मध्यप्रदेश के सबसे अमीर प्रत्याशी बने चेतन्य कश्यप, संजय पाठक को पीछे छोड़ा, जानिए पांच साल में कैसे हुई 296 करोड़ संपत्ति

Jitendra Shrivastava | Nov 09, 2023, 24:00 IST
मध्यप्रदेश के सबसे अमीर प्रत्याशी बने चेतन्य कश्यप, संजय पाठक को पीछे छोड़ा, जानिए पांच साल में कैसे हुई 296 करोड़ संपत्ति
मध्य प्रदेश में इस बार सबसे अमीर कंडिडेट की कुर्सी पर रतलाम से बीजेपी विधायक और बीजेपी प्रत्याशी चैतन्य कश्यप ने कब्जा कर लिया।

BHOPAL. मध्य प्रदेश में इस बार सबसे अमीर कंडिडेट की कुर्सी पर रतलाम से बीजेपी विधायक और बीजेपी प्रत्याशी चैतन्य कश्यप ने कब्जा कर लिया। उन्होंने संजय पाठक को इस बार पीछे कर दिया है। एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार विधानसभा चुनाव के लिए चैतन्य कश्यप ने जो शपथ पत्र दायर किया है उसके मुताबिक चेतन्य कश्यप के नाम 296 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं 2018 विधानसभा चुनाव में नंबर वन की कुर्सी पर बैठे संजय पाठक इस बार दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। संजय पाठक के पास 242 करोड़ रुपए से ज्यादा की दौलत है।



मध्यप्रदेश के सबसे धनी विधायक थे संजय पाठक



संजय पाठक कटनी जिले के विजय राघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में संजय पाठक ने अपनी संपत्ति 226 करोड़ रुपए से अधिक की बताई थी। संजय पाठक कई खदानों के मालिक हैं। इनमें संगमरमर की खदानें भी हैं। उनके पिता सत्येंद्र पाठक, दिग्विजय सिंह मंत्रिमंडल में खनिज मंत्री रहे हैं। ऐसा माना जाता है कि खदानें इसी अवधि में आवंटित हुई थीं। संजय पाठक के बारे में कहा जाता है कि वह राजनीति अपना कारोबार बचाने के लिए करते हैं।



चैतन्य कश्यप की संपत्ति पाठक से ज्यादा हुई



2018 के सबसे अमीर विधायकों में शामिल रहे बीजेपी प्रत्याशी चेतन्य कश्यप ने इस बार भी रतलाम जिले की रतलाम शहर विधानसभा सीट से नामांकन भरा है। इस बार जो हलफनामा दोनों ने दायर किया है, उसके मुताबिक चैतन्य कश्यप की सपंत्ति पाठक से भी ज्यादा हो गई है। इस बार के हलफनामे में चेतन्य कश्यप के नाम 296 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है, जबकि संजय पाठक के पास 242 करोड़ रुपए से ज्यादा की दौलत है।



पांच साल में ऐसे बढ़ी चेतन्य की संपत्ति?



भाजपा विधायक चेतन्य कश्यप ने अपने शपथ पत्र में कुल 296.08 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई है। 2018 के चुनाव में उन्होंने कुल 204 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई थी। दस साल पहले यानी 2013 में चेतन्य के पास कुल 120 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। इस तरह से बीते 10 साल में उनकी संपत्ति में 176 करोड़ रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।



2022-23 में 1.35 करोड़ रुपए की कमाई



चेतन्य कश्यप, उनकी पत्नी नीता की सालाना कमाई की बात करें तो, यह करोड़ों में है। 2018-19 में कश्यप परिवार की कुल कमाई 1.02 करोड़ रुपए थी। अगले वित्त वर्ष में कमाई में कमी हुई। 2019-20 में ये घटकर 88.74 लाख रुपए हो गई। 2020-21 में परिवार की आमदनी में इजाफा हुआ और ये 1.07 करोड़ रुपए हो गई। वहीं, 2021-22 में कमाई में फिर भारी बढ़ोतरी हुई और ये 1.28 करोड़ रुपए हो गई। वहीं 2022-23 में 1.35 करोड़ रुपए की कमाई हुई।



रतलाम-मुंबई में 16 बैंक खाते



शपथ पत्र के अनुसार बीजेपी विधायक और उनके परिवार के पास 1,08,815 रुपए नकदी के रूप में हैं। बीजेपी नेता और उनके परिवार के सदस्यों के रतलाम और मुंबई में कुल 16 बैंक खाते हैं जिनमें कुल 1.43 करोड़ रुपए जमा हैं। चेतन्य कश्यप अपने पास 17.87 लाख रुपए कीमत के गहने हैं। वहीं, पत्नी नीता के पास 50.48 लाख रुपये के जेवरात हैं। चेतन्य के पास 11.75 लाख रुपए की टीयूवी, जबकि 13 लाख रुपए की इनोवा कार है। चैतन्य कश्यप के पास कुल 8.16 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। इसमें सबसे ज्यादा 3.73 करोड़ की चल संपत्ति उनकी पत्नी नीता कश्यप के नाम पर हैं। वहीं, चैतन्य कश्यप के नाम पर 2.32 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वहीं, 2.11 करोड़ रुपए की संपत्ति परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर है।



कमाई का स्त्रोत क्या है?



चैतन्य कश्यप ने खुद, पत्नी और परिवार की कमाई का जरिया व्यवसाय, किराया, डिवीडेंड आदि को बताया है। बीजेपी विधायक ने विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से 1976 में बीकॉम (द्वितीय वर्ष) की पढ़ाई की है।



Tags:
  • MP News
  • Madhya Pradesh
  • मध्यप्रदेश
  • एमपी न्यूज
  • Chetanya Kashyap became the richest candidate
  • left Sanjay Pathak behind
  • know how he acquired assets worth Rs 296 crore
  • सबसे अमीर प्रत्याशी बने चेतन्य कश्यप
  • संजय पाठक को पीछे छोड़ा
  • जानिए कैसे हुई 296 करोड़ की संपत्ति