भोपाल में इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत, अब नॉर्मल किराए में मिलेगा प्रीमियम सफर
राजधानी भोपाल में अब लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट में AC ई-बसों की सुविधा भी मिलने लगी है। टिकटिंग सिस्टम की टेस्टिंग और ट्रायल रन पूरा होने के बाद गुरुवार, 30 जुलाई से ये बसें यात्रियों के लिए सड़क पर उतर गई हैं।
फिलहाल 3 रूट पर 10 AC ई-बसें चलाई जा रही हैं। अच्छी बात यह है कि इनका किराया सामान्य लाल सिटी बसों जितना ही रखा गया है। यानी AC बस में सफर करने के लिए अलग से पैसे नहीं देने होंगे। न्यूनतम किराया 6-7 रुपए और अधिकतम 40 रुपए है।
किन रूटों पर चल रही हैं बसें?
अभी ई-बसें इन रूटों पर चल रही हैं...
- चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन होते हुए बैरागढ़-चिचली तक।
- चिरायु हॉस्पिटल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन।
- डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन से कोच फैक्ट्री तक।
इसके अलावा कोलार से एमपी नगर के बीच भी 3 बसें चलाई जा रही हैं।
पुराने बस स्टॉप पर ही रुकेंगी
नई ई-बसें शहर के उन्हीं बस स्टॉप पर रुक रही हैं, जहां पहले सिटी बसें रुकती थीं। इसलिए यात्रियों को कोई नई जगह ढूंढने की जरूरत नहीं होगी। फिलहाल बसों का तय टाइम-टेबल जारी नहीं किया गया है।
15 अगस्त के बाद सभी 30 बसें चलेंगी
अभी भोपाल में 30 ई-बसें पहुंच चुकी हैं। पहले चरण में 10 बसें शुरू की गई हैं। जल्द ही 10 और बसें सड़कों पर उतरेंगी। 15 अगस्त को प्रदेश स्तर पर इन बसों का लोकार्पण होगा। इसके बाद सभी 30 बसें नियमित रूप से चलने लगेंगी।
ई-बसों की खास बातें
- पूरी तरह एयर कंडीशंड बसें।
- दिव्यांग यात्रियों के लिए हाइड्रोलिक डोर की सुविधा।
- व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल के लिए अलग जगह।
- एक साथ दो व्हीलचेयर खड़ी की जा सकती हैं।
- पहली बार भोपाल की बसों में ऐसी सुविधा दी गई है।
ट्रैफिक में भी रहेंगी बेहतर
नई इलेक्ट्रिक बसों की लंबाई करीब 9 मीटर है, जबकि पुरानी सिटी बसें करीब 12 मीटर लंबी थीं। छोटी होने की वजह से ये बसें तंग सड़कों और ट्रैफिक में आसानी से निकल सकेंगी।
किस समय चलेंगी बसें?
फिलहाल बसों का संचालन दो शिफ्ट में किया जा रहा है।
- सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक।
- दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक।
आगे क्या तैयारी है?
नगर निगम के मुताबिक, अगले 10 से 12 दिनों में 20 और ई-बसें भोपाल पहुंचने की उम्मीद है। बैरागढ़ डिपो में इनके लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन भी तैयार कर लिया गया है, जहां 11 चार्जिंग पॉइंट लगाए गए हैं। इससे बसों के नियमित संचालन में कोई परेशानी नहीं होगी।
ये खबरें भी पढ़िए।
एमपी में शुरु होगी पीएम ई-बस सेवा, यात्रियों को सस्ते में मिलेगी लग्जरी सुविधाएं
दूसरे राज्यों से भी सस्ता होगा एमपी सुगम बस सेवा का सफर, 400 रुपए तक की होगी बचत
एमपी में चलेंगी 5 हजार से ज्यादा बसें, जुलाई से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना
एमपी की सड़कों पर नहीं दिखेंगी 15 साल पुरानी बसें, हाईकोर्ट ने ऑपरेटरों की उम्मीदों पर फेरा पानी