11 हजार शक्ति केंद्र और 64 हजार बूथ पर नए लोगों को जोड़ेगी BJP... 4 तरीकों से ली जा सकेगी सदस्यता

Ravi Kant Dixit | Aug 20, 2024, 20:21 IST
STYLESHEET THESOOTR - 2024-08-20T200512.808
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मंगलवार, 20 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सदस्यता अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा, संगठन पर्व के दौरान बीजेपी की सदस्यता लेने के लिए चार तरीकों का प्रयोग किया जा सकेगा।

BHOPAL. मध्य प्रदेश में बीजेपी अपने संगठन को विस्तार देने जा रही है। संगठन पर्व के तहत विभिन्न गतिविधियां होंगी। पार्टी 11 हजार शक्ति केंद्रों और 64 हजार से ज्यादा बूथों तक सदस्यता अभियान चलाएगी। चार तरीकों से लोग बीजेपी की सदस्यता ले सकेंगे।



प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मंगलवार, 20 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सदस्यता अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा, संगठन पर्व के दौरान बीजेपी की सदस्यता लेने के लिए चार तरीकों का प्रयोग किया जा सकेगा। युवा मोबाइल नंबर पर मिस्ड कॉल देकर पार्टी से जुड़ सकते हैं। स्मार्ट फोन का उपयोग करने वाले लोग क्यूआर कोड को स्कैन कर जुड़ सकते हैं। नमो ऐप और बीजेपी की वेबसाइट bjp.orgके जरिए भी पार्टी की सदस्यता ली सकती है।



17 अगस्त को हो गई शुरुआत

वीडी ने रोडमैप बताते हुए कहा, संगठन पर्व की तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर 17 अगस्त को संपन्न कार्यशाला से इसकी शुरुआत हो गई है। अब 21 अगस्त को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला होगी। इसमें संगठन पर्व की रूपरेखा बनाई जाएगी। कार्यशाला में पार्टी महासचिव अरुण सिंह समेत अन्य नेता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।



कब-कब होंगी कार्यशालाएं

वीडी ने बताया कि 22, 23 और 24 अगस्त को सभी जिलों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। मंडलों की कार्यशाला 25, 26, 27 अगस्त को होंगी। प्रदेश के करीब 11 हजार शक्ति केंद्रों पर 28 और 29 अगस्त को कार्यशालाएं होंगी। 31 अगस्त को प्रदेश के सभी 64 हजार 871 बूथों पर एक साथ संगठन पर्व से जुड़ी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।



तावड़े राष्ट्रीय प्रभारी, सबनानी को प्रदेश का जिम्मा

प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि संगठन पर्व के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को प्रभारी बनाया गया है। मध्यप्रदेश में प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी को जिम्मा दिया गया है। उनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल भी इस टोली में शामिल होंगे। जिला स्तर की टोली में एक संयोजक और तीन कार्यकर्ता सदस्य होंगे। मंडल स्तर पर एक संयोजक और दो सदस्य होंगे। प्रदेश के सभी 11 हजार से ज्यादा शक्ति केंद्रों पर सदस्यता अभियान के संयोजक बनाए जाएंगे।



वीडी ने बताई बीजेपी की ताकत

वीडी ने कहा, बीजेपी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। देशभर में हमारे करीब 18 करोड़ सदस्य हैं, जबकि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता 9 करोड़ है। हर स्तर की कार्यशालाएं हो जाने पर जो लक्ष्य सामने आएंगे, तब प्रदेश स्तर पर इसे लेकर तैयारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले अभियान में मध्यप्रदेश में मिस्ड कॉल से करीब 1 करोड़ लोगों को पार्टी से जोड़ा गया था।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



RAVIKANT DIXIT




Tags:
  • प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा
  • नए लोगों को जोड़ेगी BJP
  • 11 हजार शक्ति केंद्र
  • 64 हजार बूथ
  • प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी
  • प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती