बाबा के झांसे में आया पिता, गड़े धन के लिए नाबालिग बेटी की दे दी बलि
समझें क्या है पूरा मामला....
- भोपाल के सूखी सेवनिया इलाके में पिता ने की बेटी की हत्याकर दी।
- यह हत्या गड़े धन के लालच में की गई थी।
- एक कथित बाबा ने पिता को बहलाया था।
- बाबा के कहने पर बेटी को खेत में ले जाकर अनुष्ठान के नाम पर मार डाला ।
- बाद में शव खेत में ही दफना दिया गया।
पूर्णिमा की रात हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक पूरी घटना पूर्णिमा की रात हुई थी। आरोपी को एक कथित बाबा ने खेत की मेड़ में गड़ा धन होने का लालच दिया था। इसी लालच में वह अपनी बेटी को लेकर खेत पहुंचा था। खेत में बाबा और उसका एक साथी पहले से ही मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि अनुष्ठान के नाम पर पहले बच्ची की डंडे से पिटाई की गई थी। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
झूठी गुमशुदगी दर्ज कराई
हैरानी की बात है कि वारदात के बाद पिता खुद ही सीधे थाने पहुंच गया। उसने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शुरुआत में पुलिस को इस साजिश की भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया।
एसपी ने बताया घटनाक्रम
एसपी पंकज पांडे के अनुसार 3 अप्रैल को आरोपी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि खलिहान में सोते समय कोई अज्ञात व्यक्ति बेटी को उठा ले गया। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की।
वहीं 7 मई को खलिहान से करीब 200 मीटर दूर एक खेत में बच्ची का कंकाल मिला। जब पोस्टमार्टम आई रिपोर्ट तब जाकर इस घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर विधिवत जांच शुरू की।
पत्नी के शक से खुला राज
जांच के दौरान आरोपी पिता भी अचानक घर से लापता हो गया था। पुलिस ने उसकी भी गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी की पत्नी ने अपने पति पर शक जताया।
पत्नी के इस शक ने जांच की दिशा बदल दी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर सबूत जुटाने शुरू किए। मिले सुरागों के आधार पर 14 जुलाई को आरोपी को विदिशा जिले के गंजबासौदा से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया। उसने पूरी वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने अपहरण के मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। इसके बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अब कथित बाबा और उसके साथी की तलाश में जुटी है। दोनों फरार बताए जा रहे हैं।
यह मामला एक बार फिर अंधविश्वास के खतरनाक स्तर को उजागर करता है। गड़े धन के लालच में एक पिता ने अपनी ही बेटी की जान ले ली।
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी में अंधविश्वास का खूनी खेल, जादू-टोने के शक में दो की हत्या, आरोपी ने ऐसे बिछाया था जाल
एमपी में पतियों के लिए काल बनी पत्नियां, 7 महीनों में 15 को उतारा मौत के घाट
क्राइम न्यूज: गला दबाया, सिर फोड़ा फिर चाकुओं से किया वार, उर्मिला सैनी मर्डर केस में नया मोड़
एमपी न्यूज: शर्मनाक! बस में दिखा रहा था प्राईवेट पार्ट, फिर लड़की ने जो किया वो...