दो मुक्का मारूंगा तो भाग जाओगे, एलन मस्क पर रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का विवादित बयान

Aman Vaishnav | Oct 15, 2026, 10:53 IST
BJP सांसद जनार्दन मिश्रा का एलन मस्क पर विवादित बयान
रीवा से BJP सांसद जनार्दन मिश्रा ने अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर एलन मस्क भारत आना चाहते हैं, तो उन्हें देश के नियम और शर्तें माननी होंगी। सांसद ने यहां तक कह दिया कि बात नहीं मानी, तो दो घूंसे मारकर भगा देंगे।

भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान

सांसद ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि वे पैसों के दम पर सब कुछ खरीद सकते हैं। उन्होंने कहा, दुनिया को खरीदे की ताकत तोह में होइए, लेकिन हिंदुस्तान के खरीदे की ताकत तोह में नहीं है। यानी दौलत के दम पर कोई भी भारत के आत्मसम्मान से खिलवाड़ नहीं कर सकता।



56 इंच वाले को झुका नहीं सकते

जनार्दन मिश्रा ने आगे कहा कि देश में इस समय एक मजबूत नेतृत्व काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी विदेशी कारोबारी यहां आकर अपनी ताकत का घमंड नहीं दिखा सकता है। उन्होंने कहा कि तुम हिंदुस्तान में 56 इंच सीना वाले नेता को झुका नहीं सकते हो।



उन्होंने यह भी समझाया कि देश की असली ताकत उसकी एकता और शांति में है। सांसद के मुताबिक, देश में जितनी ज्यादा शांति बनी रहेगी, उतनी ही तेजी से विकास होगा। शांति से ही देश की जड़ों को मजबूती मिलती है। अब जनता का भरोसा और वोट देशहित के लिए बन रहा है।



सासंद बोले- दो मुक्का मारूंगा तो भाग जाओगे

अपने भाषण के दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा का अंदाज काफी आक्रामक हो गया। उन्होंने लोगों से कहा कि किसी को भी डरने या फिक्र करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई नियमों का पालन नहीं करेगा और दादागिरी दिखाएगा, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



सांसद ने मंच से कहा कि दो मुक्का मारूंगा तो भाग जाओगे। यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। यह विवादित बयान अब सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।



मस्क और सरकार के बीच क्यों शुरू हुआ था विवाद?

इस पूरे विवाद की जड़ें कुछ दिन पुरानी हैं। दरअसल, सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक के मालिक एलन मस्क (Elon musk) ने भारत में इंटरनेट लाइसेंस को लेकर सवाल उठाए थे। मस्क ने लाइसेंस आवंटन के तौर-तरीकों को लेकर भारत सरकार की नीतियों की आलोचना की थी।



इतना ही नहीं मस्क ने भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) का नाम लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर तंज कसा था। इसी बात को लेकर देश में सियासी बहस छिड़ गई थी। कई नेताओं ने इसे भारत के अंदरूनी फैसलों में दखल माना। इसके बाद अब बीजेपी सांसद का यह तीखा पलटवार सामने आया है।



पहले भी विवादों में रह चुके रीवा सांसद

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने ऐसा कोई बयान दिया है। इससे पहले भी वह अपने अजीबोगरीब बयानों के लिए जाने जाते रहे हैं।



कुछ समय पहले जब देश में ई-20 पेट्रोल (E-20 Petrol) को लेकर चर्चा चल रही थी। तब भी उन्होंने विवाद खड़ा कर दिया था। उन्होंने भरी सभा में सवाल पूछने वालों से कह दिया था कि यह तुम्हारे बाप के यहां से आएगा क्या?



हालांकि बाद में सफाई देते हुए उन्होंने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के संकट और देश की आत्मनिर्भरता को समझाने के लिए उन्होंने यह बात कही थी। अब मस्क पर दिए गए इस नए बयान से एक बार फिर बड़ा सियासी घमासान खड़ा हो गया है।



Tags:
  • भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान
  • भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा
  • एलन मस्क
  • मुकेश अंबानी
  • Mukesh Ambani
  • स्टारलिंक के मालिक एलन मस्क