शाहपुरा तालाब में अतिक्रमण पर NGT सख्त, टूटेगा 50 मीटर लंबा अवैध रास्ता, अधिकारियों को देना होगा हिसाब
एनजीटी की सेंट्रल जोन बेंच में न्यायमूर्ति शिव कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य डॉ. प्रशांत गार्गव की पीठ ने नितिन सक्सेना विरुद्ध मध्य प्रदेश राज्य वेटलैंड प्राधिकरण एवं अन्य के मामले में संयुक्त सुनवाई की। सुनवाई के दौरान तालाब में अतिक्रमण और पर्यावरण को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई गई। पीठ ने जलस्रोतों के संरक्षण के लिए मुख्य सचिव से लेकर मैदानी स्तर के अधिकारियों तक की जिम्मेदारी तय की है।
अवैध रास्ता तोड़ने के बाद मलबा भी हटाना होगा
शाहपुरा तालाब के जल क्षेत्र को भरकर करीब 50 मीटर लंबा रास्ता बनाया गया है। एनजीटी ने इसे तत्काल तोड़ने का निर्देश दिया है। सिर्फ रास्ता तोड़ना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि इससे निकलने वाले मलबे को भी हटाना होगा। मलबे को तालाब की निर्धारित 50 मीटर की सीमा से बाहर ले जाना होगा या उसे तय लैंडफिल साइट पर डालना होगा, ताकि दोबारा जल क्षेत्र को नुकसान न पहुंचे। इसके अलावा भोपाल कलेक्टर और राज्य वेटलैंड प्राधिकरण को तालाब की नापजोख कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान यदि कहीं और अतिक्रमण मिलता है, तो नियमों के तहत तत्काल कार्रवाई करनी होगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दफ्तर और सरकारी स्कूल पर भी उठे सवाल
शाहपुरा तालाब के किनारे बने कुछ सरकारी भवनों का मामला भी एनजीटी के सामने आया है। संयुक्त समिति की रिपोर्ट में मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कार्यालय और एक सरकारी स्कूल के भवन का उल्लेख किया गया है। एनजीटी ने इन भवनों के निर्माण और तालाब की जमीन पर संभावित अतिक्रमण के मामले को भी संज्ञान में लिया है। तालाब की वास्तविक सीमा तय होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि कौन-सा निर्माण प्रतिबंधित क्षेत्र के दायरे में आता है।
सिर्फ भोपाल नहीं, पूरे एमपी में होगी तालाबों की नापजोख
एनजीटी का आदेश केवल शाहपुरा तालाब तक सीमित नहीं है। पीठ ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और राज्य वेटलैंड प्राधिकरण को सुप्रीम कोर्ट के 12 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुसार प्रदेश के वेटलैंड का वैज्ञानिक तरीके से सीमांकन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी जिलों के कलेक्टरों की मदद ली जाएगी। खास बात यह है कि 2.25 हेक्टेयर यानी करीब साढ़े पांच एकड़ से कम क्षेत्रफल वाले वेटलैंड और जल निकायों की भी पहचान की जाएगी। सीमांकन का उद्देश्य यह पता लगाना है कि तालाब और उससे जुड़े जल क्षेत्र की वास्तविक सीमा कहां तक है। इससे जलस्रोतों की जमीन पर होने वाले अतिक्रमण की पहचान करने में आसानी होगी।
सैटेलाइट नक्शों से खुलेगा तालाबों की जमीन का हिसाब
तालाबों की वास्तविक सीमा तय करने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ जमीन से जुड़े सरकारी रिकॉर्ड की भी मदद ली जाएगी। जीआईएस (GIS) विशेषज्ञ सैटेलाइट नक्शों के जरिए जलस्रोतों और उनके आसपास के क्षेत्र का अध्ययन करेंगे। इसके तहत 300 मीटर के बफर जोन में सैटेलाइट नक्शों का गांवों के डिजिटल खसरा नक्शों से मिलान किया जाएगा। तहसीलदार और संयुक्त निरीक्षण दल जमीन से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड, खसरा और नक्शों की जांच करेंगे।