भोपाल गैस कांड को 42 साल बीते, लेकिन आज भी नहीं मिला जहरीले कचरे से छुटकारा, 46 बस्तियां जांच से बाहर, डेढ़ लाख लोगों की बढ़ी चिंता

Kaushiki | Published:
​भोपाल में यूनियन कार्बाइड का जहर आज भी खतरा, 46 बस्तियों की जांच से बाहर​
Bhopal Gas Tragedy toxic groundwater investigation reduced from 3.5 km to 2 km, leaving 1.5 lakh residents in 46 settlements out of the probe.
भोपाल गैस त्रासदी (Bhopal Gas Tragedy) का दर्द आज भी इस शहर की मिट्टी और पानी में जिंदा है। त्रासदी के 42 साल गुजर जाने के बाद भी यूनियन कार्बाइड परिसर (Union Carbide Campus) के नीचे दबा जहर लोगों की जिंदगी के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। अब इस जहरीली मिट्टी और पानी की सफाई के नाम पर एक बड़ा खेल सामने आया है।

जहां वैज्ञानिकों के मुताबिक 3.5 किलोमीटर के इलाके में जांच होनी चाहिए थी, वहीं जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे घटाकर सिर्फ दो किलोमीटर कर दिया है। इस एक फैसले ने शहर की 46 बस्तियों में रहने वाले करीब डेढ़ लाख लोगों की सेहत को भगवान भरोसे छोड़ दिया है।



71 की जगह सिर्फ 25 बस्तियों में ही हुई सैंपलिंग

पुराने रिसर्च में यह बात साफ हो चुकी थी कि कारखाने से 3.5 किलोमीटर दूर तक भूजल (Groundwater) में सीसा, क्रोमियम और पारा जैसी खतरनाक भारी धातुएं मिल चुकी हैं। इस दूरी और आगे बहने वाले पानी के हिसाब से कुल 71 बस्तियां जांच के दायरे में आनी चाहिए थीं। लेकिन टेंडर की शर्तों में कटौती करके सिर्फ 35 प्रतिशत बस्तियों को ही जांच में शामिल किया गया है, जबकि 65 प्रतिशत बस्तियां छूट गई हैं।



  • 0 से 2 किमी का दायरा (जांच में शामिल): इसमें 25 बस्तियां और करीब 85 हजार की आबादी आती है। इनमें आरिफ नगर, नवाब कॉलोनी, अटल अयूब नगर, जेपी नगर, शिव शक्ति नगर, ग्रीन पार्क कॉलोनी, प्रेम नगर, अनुपम नगर, कबाड़खाना क्षेत्र, काजी कैंप, सुंदर नगर, ब्लू मून कॉलोनी, छोला, कैंची छोला, शारदा नगर, मालीपुरा (बैरसिया रोड), गरम गड्ढा क्षेत्र, मोती नगर, रतन कॉलोनी, पुरानी रेलवे कॉलोनी (छोला/स्टेशन हिस्सा), बाफना कॉलोनी, नया बसेरा (काजी कैंप/बैरसिया रोड), लक्ष्मी नगर (छोला रोड), कृष्णा नगर और उड़िया बस्ती शामिल हैं।
  • 2 से 3.5 किमी का दायरा (जांच से बाहर): इसमें 30 बस्तियां और करीब 1.05 लाख की आबादी छूट गई है। इनमें देवकी नगर, गरीब नगर, करोंद (निचला हिस्सा व मंडी क्षेत्र), भानपुर, शिव नगर (भानपुर/विदिशा रोड), निशातपुरा, रसूलाबाद, टीला जमालपुरा (बाहरी छोर), सिंधी कॉलोनी (उत्तरी), इब्राहिमगंज (निचला हिस्सा व नादरा), चांदबड़ (उत्तरी हिस्सा), मुरली नगर, मंडी के पीछे, अमन कॉलोनी / नई बस्ती, आवास नगर, विश्वकर्मा नगर, पीजीबीटी कॉलेज के आसपास की बस्तियां, डीआईजी बंगला, नारियलखेड़ा, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (करोंद), कल्याण नगर, राजीव नगर (करोंद), संजीव नगर (निचला हिस्सा), पंचशील नगर (पुराना हिस्सा), सुभाष कॉलोनी (रेलवे ट्रैक छोर), अन्ना नगर (रेलवे ट्रैक से सटा), द्वारका नगर, महामाई का बाग (उत्तरी छोर), शहंशाह गार्डन और भानपुर ब्रिज के पास की बस्तियां शामिल हैं।
  • 3.5 किमी से आगे का संभावित क्षेत्र (जांच से बाहर): जहर के संभावित विस्तार वाली 16 अन्य बस्तियां (करीब 45 हजार आबादी) भी इस जांच से पूरी तरह बाहर कर दी गई हैं।

12 महीने का काम 90 दिन में निपटाने की जल्दबाजी

जून 2023 में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री की अध्यक्षता वाली ओवरसाइट कमेटी ने साफ कहा था कि वैज्ञानिक जांच के लिए 10 से 12 महीने का समय लगना चाहिए। विभाग को टेंडर निकालने में ही करीब तीन साल लग गए।इसके बाद जुलाई 2026 में गुजरात की कंपनी 'कदम एनवायरनमेंटल कंसल्टेंट्स' (Kadam Environmental Consultants) को 2.70 करोड़ रुपए में यह काम सौंपा गया। हैरानी की बात यह है कि एक साल तक चलने वाली इस गंभीर जांच की समय-सीमा घटाकर सिर्फ 90 दिन कर दी गई। कंपनी ने सैंपलिंग का काम पूरा कर लिया है और अब दिसंबर के अंत तक रिपोर्ट आने वाली है।



टेंडर में कैसे बदली गईं जांच की शर्तें?

पहले जो वैज्ञानिक योजना बनी थी, टेंडर जारी करते समय उसमें कई बड़े बदलाव कर दिए गए। आइए समझते हैं कि पहले क्या तय हुआ था और असल में क्या किया गया-



  • जांच का दायरा: पहले 3.5 किलोमीटर और उसके आगे के प्रवाह क्षेत्र में जांच होनी थी, जिसे घटाकर सिर्फ दो किलोमीटर कर दिया गया है।
  • कुल क्षेत्रफल: पहले 38.48 वर्ग किलोमीटर इलाके की जांच होनी थी, जो अब सिमटकर सिर्फ 12.57 वर्ग किलोमीटर रह गई है।
  • समय-सीमा: बारिश से पहले और बाद में कुल 10 से 12 महीने तक जांच होनी थी, लेकिन इसे सिर्फ 90 दिन में समेट दिया गया है।
  • सैंपल की संख्या: पहले प्रदूषण के फैलाव के हिसाब से घनी सैंपलिंग होनी थी, लेकिन अब सिर्फ सात भूजल और 30 मिट्टी के सैंपल लिए गए हैं।
  • ड्रिलिंग की गहराई: पहले अलग-अलग गहराई पर प्रदूषण नापना था, पर अब मिट्टी के लिए तीन मीटर और बोरवेल के लिए 30 मीटर की सीमा तय की गई है।
  • जांच एजेंसी: पहले अनुभवी कंपनियों के जॉइंट वेंचर से काम कराने की बात थी, लेकिन बाद में जेवी की शर्त हटाकर न्यूनतम अनुभव सिर्फ तीन साल कर दिया गया है।
  • पारदर्शिता: पहले आम जनता को प्रदूषण और उसके इलाज की पूरी जानकारी देनी थी, पर अब तीसरे पक्ष के दावों को लेकर पाबंदी लगा दी गई है।

सही आकलन नहीं होगा तो सफाई कैसे होगी?

जून 2023 में कमेटी के सामने रखे गए डाक्यूमेंट्स में यह बात दर्ज है कि जमीन में 11 लाख टन प्रदूषित मिट्टी, 150 टन जहरीला कचरा, एक टन फैला हुआ पारा और 1500 टन प्रदूषित ढांचा और मशीनरी दबी हुई है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब प्रदूषण के असली फैलाव की ठीक से जांच ही नहीं होगी, तो सफाई का काम किस आधार पर तय किया जाएगा? इसके अलावा सैंपल लेने के बाद दिसंबर अंत तक लैब जांच, वैज्ञानिक विश्लेषण और रिपोर्ट की 35 दिन की समीक्षा प्रक्रिया इतनी जल्दी कैसे पूरी होगी?



अधिकारियों का क्या कहना है?

इस पूरे मामले पर गैस त्रासदी राहत विभाग के संचालक सोमेश मिश्रा का कहना है कि उनके पद संभालने से पहले ही वर्क ऑर्डर जारी हो चुका था। उन्होंने बताया कि सैंपल लिए जा चुके हैं और दिसंबर अंत तक रिपोर्ट आ जाएगी। उनके मुताबिक वर्क ऑर्डर और कंपनी के काम को लेकर किसी विवाद की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन अगर कोई रिपोर्ट भेजी जाती है तो वे इसकी जांच जरूर करवाएंगे।



फिलहाल भोपाल के लोगों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यूनियन कार्बाइड परिसर के आसपास फैले प्रदूषण की पूरी जांच होगी? क्योंकि यह मामला केवल मिट्टी और पानी की जांच का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की सेहत और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा से भी जुड़ा है।



FAQs:



  1. भोपाल गैस त्रासदी के कितने साल बाद भी प्रदूषण का खतरा बना हुआ है?
    भोपाल गैस त्रासदी के 42 साल बाद भी यूनियन कार्बाइड परिसर के आसपास की मिट्टी और भूजल में जहरीले पदार्थों की मौजूदगी को लेकर चिंता बनी हुई है।
  2. भोपाल में जहरीले पानी की जांच कितनी बस्तियों में की गई है?
    मौजूदा जांच के तहत 0 से 2 किलोमीटर के दायरे में आने वाली केवल 25 बस्तियों में सैंपलिंग की गई है।
  3. यूनियन कार्बाइड परिसर की जांच का ठेका किस कंपनी को मिला है?
    जुलाई 2026 में गुजरात की कंपनी कदम एनवायरनमेंटल कंसल्टेंट्स को 2.70 करोड़ रुपये में जांच का काम सौंपा गया था।
Tags:
  • भोपाल गैस त्रासदी
  • Bhopal Gas Tragedy
  • Union Carbide
  • यूनियन कार्बाइड
  • जहरीला पानी
  • Bhopal Pollution
  • Toxic Soil
  • भोपाल गैस कांड
  • Kadam Environmental Consultants
  • Gas Tragedy Victims