सावधान भोपाल! घर के बिजली कनेक्शन पर चला रहे हैं पार्लर या कोचिंग तो बढ़ सकती है मुश्किलें, 1 दिसंबर से 27 टीमें करेंगी जांच
कंपनी न सिर्फ आपसे पुराना अंतर वसूलेगी, बल्कि आप पर भारी पेनल्टी भी लगाई जाएगी।
आइए जानते हैं कि यह पूरा मामला क्या है किस पर कार्रवाई होगी और आप इस भारी भरकम जुर्माने से कैसे बच सकते हैं।
1 दिसंबर से शुरू हो रही जांच
जानकारी के अनुसार भोपाल शहर में 5 लाख से ज्यादा घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं। बिजली कंपनी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई लोग घरेलू दरों पर बिजली लेकर उसका इस्तेमाल व्यावसायिक कामों के लिए कर रहे हैं।
इसे रोकने के लिए बिजली कंपनी ने कमर कस ली है। कंपनी के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि 1 दिसंबर से पूरे शहर में घरेलू बिजली कनेक्शनों की जांच शुरू की जा रही है। इसके लिए विशेष रूप से 27 टीमें बनाई गई हैं। यह टीम घर घर जाकर कनेक्शन और उसके इस्तेमाल की जांच करेंगी।
क्या सच में घर के एक कमरे में काम करने पर भी अलग कनेक्शन लेना होगा?
हां यह बिल्कुल सच है। आप अपने घर के किसी एक कमरे या छोटे से हिस्से में भी कोई व्यावसायिक गतिविधि चला रहे हैं तो आपको उसके लिए अलग से व्यावसायिक बिजली कनेक्शन लेना ही होगा। आप घरेलू कनेक्शन पर यह काम नहीं कर सकते।
दरों में कितना अंतर है?
आपको बता दें कि घरेलू और व्यावसायिक बिजली की दरों में करीब 3 रुपए प्रति यूनिट का बड़ा अंतर होता है। इसी वजह से लोग घरेलू कनेक्शन पर ही धंधा चलाने की कोशिश करते हैं, जो कि नियमों के खिलाफ है।
पकड़े जाने पर क्या कार्रवाई होगी?
जांच टीम को आपके घर पर घरेलू कनेक्शन पर व्यवसाय चलता हुआ मिला तो कार्रवाई बहुत सख्त होगी...
पुराने बिलों से वसूली: जिस तारीख से आप आप काम कर रहे हैं तब से लेकर अब तक के घरेलू और व्यावसायिक दरों के अंतर की पूरी राशि आपसे वसूली जाएगी।
दोगुनी पेनल्टी: घरेलू कनेक्शन के व्यावसायिक इस्तेमाल पर बिजली अधिनियम की धारा के तहत दोगुनी टैरिफ दर से आकलन किया जाएगा। पेनल्टी लगाई जाएगी। पेनल्टी की सही राशि जांच के समय ही तय होगी।
उपकरणों की जांच: टीमें आपके घर में स्वीकृत लोड और वास्तविक लोड का मिलान करेंगी। अगर तय लोड से ज्यादा क्षमता के उपकरण चलते मिले तो भी कार्रवाई होगी।
राहत की बात: आप घर से बैठकर (Work from Home / Online Work) करते हैं तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। वहीं अगर आपने बकायदा ऑफिस सेटअप किया है, तो व्यावसायिक कनेक्शन लेना होगा।
जुर्माने और कार्रवाई से कैसे बचें?
इस बड़ी कार्रवाई और भारी भरकम पेनल्टी से बचने के लिए आप अपने कनेक्शन की श्रेणी बदलवा लें या लोड बढ़वा लें।
ऐसे करें आवेदन...
आप अपने नजदीकी जोन कार्यालय में जाकर इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
आप घर बैठे काम करना चाहते हैं, तो बिजली कंपनी की अधिकृत ऑनलाइन सेवा के जरिए भी श्रेणी परिवर्तन या लोड बढ़ाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके लिए लगने वाला शुल्क आपके लोड और काम के अनुसार तय किया जाएगा।
उपभोक्ता के अधिकार: आपको लगता है कि कार्रवाई गलत हुई है तो बिजली अधिनियम के तहत आपको आपत्ति दर्ज कराने का पूरा अधिकार है। बेहतर यही होगा कि आप समय रहते नियमों का पालन करें और 1 दिसंबर से पहले अपने कनेक्शन की श्रेणी बदलवा लें।