थिति के बारे में सवाल पूछा। संस्कृति जैन ने पूछा कि जोन-1 ने तो ऐप खोला ही नहीं। एएचओ कहां हैं? यह सुनते ही कमरे में खामोशी फैल गई।
सभी की नजरें जोन-1 के एएचओ रविकांत औदिच्य को ढूंढ रही थीं, लेकिन वे कहीं नजर नहीं आए। उनके न होने पर कमिश्नर ने उन्हें तत्काल जोन से हटा कर मुख्यालय अटैच करने के आदेश दे दिए।
चाय पिलाने की सजा
औदिच्य मीटिंग में लगभग डेढ़ घंटे देर से पहुंचे थे। तब तक तो कमिश्नर के आदेश पहले ही जारी हो चुके थे। देर से आने पर कमिश्नर ने अन्य दो एएचओ पर भी नाराजगी जताई। सजा के तौर पर दोनों को कमिश्नर ने जेब से चाय पिलाने का आदेश दे दिया।
एएचओ और वार्ड प्रभारियों का कारनामा
जब कमिश्नर ने बीएमसी (BMC) मॉनिटर ऐप की समीक्षा की तो हैरान कर देने वाली बात सामने आई। जोन-1 के एएचओ और वार्ड प्रभारियों ने तो ऐप खोलना तक जरूरी नहीं समझा। जबकि इसी ऐप के जरिए पूरे शहर में कचरे की निगरानी की जाती है।
कमिश्नर संस्कृति जैन की चेतावनी
भोपाल नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी हालत में मिक्स कचरा नहीं आना चाहिए। सभी छह तरह के कचरे का अलग-अलग सेग्रीगेशन जरूरी रहेगा।
तीसरी फेरी में भी कचरा कलेक्शन कम नहीं होना चाहिए। ड्यूटी का समय फिर से सुबह 06 बजे कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत आती है तो कार्रवाई होगी।
कमिश्नर ने शहर के कचरे में आग लगाते हुए कुछ फोटो भी दिखाईं और चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों पर स्पॉट फाइन लगाया जाएगा।
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी न्यूज: कचरा प्रोसेसिंग के लिए नया नियम ; ज्यादा कचरे पर देना होगा नगर निगम कर
सिंगरौली नगर निगम बैकफुट पर, विधायक को आवंटित भूखंड लिया वापस
किसान से रेंजर मांगे थे एक लाख रुपए, लोकायुक्त ने 50 हजार रुपए लेते पकड़ा, जानें मामला
मध्यप्रदेश न्यूज: कमिश्नर संस्कृति जैन को हाईकोर्ट से राहत, सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में मर्लिन बिल्डकॉन