भोपाल में 26 नवंबर को कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च राहुल गांधी हो सकते हैं शामिल
मार्च में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब भोपाल में जुटेंगे कार्यकर्ता
कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे पर वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान शुरू किया है। इसके तहत 25 और 26 नवंबर को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन होना था। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इसके लिए विधानसभा क्षेत्रवार बसों की व्यवस्था शुरू कर दी थी। हर विधानसभा क्षेत्र से कम से कम दो बसें दिल्ली भेजने का लक्ष्य रखा गया था। भोपाल में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया था। योजना के अनुसार, 25 नवंबर को ग्वालियर में तैयारियों की समीक्षा के बाद कार्यकर्ताओं को दिल्ली रवाना होना था। लेकिन 15 नवंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दी। नए निर्देशों के मुताबिक, दिल्ली चलो कार्यक्रम अगली तारीख तक स्थगित कर दिया गया है।
आंबेडकर या गांधी की प्रतिमा से शुरू होगा मार्च
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश के अनुसार, 26 नवंबर को होने वाला संविधान रक्षा मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की किसी प्रमुख प्रतिमा से शुरू किया जाएगा। कार्यकर्ता पहले संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे और संविधान की रक्षा की शपथ लेंगे। फिर मार्च किसी अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक जाएगा। भोपाल में होने वाले कार्यक्रम के लिए जिला कांग्रेस कमेटियों, पार्टी के अग्रिम संगठनों और अलग-अलग विभागों को लोगों को जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।
हर बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त करेगी कांग्रेस
संविधान रक्षा मार्च के साथ कांग्रेस ने मतदाता सूची की जांच के लिए वोट रक्षक अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत हर बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। ये कार्यकर्ता मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नामों की जांच करेंगे और नाम हटने की वजह से जुड़े तथ्यों का पता लगाएंगे। इस Verification Process के लिए 22 से 30 नवंबर तक का समय तय किया गया है। वोट रक्षक संबंधित मतदाताओं से मिलेंगे और हर दिन जांच से जुड़ी जानकारी पार्टी के पोर्टल पर अपलोड करेंगे। मंडल अध्यक्ष रोजाना इस काम की निगरानी करेंगे। वे देखेंगे कि कितने बूथों पर जांच हुई, कितने नामों का सत्यापन हुआ और कितने लोगों के बयान दर्ज किए गए। जहां काम धीमा होगा, वहां मंडल अध्यक्ष खुद पहुंचकर स्थिति देखेंगे। जरूरत पड़ने पर निष्क्रिय वोट रक्षकों को बदलने के निर्देश भी दिए गए हैं।
29 नवंबर से गांवों में लगेंगी चौपालें
मतदाता सूची की जांच से मिली जानकारी के आधार पर कांग्रेस 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों में 'वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल' आयोजित करेगी। इन चौपालों में मतदाता सूची से हटाए गए लोगों, बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों को बुलाया जाएगा। बैठकें सामान्य चारपाई बैठक के रूप में होंगी, ताकि स्थानीय लोग अपनी बात रख सकें। कांग्रेस ने इन चौपालों को मंडल स्तर तक आयोजित करने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी व्यक्तिगत रूप से कई चौपालों में शामिल होंगे।
हर दिन AICC को भेजी जाएगी रिपोर्ट
वोट रक्षक अभियान की निगरानी के लिए कांग्रेस ने Daily Reporting की व्यवस्था बनाई है। मंडल अध्यक्ष हर शाम अपने क्षेत्र की जानकारी ब्लॉक अध्यक्ष और जिला कांग्रेस कमेटी को भेजेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी इन रिपोर्टों को एकत्रित कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी तक पहुंचाएगी।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरे राज्य की रिपोर्ट AICC के राष्ट्रीय वॉर रूम को भेजेगी। रिपोर्ट में यह जानकारी होगी कि कितने बूथों पर सत्यापन हुआ, कितने मतदाताओं के नामों की जांच की गई और कितने लोगों के बयान लिए गए।
15 दिसंबर तक बढ़ाया गया पर्यवेक्षकों का कार्यकाल
AICC ने अभियान की निगरानी के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों का कार्यकाल 15 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। पर्यवेक्षक जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकों में शामिल होंगे और अभियान की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उन्हें मंडलवार चौपालों का कैलेंडर तैयार कराने और हर चौपाल के लिए जिम्मेदार नेता तय करने को कहा गया है। इसके अलावा, हर सोमवार साप्ताहिक रिपोर्ट भेजने की व्यवस्था जारी रहेगी। अभियान के तीसरे चरण यानी चरण-III की समीक्षा रिपोर्ट 18 दिसंबर तक जमा करनी होगी।
हर कार्यक्रम के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के निर्देश
कांग्रेस ने अपने सभी कार्यक्रमों की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने के निर्देश भी दिए हैं। जिला स्तर की बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, बूथ सत्यापन, संविधान रक्षा मार्च और गांवों की चौपालों के फोटो-वीडियो उसी दिन Social Media पर पोस्ट किए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ पार्टी नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल होगा। पार्टी आम नागरिकों को भी वोट रक्षक अभियान से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।