न पद रहा, न चुनाव जीते, फिर भी सरकारी बंगलों पर जमे हैं माननीय, गरीब से बिजली बिल की सख्त वसूली, नेताओं के 10 करोड़ बकाए पर सिस्टम मौन
एक तरफ गरीब किसान का मासूम बेटा अपनी मोटर बचाने के लिए रोते हुए गुहार लगा रहा है। दूसरी तरफ करोड़ों रुपए का किराया दबाए बैठे माननीय आराम से सरकारी आवासों का सुख भोग रहे हैं।
भोपाल के सरकारी बंगलों पर 10 करोड़ रुपए की देनदारी
राजधानी भोपाल में कई विधायकों, पूर्व मंत्रियों, नेताओं और अफसरों पर सरकारी बंगलों का किराया बकाया है। विभिन्न संस्थाओं को मिलाकर संपदा संचालनालय की करीब 10 करोड़ रुपए की वसूली बाकी है। विभाग ने कार्रवाई करते हुए अब तक 23 बकाएदारों को नोटिस जारी किए हैं।
इसके अलावा बाकी लोगों के बकाए का हिसाब भी तैयार किया जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि कई पूर्व मंत्री ऐसे हैं जो चुनाव हारने या पद जाने के बाद भी सरकारी बंगलों पर कब्जा जमाए हुए हैं। हालांकि इन प्रभावशाली लोगों से वसूली की प्रक्रिया आम जनता के मामलों जैसी सख्त नजर नहीं आती है।
किसान और भोपाल के नेताओं के बीच अंतर
सरकारी वसूली में आम और खास के फर्क को दिखाने वाली एक तस्वीर नवंबर 2026 में टीकमगढ़ जिले से सामने आई थी। दरअसल मोहनगढ़ तहसील के रानीपुरा गांव में किसान संजय केवट के खेत का बिजली बिल बकाया था। इसके बाद बिजली विभाग की टीम मोटर जब्त करने पहुंच गई थी। इस कार्रवाई को देख किसान के मासूम बेटे ने हाथ में बका उठा लिया था। साथ ही कहा कि किसी में दम हो तो यह मोटर लेकर जाओ, यह हमारे बाप की है। बच्चे के इस विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया था।
किन बड़े चेहरों और बंगलों पर है लाखों का बकाया?
जब बड़े बकायादारों की सूची खंगाली गई, तो कई बड़े नेताओं के नाम सामने आए हैं।
पूर्व सीएम कैलाश जोशी का बंगला (32 लाख बकाया): भोपाल के 74 बंगला क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी को सरकारी आवास आवंटित था। इस बंगले पर करीब 32 लाख रुपए बकाया हैं। फिलहाल यहां उनके बड़े बेटे प्रकाश जोशी रहते हैं। कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी के मुताबिक तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिता के निधन के बाद प्रकाश भैया की स्थिति को देखते हुए कहा था कि वे जब तक चाहें, इस आवास में रह सकते हैं।
पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया (17 लाख बकाया): भिंड जिले की अटेर सीट से विधायक रहे अरविंद सिंह भदौरिया को 74 बंगला क्षेत्र में सरकारी आवास मिला था। वे 2023 का विधानसभा चुनाव हार गए थे, इसके बावजूद उनके बंगले पर करीब 17 लाख रुपए बकाया हैं। बता दें कि अरविंद सिंह शिवराज सरकार में सहकारिता मंत्री भी रहे थे।
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह (16 लाख बकाया): रायसेन जिले की सिलवानी सीट से विधायक रहे रामपाल सिंह शिवराज सरकार में मंत्री थे। मंत्री रहते हुए उन्हें शिवाजी नगर में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास सरकारी बंगला आवंटित हुआ था। इस पर अब करीब 16 लाख रुपए बकाया हैं।
विधायक मीना सिंह (17.52 लाख बकाया): उमरिया जिले की मानपुर सीट से पांच बार विधायक रहीं मीना सिंह को शिवराज सरकार में जनजातीय कार्य मंत्री रहते हुए सरकारी आवास अलॉट हुआ था। चुनाव जीतने के बाद भी उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया। इसके बाद भी वे अभी भी इस बंगले में रह रही हैं। संपदा संचालनालय ने उनके बंगले के बाहर दो नोटिस चिपकाएं हैं। साथ ही 12 नवंबर को जारी नोटिस के मुताबिक उन पर 17 लाख 52 हजार रुपए बकाया हैं।
पूर्व राज्यसभा सांसद एल. मुरुगन (13 लाख बकाया): मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद रहे एल. मुरुगन ने संसद सदस्यता और केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें भोपाल के 74 बंगला क्षेत्र में सरकारी आवास अलॉट है। इस पर करीब 13 लाख रुपए बकाया हैं। हालांकि यह आवास भाजपा संगठन के एक पदाधिकारी का आवास है।
महेश जोशी को आवंटित बंगला (30 लाख बकाया): भोपाल के सिविल लाइंस क्षेत्र में बंगला नंबर बी-5 महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के नाम से महेश जोशी को आवंटित किया गया था। महेश जोशी के निधन के बाद उनके बेटे ने बंगला खाली कर दिया है। वहीं वर्ष 2015 से की गई गणना के मुताबिक इस आवास पर करीब 30 लाख रुपए किराया और जुर्माना बकाया है।
इन पूर्व मंत्रियों ने चुका दिया अपना बकाया...
बकाएदारों की इस लंबी लिस्ट के बीच कुछ ऐसे भी पूर्व मंत्री हैं, जिन्होंने समय रहते अपनी बकाया राशि जमा कर दी है।
यशोधरा राजे सिंधिया: पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा था। मंत्री रहते हुए उन्हें 45 बंगला क्षेत्र में सरकारी आवास अलॉट हुआ था। उनके बंगले पर करीब 9 लाख रुपए बकाया थे, जिसे उन्होंने पूरा चुका दिया है।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा: दतिया से चुनाव हारने वाले पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के चार इमली स्थित सरकारी आवास पर भी करीब 9 लाख रुपए बकाया थे। उन्होंने दतिया उपचुनाव से पहले ही पूरी रकम जमा कर दी थी।