ट्विशा शर्मा केस : फरार पति हाईकोर्ट पहुंचा, सास गिरबाला पर एक्शन की तैयारी
पांच पाइंट में समझें पूरा मामला
- भोपाल पुलिस ने ट्विशा शर्मा केस में फरार पति समर्थ सिंह पर ₹30 हजार का इनाम घोषित किया है।
- समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या समेत कई धाराओं में एफआईआर पहले ही दर्ज है।
- अदालत ने मध्य प्रदेश के बाहर दूसरे पोस्टमॉर्टम की याचिका खारिज कर दी।
- महिला आयोग ने सात दिन में जांच रिपोर्ट मांगी, सास गिरबाला पर एक्शन की तैयारी।
- फरार चल रहा पति अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट पहुंचा है।
भोपाल पुलिस ने ट्विशा शर्मा की मौत मामले में अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस ने उसके फरार पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए इनाम राशि पहले ₹10,000 से बढ़ाकर ₹30,000 कर दी है। समर्थ के खिलाफ पहले ही लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। इस मामले में दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज है।
इधर ट्विशा शर्मा की सास गिरबाला पर भी एक्शन की तैयारी तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार उन्हें उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष पद के हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में घटना से दिन से ही फरार चल रहा ट्विशा का पति अब अपनी अग्रिम जमानत के लिए जबलपुर हाईकोर्ट पहुंचा है। उसने गुरुवार को अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की।
शरीर पर पाए गए निशान
इस केस में भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने बताया कि विशेष जांच टीम (SIT) हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। लगातार छापेमारी और जानकारी जुटाने का काम जारी है। शुरुआती जांच में ट्विशा के शरीर पर पाए गए निशान बेल्ट से फांसी लगाने जैसे दिख रहे हैं, जिससे मामला आत्महत्या का भी शक पैदा कर रहा है।
अदालत ने दूसरे पोस्टमॉर्टम की याचिका खारिज की
भोपाल की अदालत ने मध्य प्रदेश के बाहर ट्विशा का दूसरा पोस्टमॉर्टम कराने की याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि राज्य के बाहर पोस्टमॉर्टम कराना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। साथ ही अदालत ने निर्देश दिए कि शव को सुरक्षित मॉर्चुरी में रखा जाए ताकि उसे लंबे समय तक संरक्षित किया जा सके।
सास गिरबाला से छिनेगा फोरम का अध्यक्ष पद
ट्विशा शर्मा के परिवार ने ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को जिला कंज्यूमर फोरम से हटाने की मांग की थी। परिवार ने इसके लिए राज्यपाल को पत्र भेजा था। अब इसको लेकर कार्यवाही शुरू हो चुकी है। जानकारी के अनुसार प्रशासनिक स्तर पर इसे लेकर कार्रवाई जल्द हो सकती है।
पति समर्थ पहुंचा हाईकोर्ट
इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। अब तक फरार चल रहा ट्विशा का पति समर्थ अब हाईकोर्ट पहुंचा है। यहां उसने अपनी अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है। अभी यह याचिका कोर्ट की किसी बैंच में लिस्ट नहीं की गई है। याचिका में वेकेशन बेंच में सुनवाई की मांग भी की गई है।
अब तक शव को भोपाल एम्स में
कोर्ट ने आदेश में कहा कि एम्स भोपाल में शव को केवल 4-5 दिन तक सुरक्षित रख सकता है। लंबे समय तक संरक्षित करने के लिए माइनस 80 डिग्री तापमान की आवश्यकता है। ट्विशा का परिवार अब उच्च न्यायालय में जाने की तैयारी कर रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग करेगी। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
महिला आयोग और अन्य एजेंसियों का संज्ञान
मध्य प्रदेश महिला आयोग ने भी मामले में संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव और डीजीपी को पत्र लिखा है। आयोग ने सात दिनों में एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है। इसमें एफआईआर, समर्थ सिंह की गिरफ्तारी, पासपोर्ट जब्ती, सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और फॉरेंसिक जांच से जुड़ी जानकारी शामिल है।
विवेक तन्खा ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपने की मांग की।
नागरिक और सैनिकों की प्रतिक्रिया
भोपाल में रिटायर्ड सैनिकों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बाइक रैली और प्रदर्शन किया। उनके नेतृत्व में ज्ञापन भी अधिकारियों को सौंपा गया। ट्विशा के परिवार ने सास और जिला उपभोक्ता फोरम की सदस्य को पद से हटाने की भी मांग की है।
यह खबरें भी पढ़ें...
ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में नया मोड़, शरीर पर मिले चोट के निशान, पोस्ट मार्टम रिपॉर्ट ने खोला राज
ट्विशा शर्मा मर्डर केस: फरार पति समर्थ सिंह का पासपोर्ट होगा जब्त, लुकआउट सर्कुलर जारी
ट्विशा शर्मा मौत मामला : पति समर्थ सिंह पर 10 हजार का इनाम, अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज
ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में नया खुलासा, सास ने ड्रग एडिक्ट होने का किया दावा