बंद कमरा, युवक-युवती अंदर और गेट पर खड़े विधायक, केयर टेकर ने बताई उस आधे घंटे की पूरी कहानी...
विधायक के पीए की एंट्री
नौकरी से हटाए जा चुके केयरटेकर का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से किसी अनजान के लिए दरवाजा नहीं खोला था। इसके पीछे एक रसूखदार कॉल था। राजकुमार के मुताबिक उसके फोन की घंटी बजी और दूसरी तरफ मौजूद शख्स ने खुद को सीधे विधायक का पीए बताया। इसके बाद राजकुमार से कहा कि आधे घंटे के लिए कमरे की चाबी एक टीआई को सौंप दी जाए।
माननीय के नाम और कथित टीआई के रुतबे के दबाव में आकर उसने चाबी थमा दी। वहीं इस एक कॉल के बाद विधायक की शिकायत पर उसे फौरन नौकरी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
केयरटेकर के इस सनसनीखेज खुलासे ने अब पूरे सिस्टम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विधायक के पीए की इस रहस्यमयी एंट्री वाले बयान ने एक अलग ही मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है। हालांकि इस मामले में अभी तक विधायक के पीए का बयान सामने नहीं आया है।
क्या है पूरा माजरा?
दरअसल यह पूरी घटना 02 नवंबर की है। यह पूरा मामला उज्जैन जिले की महिदपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक दिनेश जैन बोस (MLA Dinesh Jain) से जुड़ा है। बता दें कि 02 नवंबर को विधायक दिल्ली से जब भोपाल पहुंचे, तो वह विश्राम गृह के खंड-3 में अपने आवंटित कमरे की तरफ गए। जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला अंदर का नजारा देखकर वह दंग रह गए। कमरे के अंदर एक युवक और युवती बेहद आपत्तिजनक स्थिति में मौजूद थे।
विधायक का आरोप है कि कमरे में पकड़े गए दोनों युवक-युवती पुलिसकर्मी थे। विधायक के अनुसार, उनमें से एक ने पहले ही पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। जबकि दूसरे ने विधायक के सामने ही अपनी वर्दी पहनी। सरकारी विश्राम गृह के अंदर इस तरह की हरकत को देखकर विधायक ने भारी नाराजगी जताई। साथ ही तुरंत इस मामले की शिकायत विधानसभा सचिवालय में दर्ज कराई।
विधानसभा सचिवालय ने बैठाई जांच
विधायक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा सचिवालय ने तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। वर्तमान में पीडब्ल्यूडी की टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कमरे में मौजूद वह युवक और युवती असल में कौन थे। उनका पुलिस से क्या संबंध है।
जानकारी के मुताबिक, जल्द ही मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर विधायक को सौंप दी जाएगी। अधिकारियों ने साफ कहा है कि सरकारी संपत्ति के गलत इस्तेमाल में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। चाहे वह कर्मचारी हो या कोई बाहरी व्यक्ति।
क्या बोले कांग्रेस विधायक दिनेश जैन
बता दें कि इस मामले में विधायक ने द सूत्र को अहम जानकारी दी थी। विधायक ने कहा था कि विश्राम गृह में कैमरे नहीं लगे हैं। मैं दिल्ली में था, अचानक भोपाल आने का प्लान बना। मेरी टीम के लोग पहले ही पहुंच चुके थे। जैसे ही चाबी लेकर कमरा खोलने जाने लगे कमरे से दो लोग आते दिखाई दिए।
महिला और पुरुष दोनों वर्दी में थे। एक ने वर्दी पूरी पहनी थी। दूसरे ने सामने वर्दी पहनी थी। मामले में जांच बैठ गई है। कुछ लोगों को सस्पेंड करने की जानकारी भी सामने आ रही है।