भोपाल की पॉश कॉलोनी में बेजुबान कुत्ते को डंडों से पीटा, मुंह को रस्सी से बांधा, जिंदा दफनाने की थी तैयारी
दूसरी ओर वहीं पर एक मासूम कुत्ते के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। उसे पहले डंडों से पीटा गया। इसके बाद उसके पैर और मुंह बांध दिए गए ताकि वह अपनी जान बचाने के लिए भाग भी न सके और न ही दर्द से चिल्ला सके। यह पूरा मामला कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित रिवेरा टाउन सोसायटी का है। यहां एक जागरूक महिला की वजह से इस बेजुबान की जान बच पाई है।
क्या हुआ था 20 नवंबर की दोपहर को?
दरअसल सोसायटी की रहने वाली सुचंदना गुप्ता ने कमला नगर थाने में एक लिखित शिकायत दी है। इस शिकायत के मुताबिक 20 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे सोसायटी के कुछ कर्मचारी एक आवारा कुत्ते के साथ बेहद क्रूर व्यवहार कर रहे थे। उन लोगों ने पहले तो कुत्ते को डंडों से बुरी तरह पीटा।
इसके बाद जब वह घायल हो गया तो उसके चारों पैर और मुंह को रस्सी से कसकर बांध दिया गया। इसके बाद उसे एक गाड़ी के नीचे छिपाकर रखा जा रहा था। समय रहते कुत्ते को लहूलुहान हालत में वहां से छुड़ा लिया गया।
नाले में जिंदा दफनाने की तैयारी
महिला ने आरोप लगाया है कि मौके पर मौजूद चार लोग उस घायल कुत्ते को नाले में दफनाने के लिए गड्ढा खोद रहे थे। इन चारों लोगों की अगुवाई सोसायटी का केयरटेकर नरेश गिरी कर रहा था। महिला ने इस पूरी घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दिया है।
इसके अलावा सुचंदना गुप्ता ने अपनी शिकायत में यह भी बताया है कि करीब चार महीने का एक छोटा पिल्ला 19 नवंबर से लापता है। उन्होंने उस पिल्ले की तस्वीर भी पुलिस को दी है। उनका आरोप है कि सोसायटी परिसर में पहले भी कई बार कुत्तों के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। पिछले करीब 18 सालों से यहां से कई कुत्ते रहस्यमय तरीके से गायब हो रहे हैं।
पशु प्रेमी महिला धमकियां
बता दें कि सुचंदना गुप्ता एक पशु प्रेमी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के आसपास रहने वाले सामुदायिक कुत्तों को रोजाना खाना खिलाती हैं। इसके साथ ही वह भोपाल नगर निगम की मदद से इन कुत्तों की नसबंदी भी करवाती हैं। वहीं इस नेक काम के लिए सोसायटी के कुछ लोग उन्हें लगातार धमकाते हैं। उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
महिला ने पुलिस से मांग की है कि सोसायटी के सामुदायिक कुत्तों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही लापता पिल्ले को जल्द से जल्द ढूंढा जाए। उन्होंने केयरटेकर नरेश गिरी के साथ साथ सोसायटी प्रबंधन के पदाधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने को कहा है।
इस मामले में कमला नगर थाने के एसआई संजय वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके हिसाब से आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
भोपाल में पहले भी हो चुकी बेजुबानों के साथ क्रूरता
भोपाल शहर में आवारा कुत्तों के साथ मारपीट और हत्या का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शहर के अलग-अलग इलाकों से दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आ चुकी हैं:
अप्रैल 2026 (श्यामला हिल्स और अंसल अपार्टमेंट): श्यामला हिल्स इलाके में जहर देकर कुत्तों को मारने का बड़ा मामला सामने आया था। आरोप लगा था कि 15 से 20 दिनों के भीतर 30 से ज्यादा कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया था। इससे ठीक एक महीने पहले पास के अंसल अपार्टमेंट में भी इसी तरह 17 कुत्तों की मौत हुई थी।
जनवरी 2026 (शाहपुरा क्षेत्र): भोपाल के शाहपुरा स्थित लक्ष्मी कैंपस में अज्ञात लोगों ने पांच आवारा कुत्तों के खाने में जहर मिला दिया था। इस घटना में दो कुत्तों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि तीन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
जुलाई 2025 (निशातपुरा क्षेत्र): निशातपुरा इलाके में एक दंपति पर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर एक आवारा कुत्ते की हत्या करने का केस दर्ज हुआ था। पशु प्रेमियों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।
मार्च 2023 (भोपाल): शहर में एक व्यक्ति द्वारा स्ट्रीट डॉग को बेरहमी से पीटने का वीडियो सामने आया था। इसमें पिटाई की वजह से कुत्ते की कमर टूट गई थी। इसके अलावा शहर में पहले भी पिल्लों को जलाने जैसी खौफनाक घटनाएं रिपोर्ट हो चुकी हैं।