दो दिन भोपाल में रहे CEC ज्ञानेश कुमार, कांग्रेस विधायक संग खिंचाई फोटो, उनके जाने के बाद जागे कांग्रेसी, पुतला लेकर इधर-उधर दौड़े

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
भोपाल में शादी समारोह के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिले कांग्रेस विधायक अजय सिंह, विदाई के 10 घंटे बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन।
Congress MLA Ajay Singh meets CEC Gyanesh Kumar at a Bhopal wedding while local Congress workers protest ten hours after his departure to Delhi
सियासत में अक्सर कहा जाता है कि विपक्ष की नजरें हमेशा सत्ता और संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों की हर हलचल पर टिकी रहती हैं। वहीं मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुए एक वाकये ने कांग्रेस की तेज नजर और सक्रियता की पोल खोल दी है। हालत यह है कि एक तरफ कांग्रेस देशभर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोट चोरी का मोर्चा खोले बैठी है।

दूसरी तरफ वही ज्ञानेश कुमार भोपाल आए, दो दिन तक शादी की दावत का आनंद लिया और किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई।



मजे की बात तो यह है कि स्थानीय कांग्रेस नेताओं की नींद तब खुली, जब सीईसी साहब के इस भोपाल दौरे को पूरे 10 घंटे बीत चुके थे। यानी जब तक कांग्रेस विरोध की रणनीति बनाती, तब तक मेहमान दावत का आनंद लेकर भोपाल छोड़ चुके थे।




होटल से एयरपोर्ट तक दौड़े कार्यकर्ता, हाथ आई सिर्फ निराशा

जानकारी के अनुसार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने भांजे और डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिनों तक भोपाल में ठहरे थे। बुधवार सुबह ही वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। इसके करीब 10 घंटे बाद यानी बुधवार शाम तक कांग्रेस नेताओं को उनके भोपाल प्रवास की खबर मिली थी।



जानकारी मिलते ही पार्टी में दिल्ली से भोपाल तक हड़कंप मच गया। इतना ही नहीं पार्टी ने आनन फानन में विरोध प्रदर्शन की तैयारी शुरू की गई। युवा कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता पुतला लेकर सबसे पहले उस होटल में पहुंचे जहां सीईसी ठहरे हुए थे।



वहीं जब वहां से उनके रवाना होने की बात पता चली तो कार्यकर्ता सीधे एयरपोर्ट की तरफ भागे। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उनकी फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी थी। आखिरकार करीब दो घंटे की भागदौड़ के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने ही पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।



प्रदर्शन से नदारद रहे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी

शाम को जब सीईसी के दौरे की सूचना फैली तो तुरंत कार्यकर्ताओं को पीसीसी बुलाया गया। इस दौरान यह सूचना भी जारी की गई थी कि प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। पुतला दहन के इस पूरे कार्यक्रम में जीतू पटवारी खुद नहीं पहुंच सके जिसकी चर्चा राजनीतिक गलियारों में हो रही है।



पहले पता चलता तो घुसने नहीं देते

इस पूरे मामले पर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सीईसी एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भोपाल आए थे। मुकेश नायक ने दावा किया कि यदि पार्टी को पहले से उनके आने की जानकारी मिल जाती, तो वे उन्हें भोपाल में घुसने ही नहीं देते।



इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची में हो रही गड़बड़ियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीईसी को राजनीतिक दलों और प्रभावित लोगों की शिकायतों को सुनना चाहिए।



एक वायरल फोटो ने दिल्ली से भोपाल तक बढ़ाई हलचल

इस घटनाक्रम में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस विधायक अजय सिंह (राहुल भईया) की एक तस्वीर सामने आई। दरअसल मंगलवार को इसी विवाह समारोह में अजय सिंह भी शामिल हुए थे। इतना ही नहीं उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात भी की थी। हैरानी की बात यह रही कि अजय सिंह के इस शादी में जाने और सीईसी से मिलने के बावजूद पार्टी के बाकी नेताओं को उनके भोपाल दौरे की कोई खबर नहीं लगी।



शादी में शरीक होने और ज्ञानेश कुमार से मुलाकात करने के बाद अजय सिंह ने खुद यह फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की। यह फोटो सामने आते ही दिल्ली से लेकर भोपाल तक सियासी हलचल तेज हो गई है। इसके बाद कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।



कांग्रेस विधायक अजय सिंह और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

सोशल मीडिया पर पार्टी समर्थकों ने उठाए सवाल

अजय सिंह और ज्ञानेश कुमार की मुलाकात की यह फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर को देखकर कांग्रेस पार्टी के समर्थकों की अलग अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई समर्थक सोशल मीडिया पर यह सवाल पूछते नजर आ रहे हैं कि एक तरफ पार्टी के बड़े नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर हमलावर हैं, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के ही एक वरिष्ठ नेता का इस तरह उनसे मिलना क्या दर्शाता है।

Tags:
  • Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar
  • मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार
  • Congress MLA Ajay Singh
  • कांग्रेस विधायक अजय सिंह
  • कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी
  • ज्ञानेश कुमार
  • डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन