न कोई सबूत मिला न ही कोई फिंगरप्रिंट, दुबई से आई बेटी को गहने दिखाने बैंक पहुंचे पूर्व RERA चेयरमैन के लॉकर से गहने गायब
ठीक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सामने आया है। यहां मध्य प्रदेश RERA के पूर्व चेयरमैन एपी श्रीवास्तव इस घटना का शिकार हुए हैं।
दुबई से आई बेटी को गहने दिखाने पहुंचे थे श्रीवास्तव
दरअसल यह पूरा मामला इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट भोपाल के परिसर में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा का है। मध्य प्रदेश रेरा के पूर्व चेयरमैन एपी श्रीवास्तव की बेटी सुरभि हाल ही में दुबई से भोपाल आई थीं।
गुरुवार, 12 नवंबर दोपहर को श्रीवास्तव अपनी बेटी सुरभि के साथ बैंक में अपने लॉकर से गहने देखने के लिए गए थे। श्रीवास्तव ने बताया कि जब वे लॉकर खोल रहे थे तो चाबी अंदर अटक रही थी। बहुत कोशिशों के बाद जब किसी तरह लॉकर का दरवाजा खुला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
श्रीवास्तव ने बताया कि लॉकर पूरी तरह से खाली पड़ा था। उसमें रखे सोने के सारे गहने गायब थे। उन्होंने बिना देर किए तुरंत बैंक प्रबंधन को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक की टीम पहुंच गई।
दिसंबर 2024 में बे लिया था जॉइंट लॉकर
एपी श्रीवास्तव ने पुलिस को जानकारी दी है कि उन्होंने 13 दिसंबर 2024 को लॉकर नंबर 502 लिया था। यह लॉकर अपनी दोनों बेटियों सुरभि और श्रुति के साथ मिलकर जॉइंट रूप से अलॉट कराया था। इस लॉकर के लिए वे बैंक को(GST सहित 2 हजार 380 रुपए सालाना किराया भी चुका रहे थे।
श्रीवास्तव के पास उन सभी गहनों की तस्वीरें भी मौजूद हैं जिन्हें लॉकर के अंदर रखा गया था। हालांकि उन्होंने अभी तक पुलिस को यह नहीं बताया है कि गायब हुए सोने के गहनों की कुल कीमत कितनी है।
फिंगरप्रिंट नहीं मिलने से गहराया रहस्य
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने लॉकर की शुरुआती जांच की। इस जांच में एक बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है। लॉकर के हैंडल पर किसी के भी फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं। अब पुलिस पूरे लॉकर को ही जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजने की तैयारी कर रही है।
फॉरेंसिक विशेषज्ञ जांच करेंगे कि लॉकर के ताले से छेड़छाड़ तो नहीं की गई थी। वे यह भी पता लगाएंगे कि लॉकर डुप्लीकेट चाबी से खोला गया था या नहीं।
बैंक प्रबंधन ने पल्ला झाड़ा, कहा- सामान की जानकारी नहीं होती
इस पूरे मामले पर एसबीआई शाखा के प्रभारी मैनेजर हरीश मेहरा का बयान भी सामने आया है। उन्होंने पुष्टि की है कि लॉकर नंबर 502 को दिसंबर 2024 में एपी श्रीवास्तव और उनकी बेटियों के नाम पर अलॉट किया गया था। मेहरा के अनुसार श्रीवास्तव 12 नवंबर को बैंक आए थे। इसके बाद उन्होंने लॉकर से सामान गायब होने की शिकायत की थी।
प्रभारी मैनेजर ने बैंक के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि बैंक सिर्फ लॉकर का कस्टोडियन होता है। ग्राहक ने लॉकर के भीतर क्या सामान रखा है इसकी कोई जानकारी बैंक के पास नहीं होती है। उन्होंने बताया कि बैंक के नियम के मुताबिक लॉकर खोलने के लिए दो चाबियों की जरूरत होती है। इनमें एक बैंक की मास्टर चाबी और दूसरी ग्राहक की चाबी होती है। दोनों चाबियों का एक साथ इस्तेमाल करने पर ही लॉकर खुलता है।
गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस इन 3 एंगल पर कर रही जांच
इस हाई-प्रोफाइल मामले की तह तक जाने के लिए भोपाल पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस तीन मुख्य बिंदुओं पर काम कर रही है...
दूसरी बेटी श्रुति के दर्ज होंगे बयान: चूंकि यह एक जॉइंट लॉकर है, इसलिए पुलिस अब श्रीवास्तव की दूसरी बेटी श्रुति से भी पूछताछ करेगी। श्रुति अभी बेंगलुरु में हैं। उनके भोपाल लौटने पर पुलिस यह पता लगाएगी कि दिसंबर 2024 में जब लॉकर के अंदर गहने रखे गए थे, तब वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे।
दूसरे बैंक के लॉकरों की भी हुई जांच: पुलिस ने श्रीवास्तव के अन्य बैंक लॉकरों की भी तलाशी ली गई, लेकिन वहां भी गहने नहीं मिले। अब पुलिस यह जांच रही है कि कहीं उन लॉकरों के साथ भी तो कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।
CCTV फुटेज और बैंक स्टाफ की भूमिका की जांच: पुलिस ने बैंक प्रबंधन से पिछले तीन महीने के सीसीटीवी फुटेज मांगे हैं। इन फुटेज के जरिए यह देखा जाएगा कि बीते तीन महीनों में लॉकर रूम के अंदर कौन-कौन से ग्राहक या बाहरी लोग आए-गए थे। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी बैंक कर्मचारी की मिलीभगत से तो लॉकर तक पहुंच नहीं बनाई गई है।