भोपाल में महंगा होगा पानी? 830 कॉलोनियों की सप्लाई निजी कंपनी को देने की तैयारी, जानें आपकी जेब पर कितना पड़ेगा असर

Sandeep Kumar | Published:
भोपाल की 830 निजी कॉलोनियों में पानी की सप्लाई और जलकर वसूली का जिम्मा निजी कंपनी को देने की तैयारी पर विवाद शुरू हो गया है।
A controversy has erupted over the proposed handover of water supply and water charge collection in 830 private colonies of Bhopal to a private company.
राजधानी भोपाल में रहने वाले लोगों को आने वाले दिनों में पानी के लिए ज्यादा पैसे चुकाने पड़ सकते हैं। नगर निगम शहर की करीब 830 निजी कॉलोनियों में पानी पहुंचाने से लेकर पाइपलाइन की देखरेख और बिल वसूली तक का काम निजी कंपनी को सौंपने की तैयारी में है। इसके लिए गजानंद सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया गया है।

हालांकि, इस व्यवस्था के लागू होने से पहले ही राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस पार्षदों के साथ निगम के कर्मचारी संगठन ने भी मोर्चा खोल दिया है।



आपकी जेब पर कितना बढ़ सकता है बोझ?

दावा है कि नगर निगम से निजी कंपनी को 17 रुपए प्रति हजार लीटर की दर से पानी मिलेगा, जबकि यही पानी कॉलोनी के रहवासियों को 20 से 22 रुपए में दिया जाएगा। यानी हर हजार लीटर पानी के लिए लोगों को 3 से 5 रुपए ज्यादा चुकाने पड़ सकते हैं। कांग्रेस पार्षदों का यह भी आरोप है कि पानी का शुल्क 250 रुपए से बढ़ाकर 700 रुपए करने की तैयारी है। अगर ऐसा होता है तो आम परिवारों का Monthly Budget बिगड़ सकता है।



प्रस्ताव से पहले टेंडर जारी होने पर उठे सवाल

बुधवार को कांग्रेस पार्षद दल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस व्यवस्था का विरोध किया। इसके बाद निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर ठेका रद्द करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी का आरोप है कि पानी की व्यवस्था निजी हाथों में देकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एमआईसी ने 13 अक्टूबर 2026 को प्रस्ताव पारित किया तो टेंडर 24 जून को ही कैसे जारी हो गया?



कांग्रेस का दावा है कि मामला नगर निगम परिषद में भी नहीं लाया गया। इसके अलावा जिस कंपनी को जिम्मेदारी देने की तैयारी है, उसके पास पर्याप्त अनुभव नहीं है। कांग्रेस ने संबंधित अधिकारियों की जांच और निगम अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



क्या कॉलोनी वालों पर थोपी जाएगी नई व्यवस्था?

नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि कांग्रेस पार्षद दल से ज्ञापन मिला है। इसमें बल्क कनेक्शन के बाद कॉलोनियों में व्यक्तिगत नल कनेक्शन देने के लिए एजेंसी के चयन और उसकी शर्तों की जांच की मांग की गई है। मामले को संज्ञान में लिया गया है। सभी कानूनी और नीतिगत पहलुओं की जांच के बाद उचित फैसला लिया जाएगा।



निगम अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी एजेंसी को सीधे काम नहीं सौंपा गया है। Water Supply की नई व्यवस्था रहवासी संगठनों की सहमति पर निर्भर करेगी। यदि किसी कॉलोनी का रहवासी संगठन इसके लिए तैयार नहीं है तो उस पर जबरदस्ती नहीं की जाएगी।



जब 1200 कर्मचारी हैं तो निजी कंपनी की क्या जरूरत?

नगर निगम के जलकार्य विभाग में पहले से करीब 1200 कर्मचारी कार्यरत बताए जा रहे हैं। ऐसे में पानी की सप्लाई और वसूली के लिए निजी एजेंसी की जरूरत क्यों पड़ रही है? कर्मचारी संगठन ने भी यही सवाल उठाया है। कर्मचारी नेता अशोक वर्मा का कहना है कि ठेका प्रथा से निगम कर्मचारियों की भूमिका प्रभावित होगी। संगठन ने ठेका रद्द नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारी संगठन को आशंका है कि निजी कंपनी बिल वसूली (Bill Collection) का काम निगम के मौजूदा कर्मचारियों से ही करा सकती है। ऐसे में निगम को कर्मचारियों की सैलरी के साथ निजी कंपनी को भी भुगतान करना पड़ सकता है।



अब निगम के फैसले पर टिकी निगाहें

पानी हर परिवार की बुनियादी जरूरत है। ऐसे में भोपाल की सैकड़ों कॉलोनियों के रहवासियों के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई व्यवस्था से उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी या पानी के लिए ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे। फिलहाल निगम ने जांच के बाद फैसला लेने की बात कही है।

Tags:
  • Bhopal water supply privatization
  • भोपाल पानी महंगा
  • Increased water charges Bhopal
  • निजी कंपनी पानी सप्लाई भोपाल
  • Private company water management Bhopal
  • भोपाल नगर निगम
  • Nagar Nigam Bhopal
  • नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार