वाजपेयी नगर हत्याकांड में खुलासा, आरोपी बोली-जब तक सांसें नहीं थमीं, तब तक नाक और मुंह दबाए रखा

Aman Vaishnav | Nov 10, 2026, 08:23 IST
भोपाल के वाजपेयी नगर में बुजुर्ग महिला की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी रेखा को गिरफ्तार कर लिया।
Shahjahanabad Police Arrest Neighbor Rekha for Murdering Elderly Woman in Bhopal Vajpayee Nagar Based on CCTV Clues
भोपाल के वाजपेयी नगर में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में 45 साल की रेखा उर्फ रीता को गिरफ्तार किया है। शाहजहांनाबाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से कई अहम सुराग मिले हैं। इन्हीं के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है।

बता दें कि मृतका कलरी देवी मल्टी के ए-2 ब्लॉक में रहती थीं। वहीं आरोपी महिला ए-1 ब्लॉक में रहती है।



उधार के इनकार से शुरू हुई थी बहस

जानकारी के अनुसार कथित आरोपी और कलरी देवी की पहले से ही जान-पहचान थी। वह उधार रुपए मांगने उनके घर गई थी। पैसे देने से इनकार होने पर ही दोनों के बीच बहस हुई थी। यह बहस इतनी बढ़ी कि आरोपी का गुस्सा नियंत्रण से बाहर हो गया। पुलिस के मुताबिक यही बहस बाद में हिंसा में बदल गई।



इसके बाद 6 नवंबर को गुस्से और जेवरात के लालच में रेखा ने बुजुर्ग को नीचे गिरा दिया। उसने बुजुर्ग का मुंह और नाक तब तक दबाए रखा जब तक उनकी सांसें नहीं थम गईं।



सबूत हो तभी हाथ लगाना...

वारदात के बाद जब पुलिस ने रेखा को हिरासत में लिया तो वह बेफिक्र थी। एसआईटी और पुलिस स्टाफ करीब 7 से 8 घंटे तक उससे पूछताछ करता रहा। वह भी लगातार पुलिस को ही आंखें दिखाती रही थी। उसने कहा कि मेरे खिलाफ कोई पुख्ता सबूत हो तभी हाथ लगाना।



एसीपी अनिल बाजपेयी ने पूछताछ शुरू की और कोई सुराग न मिलने पर वे कुर्सी से उठने लगे। इसके बाद रेखा दोनों हाथ जोड़कर बोली कि रुकिए साहब, मुझे आपके चेहरे में साईं बाबा नजर आ रहे हैं। आप बैठिए मैं बताती हूं कि कलरी देवी को कैसे मारा। इसके बाद उसने हत्या की पूरी सच्चाई कबूल कर ली।



जेवरात लूटे, एक सोने का दांत बरामद

घटनास्थल पर पुलिस को कलरी देवी का एक सोना जड़ा दांत मिला था जबकि दूसरा दांत गायब था। पूछताछ में रेखा ने सोने के झुमके, नाक की लौंग, चांदी की पायल और नकदी लूटना कबूल कर लिया है। हालांकि उसने दूसरे दांत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या दूसरे दांत में भी सोना लगा था या नहीं।



सीसीटीवी में कैद चाल और चप्पल से पकड़ी गई

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के जनसंवाद में लोगों द्वारा सुरक्षा की मांग उठाने पर वाजपेयी नगर मल्टी में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। हत्या करने के बाद रेखा ने फ्लैट के दरवाजे से बाहर पैर निकाला था, लेकिन किसी की आहट सुनकर उसने पैर वापस खींच लिया। राहगीर के वहां से जाते ही वह मुंह ढककर बाहर निकली। कैमरों में कैद हुई उसकी चाल और चप्पल से ही पुलिस उस तक पहुंची।



पहले भी गंभीर अपराध में जा चुकी है जेल

डीसीपी आयुष गुप्ता (जोन-3) के अनुसार शाहजहांनाबाद पुलिस ने रेखा को हत्या और लूट के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर लूटे गए जेवर, नकदी, वारदात के समय पहने कपड़े और चप्पल बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह निशातपुरा में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में ढाई साल जेल में रह चुकी है। उस पर मारपीट और धमकाने का केस भी दर्ज है।




यह खबर क्यों जरूरी है?

भोपाल जैसी राजधानी में घर के भीतर बुजुर्ग की हत्या (कलरी देवी की हत्या) सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। अकेले रहने वाले बुजुर्गों के लिए यह मामला चेतावनी जैसा है। उधार के छोटे विवाद कितनी जल्दी हिंसा में बदल सकते हैं, यह भी इस घटना से साफ होता है। पीड़िता के जीवन और सम्मान का अधिकार संविधान की मूल भावना से जुड़ा है। अब पुलिस की जांच और अदालत की प्रक्रिया ही पूरा सच सामने लाएगी। सतर्क परिवार और जागरूक पड़ोसी ऐसे मामलों को रोकने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

Tags:
  • वाजपेयी नगर में बुजुर्ग महिला की हत्या
  • बुजुर्ग महिला की हत्या
  • वाजपेयी नगर हत्याकांड
  • कलरी देवी
  • पुलिस कमिश्नर संजय कुमार
  • डीसीपी आयुष गुप्ता
  • एसीपी अनिल बाजपेयी
  • शाहजहांनाबाद पुलिस
  • कलरी देवी की हत्या