गन्ने के रेट बढ़ाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों को उठा ले गई पुलिस, प्रशासन बोला- नहीं थी प्रदर्शन की अनुमति
किसान होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के बाद धरना स्थल खाली करा लिया गया है।
किसानों का आरोप- शांतिपूर्ण आंदोलन के बावजूद हटाया
किसान गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने और 50 रुपए बोनस देने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर कोई फैसला नहीं होता, वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे। किसानों ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें जबरन हटा दिया।
धरने की नहीं ली थी अनुमति: एडीएम
एडीएम महेंद्र सिंह ने बताया कि किसान सार्वजनिक सड़क और सर्विस रोड पर धरना दे रहे थे। आसपास यूनिवर्सिटी, एम्स और अन्य अस्पताल होने के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही थी। उन्होंने कहा कि किसानों के पास प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। प्रशासन लगातार उनके संपर्क में था और उनकी मांगें वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई थीं। किसानों को निर्धारित धरना स्थलों की जानकारी भी दी गई थी। वे नियमानुसार अनुमति लेकर वहां प्रदर्शन कर सकते हैं।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो तेज होगा आंदोलन
राष्ट्रवादी किसान आर्मी के सदस्य राकेश धाकड़ ने Police Action पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से दो दिन का समय मांगा गया था, लेकिन उससे पहले ही किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया। धाकड़ ने कहा कि अब दो दिन तक प्रशासन के फैसले का इंतजार किया जाएगा। यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज होगा। किसानों की रिहाई के बाद आगे की Strategy तय की जाएगी।
कृषि सचिव से मिले थे पांच किसान
पुलिस की कार्रवाई से पहले मंगलवार दोपहर पांच किसानों का प्रतिनिधिमंडल कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मिला था। किसानों के मुताबिक, बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच उनकी मांगों को लेकर बातचीत होनी है। इसके बाद आने वाले फैसले पर आंदोलन की अगली दिशा निर्भर करेगी।
होशंगाबाद से किसानों के आने की खबर पर बढ़ाया पुलिस बल
किसान नेताओं ने बताया था कि होशंगाबाद से भी बड़ी संख्या में किसान प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भोपाल आ रहे हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। पहले धरना स्थल पर करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात थे, बाद में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। इससे पहले सोमवार रात किसानों ने जैसे-तैसे खाने का इंतजाम किया और खुले आसमान के नीचे रात बिताई थी।
ये हैं किसानों की 6 प्रमुख मांगें
- गन्ने का लाभकारी मूल्य: गन्ने का भाव 2700 रुपए प्रति क्विंटल तय किया जाए।
- गन्ने पर बोनस: चुनावी घोषणा के मुताबिक 100 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए।
- खराब फसलों का मुआवजा: सोयाबीन और उड़द की खराब हुई फसलों का उचित मुआवजा और फसल बीमा राशि जल्द दी जाए।
- जंगली सूअरों से सुरक्षा: फसलों को नुकसान और जनहानि से बचाने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं। प्रभावित किसानों को मुआवजा मिले।
- समय पर भुगतान: बचई स्थित महाकौशल शुगर मिल से गन्ने की आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर पूरा Payment कराया जाए।
- खाद की उपलब्धता: किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराई जाए। खाद वितरण में पारदर्शिता रखी जाए।
फिलहाल किसानों की नजर प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी है। किसानों का कहना है कि उन्हें अपनी मेहनत का उचित दाम चाहिए। वहीं, प्रशासन निर्धारित स्थान पर अनुमति लेकर प्रदर्शन करने की बात कह रहा है।