भोपाल की बड़ी पत्रकारिता यूनिवर्सिटी की छात्रा का आरोप- शादी का झांसा देकर कर्मचारी ने किया रेप, FIR दर्ज
जब उसने शादी करने की बात कही तो कर्मचारी ने इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा ने पुलिस से मदद मांगी। रातीबड़ पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद बुधवार देर रात आनंददीप सिंह भामरा के खिलाफ रेप की एफआईआर (FIR) दर्ज की है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
छोटे-मोटे कामों में करता था मदद, धीरे-धीरे बढ़ी नजदीकियां
छात्रा के मुताबिक, आनंददीप से उसकी मुलाकात यूनिवर्सिटी में ही हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत होती थी। आनंददीप उसके छोटे-मोटे कामों में मदद भी करता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो आगे चलकर प्रेम संबंध (Relationship) में बदल गई।
पत्नी को तलाक देकर शादी करने का दिया था भरोसा
छात्रा का आरोप है कि आनंददीप पहले से शादीशुदा था। उसने भरोसा दिलाया था कि वह जल्द ही अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी कर लेगा। छात्रा का दावा है कि इसी भरोसे पर आरोपी ने 27 अगस्त को यूनिवर्सिटी कैंपस में बने अपने क्वार्टर में पहली बार उसके साथ रेप किया।
शादी की बात करने पर आरोपी ने किया इनकार
छात्रा का कहना है कि आनंददीप शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में जब उसने शादी करने के लिए कहा तो आरोपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा रातीबड़ थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
रातीबड़ पुलिस ने छात्रा की शिकायत की जांच करने के बाद बुधवार देर रात आरोपी कर्मचारी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।