कनाडा में उज्जैन के छात्र की हत्या, शव लाने के लिए चाहिए 45 लाख, परिवार ने मांगी मदद
Ujjain. मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की दो दिन पहले कनाडा में कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस दुखद घटना के बाद अब परिवार के सामने बेटे का शव भारत लाने की एक बड़ी आर्थिक चुनौती खड़ी हो गई है।
शव लाने में लगेंगे करीब 45 लाख रुपए
परिजनों का कहना है कि कनाडा सरकार शव सौंपने के बदले करीब 40 हजार डॉलर यानी लगभग 35 लाख रुपए जमा कराने की मांग कर रही है। इसके साथ ही जांच प्रक्रिया का हवाला देते हुए अस्पताल से बॉडी मिलने में भी करीब 15 दिन का समय लगेगा।
परिवार ने बताया कि शव को कनाडा से उज्जैन लाने में करीब 10 लाख रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा। कुल मिलाकर बेटे को आखिरी बार देखने के लिए परिवार को करीब 45 लाख रुपए की जरूरत है।
सरकार से मदद की आस
गुरकीरत के पिता गुरजीत सिंह बेहद परेशान हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी रकम का इंतजाम करना उनके बस के बाहर है। टूट चुके पिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से गुहार लगाई है कि सरकार इस कठिन समय में उनकी आर्थिक सहायता करे ताकि वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार अपने वतन में कर सकें।
सवा साल पहले पढ़ाई के लिए गया था बेटा
पिता ने नम आंखों से बताया कि गुरकीरत लगभग सवा साल पहले ही उज्जैन से कनाडा पढ़ाई के लिए गया था। वह स्वभाव से बेहद शांत और नेक इंसान था और कभी किसी विवाद में नहीं पड़ता था।
इस बीच, कनाडा पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी मिली है कि कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो-तीन अन्य संदिग्धों की तलाश अभी जारी है।
शोक में डूबा परिवार, वीजा की तैयारी
उज्जैन में गुरकीरत के घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पारिवारिक मित्र अभिलाष जैन ने बताया कि परिवार के सदस्य अब कनाडा जाने के लिए वीजा प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं ताकि वहां पहुंचकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। स्थानीय समाज और परिचित भी परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
ये खबरें भी पढ़िए..
पत्नी को एक थप्पड़ मारना क्रूरता नहीं, गुजरात HC का बड़ा फैसला
गौतस्करों और गौरक्षकों के बीच खूनी मुठभेड़, भारी पथराव में मारा गया एक युवक
गर्लफ्रेंड को ब्लॉक करना पड़ा भारी, लड़की ने अपने ही बॉयफ्रेंड के दिल में मारा चाकू, मौत
MP News:आरकेडीएफ कॉलेज भोपाल पर एक करोड़ का जुर्माना, एनएमसी का एक्शन