शराब पीने से रोका तो कांस्टेबल को बंधक बनाकर पीटा, जबरदस्ती पकड़कर रातभर कार में घुमाया

Aman Vaishnav | Aug 11, 2026, 09:30 IST
भोपाल में कांस्टेबल को बंधक बनाकर पीटा
भोपाल के शाहपुरा इलाके में एक पुलिस कांस्टेबल का अपहरण कर लिया गया। साथ ही कांस्टेबल के साथ चलती कार में मारपीट भी गई। इसके अलावा विरोध करने पर उसे जान से मारकर जंगल में फेंकने की धमकी भी दी गई।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • भोपाल के शाहपुरा इलाके में गश्त पर निकले सिपाही को बदमाशों ने बंधक बना लिया।
  • दानापानी में शराब पी रहे दो युवकों को पुलिस ने टोका था।
  • इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
  • आरोपी सिपाही को अपनी कार में लेकर शहर की ओर भाग निकले।
  • काफी देर तक घुमाने और मारपीट के बाद सिपाही ने कूदकर जान बचाई।

भोपाल के शाहपुरा इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस की गश्त टीम ने जब खुले में शराब पी रहे दो युवकों को रोका, तो उन्होंने सिपाही को ही अपनी कार में बंधक बना लिया।



आरोपी सिपाही को रातभर शहर की सड़कों पर घुमाते रहे और उनके साथ मारपीट (पुलिस से मारपीट का मामला) भी की। आखिरकार डीबी मॉल के पास ट्रैफिक धीमा होते ही सिपाही ने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।



कैसे हुई इस विवाद की शुरुआत?

दरअसल यह घटना शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार शाहपुरा थाने के आरक्षक सुंदरम पटेल और मयंक ठाकुर चार्ली बाइक से दानापानी इलाके में गश्त कर रहे थे।



दानापानी शराब दुकान के पास एक इनोवा कार खड़ी थी, जिसमें दो युवक बैठकर खुले में शराब पी रहे थे। जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें टोका और खुले में शराब पीने से मना किया, तो वे पुलिस से ही बहस और विवाद करने लगे।



थाने ले जाने के बजाय तेज रफ्तार में भगा दी कार

मामला बढ़ता देख सिपाही सुंदरम पटेल दोनों युवकों को थाने ले जाने के लिए उनकी ही इनोवा कार में बैठ गए। वहीं आरोपी चालक ने गाड़ी को थाने ले जाने के बजाय शहर की तरफ तेज रफ्तार में दौड़ा दिया।



चलती कार में क्या-क्या हुआ?

मारपीट: सिपाही सुंदरम ने जब गाड़ी रोकने को कहा, तो आरोपियों ने चलती कार में उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।



मोबाइल छीनने की कोशिश: सिपाही किसी को अपनी लोकेशन या सूचना न दे पाए, इसलिए आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया।



जान से मारने की धमकी: बदमाशों ने सिपाही को जान से मारकर जंगल में फेंकने की सीधी धमकी दी।



लाइव लोकेशन से बचाई जान

जब आरोपी कार लेकर भागे तो दूसरे सिपाही मयंक ठाकुर अपनी बाइक से कार का पीछा करते रहे। वहीं कार के अंदर बंधक बने सुंदरम पटेल ने समझदारी दिखाते हुए अपने थाना प्रभारी को मोबाइल से लाइव लोकेशन भेज दी।



आरोपी गणेश मंदिर होते हुए डीबी मॉल की ओर पहुंचे। डीबी मॉल और जीजी फ्लाईओवर के पास जब पुलिस की घेराबंदी और ट्रैफिक के कारण कार की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई, तो सिपाही सुंदरम तुरंत कार का गेट खोलकर नीचे कूद गए और अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए।



आरोपियों की पहचान

शाहपुरा पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुई इनोवा कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से आरोपियों को ट्रैक किया। इसके बाद रविवार को ही दोनों को दबोच लिया।



पकड़े गए आरोपी: पुलिस ने गंजबासौदा निवासी भूपेंद्र शर्मा और अमराई, बाग सेवनिया निवासी ऋषि नामदेव को गिरफ्तार किया है। भूपेंद्र हाल ही में कोलार में रह रहा था।



आरोपियों का काम: दोनों आरोपी पेशे से निजी वाहन चालक (Private Driver) हैं।



पुराना आपराधिक रिकॉर्ड: आरोपी भूपेंद्र शर्मा के खिलाफ विदिशा के गंजबासौदा में पहले से हत्या के प्रयास का केस दर्ज है।



रिटायर्ड अफसर की गाड़ी: जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ कि जिस इनोवा कार को आरोपी चला रहे थे, वह एक सेवानिवृत्त अधिकारी (Retired Officer) की है।



कड़ी कानूनी कार्रवाई और सजा: पुलिस ने दोनों आरोपियों पर अपहरण, शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर इनोवा जब्त कर ली है। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया है।



इसमें अपहरण के मामले में 7 साल तक की सजा और जुर्माना हो सकता है। वहीं शासकीय कार्य में बाधा डालने पर 2 से 5 साल और मारपीट में 3 से 10 साल तक की जेल हो सकती है।



ये खबरें भी पढ़िए...

बीजेपी नेत्री विजयलक्ष्मी तिवारी पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप, FIR दर्ज



एमपी न्यूज: पूर्व मंत्री के घर दिनदहाड़े चोरी, स्पेशल DG का मकान सामने, सोती रही VIP सुरक्षा



मध्यप्रदेश न्यूज: उज्जैन के पवित्र कुंडों में मिला खतरनाक बैक्टीरिया, नहाने लायक भी नहीं बचा पानी



क्राइम न्यूज: ग्वालियर में युवती से गैंगरेप, FIR के लिए तीन थानों तक भटकी पीड़िता



Tags:
  • एमपी न्यूज
  • मध्यप्रदेश न्यूज
  • भोपाल
  • क्राइम न्यूज
  • शराब दुकान
  • पुलिस से मारपीट का मामला
  • पुलिस से मारपीट