भोपाल में 52 बच्चों से भरी स्कूल बस पेड़ से टकराई, नशे में गाड़ी दौड़ा रहा था ड्राइवर! बच्चे बोले-अंकल बहुत तेज...

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
भोपाल के VIP रोड पर ड्राइवर की लापरवाही से स्कूल बस पेड़ से टकराई।
Bhopal VIP Road School Bus Crash Leaves 10 Injured After Drunken Driver Hits Tree, Police Arrest Accused
भोपाल के वीआईपी रोड पर शनिवार दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ जिसे सुनकर किसी भी माता पिता की रूह कांप जाएगी। लिटिल एंजिल्स स्कूल की एक बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ती हुई सीधे एक बड़े पेड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया और अंदर चीख-पुकार मच गई।

घटना के दौरान बस में 52 मासूम बच्चों और 6 शिक्षक सवार थे।



इस हादसे में 6 बच्चे और 4 शिक्षक घायल हो गए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को तुरंत हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कोहेफिजा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। साथ ही आरोपी ड्राइवर सलीम खान को हिरासत में ले लिया है।



भोपाल के VIP रोड पर स्कूल बस पेड़ से टकराई

नशे में धुत होकर तेज रफ्तार में दौड़ाई बस

हादसे का मुख्य कारण ड्राइवर की घोर लापरवाही और नशा बताया जा रहा है। एक घायल शिक्षिका के पति ने बताया कि ड्राइवर शराब के नशे में था। बस भी बहुत तेज रफ्तार में चला रहा था। कोहेफिजा सर्किल के पास बने तिराहे पर जैसे ही उसने बस को मोड़ा, वह बेकाबू हो गई। इसके बाद सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई।



जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी खतरनाक थी कि बस के पीछे बैठे बच्चे उछलकर सीधे आगे ड्राइवर के पास जा गिरे। हादसे के बाद कोहेफिजा टीआई लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि शुरुआती जांच में ड्राइवर के नशे में होने की बात सामने आई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह से साफ हो जाएगी।



मासूमों की जुबानी: अंकल बहुत तेज बस चला रहे थे

बस में सवार बच्चे इस हादसे से बुरी तरह सहमे हुए हैं। इस हादसे में घायल हुए एक बच्चे का कहना है कि ड्राइवर अंकल बस बहुत तेज चला रहे थे। अचानक बहुत जोर का झटका लगा और हम सब आगे की तरफ जा गिरे। वहीं उसकी बहन इतनी डर गई थी कि वह घर पहुंचने के बाद करीब दो घंटे तक लगातार रोती रही।



घायलों की स्थिति: अस्पताल में चल रहा है इलाज

इस दर्दनाक हादसे में घायल होने वालों की पहचान सामने आ गई है...



  • घायल छात्राएं: देविका, आमना
  • घायल शिक्षिकाएं: संगीता, शाजिया और नायला

इन सभी को तुरंत इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम (Annual Function) के लिए स्कूल की तरफ से दो बसों में कुल 104 बच्चों और 12 शिक्षकों को रवाना किया गया था। इसमें से एक बस इस भयानक हादसे का शिकार हो गई।



15 साल से किराए के भरोसे चल रहा काम

जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार इतने बड़े स्कूल के पास अपनी एक भी बस नहीं है। स्कूल के संचालक संदीप गुप्ता ने स्वीकार किया कि वे पिछले 15 सालों से फ्रेंड्स ट्रेवल्स से बसें किराए पर लेकर बच्चों को लाते ले जाते हैं।



शनिवार को भी एनुअल फंक्शन के लिए उन्होंने चार बसें किराए पर ली थीं। उन्होंने दावा किया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं। किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, जो कि प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों की हालत को देखते हुए सच्चाई से बिल्कुल अलग नजर आता है।



दूसरी तरफ हादसे का शिकार हुई बस के मालिक के भाई फराज खान का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि ड्राइवर सलीम खान को उन्होंने महज एक महीने पहले ही काम पर रखा था। फराज खान ने बताया कि ड्राइवर ने बस चलाने से पहले शराब नहीं पी थी। बाकि बाद की जानकारी उन्हें नहीं है।



Tags:
  • भोपाल में स्कूल बस पेड़ से टकराई
  • भोपाल स्कूल बस हादसा
  • Bhopal school bus accident
  • school bus accident
  • मीदिया अस्पताल
  • फ्रेंड्स ट्रेवल्स की बस