पुलिस की अवैध वसूली का पर्दाफाश, हर महीने हुक्का बार-सटोरियों से वसूली के आरोप

Aman Vaishnav | Jul 16, 2026, 09:05 IST
भोपाल कोहेफिजा थाना, भोपाल के कोहेफिजा थाने की अवैध वसूली
भोपाल के कोहेफिजा थाने में पुलिस की वसूली का एक बड़ा खेल सामने आया है। इस खुलासे में एक लिखित लिस्ट मिली है, जिसमें सटोरियों और हुक्का लाउंज से हर महीने लाखों की वसूली का हिसाब है। हैंडराइटिंग एक्सपर्ट ने भी इसकी पुष्टि की है।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • भोपाल के कोहेफिजा थाने से वसूली की एक लिखित सूची सामने आई है।
  • इसमें हुक्का लाउंज, स्पा सेंटर और रेस्टोरेंट शामिल हैं।
  • सटोरियों से भी हर महीने पैसे लेने का हिसाब लिखा मिला है।
  • यह सूची थाना प्रभारी केजी शुक्ला से जुड़ी बताई जा रही है।
  • हैंडराइटिंग एक्सपर्ट ने इसकी जांच भी की है।

हाथ से लिखी वसूली की सूची

अक्सर आपने किसी न किसी से वसूली की बातें तो जरूर सुनी ही होगी, लेकिन जब यहीं बातें लिखित रूप में सामने आए तो मामला गंभीर बन जाता है।



कोहेफिजा थाने से वसूली की एक लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस लिस्ट में हुक्का लाउंज, स्पा सेंटर और देर रात तक चलने वाले बीस से ज्यादा रेस्टोरेंट-लाउंज का जिक्र है। इसमें सटोरियों से होने वाली वसूली का हिसाब भी दर्ज है। कोहेफिजा पुलिस



इस लिखित सूची में करीब सवा लाख रुपए प्रतिमाह का लेखा-जोखा मिला है। हालांकि थाना क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से हर महीने करीब दस लाख रुपए की फिक्स वसूली की बात सामने आई है। यह आंकड़ा असली वसूली की रकम को कहीं बड़ा दिखाता है।



b34fa9c2-8b6


टीआई से जुड़ा मामला

एक मीडिया संस्थान की पड़ताल में यह वसूली का चिट्ठा कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला से जुड़ा बताया गया है। पुष्टि के लिए लालघाटी, पंचवटी, एयरपोर्ट रोड और आसपास के कई हुक्का लाउंज और रेस्टोरेंट संचालकों से बातचीत की गई।



सभी ने ऑफ कैमरा वसूली के लिए आने वाले पुलिसकर्मियों के नाम गिना दिए। पुलिस कमिश्नर को भेजा गया एक पत्र भी सामने आया है।



संचालकों का कबूलनामा

कई हुक्का लाउंज और रेस्टोरेंट संचालकों ने माना कि हर महीने पंद्रह हजार रुपए तक पुलिस को दिए जाते हैं। वसूली के लिए आने वालों में आरक्षक आकाश और अलीशान के नाम भी बताए गए हैं।



संचालकों ने कहा कि पैसे देने से इनकार करने पर धारा 151 के तहत जेल भेजने की धमकी दी जाती है। यह डर संचालकों को चुप रहने पर मजबूर करता है।



टीआई के बेटे का रेस्टोरेंट

जानकारी के अनुसार मनुआभान टेकरी के सामने द क्रूज लाउंज एंड रेस्त्रां भी जांच के दायरे में आया है। यह टीआई केजी शुक्ला के बेटे हिमांशु उर्फ गोलू से जुड़ा बताया जाता है।



बर्थडे पार्टी की बुकिंग पूछने पर स्टाफ ने बताया कि यह टीआई साहब के बेटे का लाउंज है। इसलिए पूरी रात हुक्का और शराब पार्टी चल सकती है और कोई परेशान नहीं करेगा।



हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की पुष्टि

वसूली की पर्चियों की लिखावट की जांच फॉरेंसिक और हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई गई। जांच में पता चला कि सूची की मुख्य लिखावट एक ही व्यक्ति की है। हालांकि इसमें दर्ज अंक किसी दूसरे व्यक्ति ने लिखे हैं।



लिखावट का मिलान करने के लिए टीआई की पुरानी लिखी टीप भी एक्सपर्ट को दी गई। पूरी सूची खंगालने और लिखावट की पुष्टि करने में करीब डेढ़ महीने का समय लगा।



पुलिस अफसरों का पक्ष

टीआई केजी शुक्ला ने वसूली के सभी आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि सटोरियों की सूची कार्रवाई के लिए थाने के स्टाफ को सौंपी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि बेटे का रेस्टोरेंट नियमों के तहत रात साढ़े ग्यारह बजे बंद हो जाता है।



वहीं भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। अगर किसी की गलती पाई गई तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।



ये खबरें भी पढ़िए...

पुलिस की खुली पोल, जिस लड़की को मृत मानकर पिता-भाई को भेजा जेल



ई साक्ष्य जुटाने में पिछड़ी मध्यप्रदेश पुलिस, भोपाल-इंदौर भी जांच में फिसड्डी



एमपी पुलिस की सुस्ती पर सीएम मोहन सख्त, 11 हजार से ज्यादा लोगों ने की शिकायत



हेड कॉन्स्टेबल ने महिला पुलिसकर्मी से की छेड़छाड़, कार में बंधक बनाकर पीटा



Tags:
  • भोपाल
  • वसूली
  • पुलिस कमिश्नर
  • संजय कुमार
  • कोहेफिजा थाना
  • थाना प्रभारी
  • कोहेफिजा पुलिस