हैवानियत की सारी हदें पार, भोपाल में घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या, मुंह से सोने के दांत तक उखाड़ ले गए कातिल

Aman Vaishnav | Nov 07, 2026, 08:56 IST
भोपाल के शाहजहांनाबाद में बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या, बदमाश जेवरात के साथ मुंह से सोने के दो दांत भी उखाड़कर ले गए।
Elderly Woman Murdered in Bhopal Shahjahanabad Robbers Loot Gold Teeth and Ornaments
राजधानी भोपाल के शाहजहांनाबाद इलाके में गुरुवार को एक बेहद रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां की वाजपेयी नगर मल्टी में रहने वाली बुजुर्ग महिला कलरी देवी प्रजापति की उनके ही घर के अंदर गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी।

आरोपी हत्या के बाद बुजुर्ग महिला के मुंह से सोने के दो दांत तक उखाड़कर अपने साथ ले गए।



इस पूरी वारदात का खुलासा तब हुआ जब पड़ोस में रहने वाली एक महिला उनके घर पहुंची। उस समय घर का मेन दरवाजा खुला हुआ था और कलरी देवी का शव बाथरूम के पास बेसुध हालत में पड़ा था। पड़ोसियों और परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



लूटपाट की नीयत से आए थे हत्यारे: जेवरात भी ले उड़े

जानकारी के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने घर में लूटपाट की। महिला के शरीर पर जितने भी गहने थे, वे सब उतार लिए गए।



  • नाक की सोने की बाली गायब मिली।
  • कान के सोने के झुमके लूट लिए गए।
  • पैरों में पहनी चांदी की पायल भी बदमाश खोल ले गए।
  • मुंह में लगे सोने के दो दांत बेरहमी से उखाड़ लिए गए।

घटनास्थल की जांच करने पहुंची FSL टीम को मौके पर संघर्ष के निशान मिले हैं। इससे साफ पता चलता है कि बुजुर्ग महिला ने अपनी जान बचाने की बहुत कोशिश की थी।



नानी कहती थीं, ये दांत मरने के बाद भी साथ जाएंगे

मृतका के नाती विकास प्रजापति ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह अपने काम पर चला गया था। उसके मामा भी अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। नानी घर में बिल्कुल अकेली थीं। दोपहर में एक दोस्त का फोन आया कि नानी को कुछ हो गया है। जब वह घर पहुंचा तो देखा कि नानी बाथरूम के पास जमीन पर पड़ी थीं।



विकास ने बताया कि नानी के मुंह में लगे सोने के दांत उनके नाना की आखिरी निशानी थे। नानी हमेशा कहा करती थीं कि ये दांत उनके पति की याद हैं। मरने के बाद भी उनके साथ ही जाएंगे। वहीं जालिम हत्यारों ने उनसे वह आखिरी निशानी भी छीन ली।



परिवार की पृष्ठभूमि और पुलिस जांच

बता दें कि कलरी देवी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की रहने वाली थीं। उनके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। उनका बेटा सूबेदार प्रजापति बोल नहीं सकता है। वह अपनी मां के साथ ही रहता था। मृतका के पति हरिचरण सिंह प्रजापति कलेक्ट्रेट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। साल 2021 में बीमारी के चलते पति का निधन हो गया था। इसके बाद बेटे सूबेदार को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।



फिलहाल शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।



ये खबर क्यों जरूरी है?

भोपाल में बुजुर्ग महिला की हत्या (Elderly woman murdered in Bhopal) की यह घटना इसलिए अहम है, क्योंकि राजधानी भोपाल में एक बुजुर्ग महिला की घर के अंदर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने लूटपाट के लिए उनकी जान ले ली और सोने के दांत तक उखाड़ लिए। यह घटना बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। खासकर उन लोगों के लिए, जो घर में अकेले रहते हैं। पुलिस के सामने अब हत्यारों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।

Tags:
  • भोपाल में बुजुर्ग महिला की हत्या की
  • Elderly woman murdered in Bhopal
  • शाहजहांनाबाद थाना पुलिस
  • cctv
  • बुजुर्ग महिला की घर के अंदर हत्या
  • अनुकंपा नियुक्ति
  • भोपाल