छिंदवाड़ा में बिना दुल्हन के लौटी बारात, सबके सामने दूल्हे को छोड़ प्रेमी के गले में डाल दी वरमाला
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के मुजावर में आयोजित एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दुल्हन ने भरी सभा में अपने होने वाले पति को ठुकरा दिया।
27 और 28 अप्रैल की दरमियानी रात हुई इस घटना ने न केवल बारातियों को चौंका दिया, बल्कि समाज में विवाह संस्था और व्यक्तिगत पसंद को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
धूमधाम से आई थी बारात
जानकारी के अनुसार परासिया से बारात पूरे रीति-रिवाजों के साथ मुजावर गांव पहुंची थी। घरातियों ने बारातियों का अच्छे से स्वागत भी किया था।
चारों तरफ खुशियों का माहौल था आतिशबाजी हो रही थी। किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ मिनटों में खुशियों का यह शोर सन्नाटे में बदलने वाला है।
वरमाला की रस्म और अचानक लिया गया फैसला
जैसे ही वरमाला की रस्म का समय आया, दूल्हा सज-धज कर स्टेज पर खड़ा अपनी दुल्हन का इंतजार कर रहा था। दुल्हन को जब स्टेज की ओर लाया गया तो अचानक ही उसने अपनी दिशा बदल दी। दूल्हे के सामने खड़े होने के बजाय वह पंडाल में ही मौजूद अपने प्रेमी के पास पहुंच गई।
वहां मौजूद हर शख्स उस समय हक्का-बक्का रह गया जब युवती ने अपने प्रेमी के गले में वरमाला डाल दी। हैरानी की बात है कि दुल्हन ने सबके सामने उसे गले लगा लिया। कुछ देर के लिए पंडाल में ऐसा सन्नाटा छा गया जैसे वक्त थम गया हो।
विवाद, मारपीट और पुलिस की एंट्री
जानकारी के अनुसार इस घटना के बाद वधु पक्ष के लोगों ने गुस्से में आकर युवती और उसके प्रेमी की मौके पर ही जमकर पिटाई कर दी। इससे शादी का खुशनुमा माहौल देखते ही देखते तनावपूर्ण हो गया था।
वहीं स्थिति को बिगड़ता देख दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद दूल्हे और उसके परिवार ने बिना दुल्हन लिए ही वापस जाने का फैसला किया। वर पक्ष ने इस पूरी घटना की शिकायत भी दर्ज कराई है।
छिंदवाड़ा में दूसरी बार हुआ ऐसा वाकया
जानकारी के अनुसार यह इस क्षेत्र की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इलाके में दुल्हन का शादी से इंकारका मामला सामने आया था।
युवती का पहले से ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन परिवार वालों ने सामाजिक दबाव में आकर उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी।
ये खबरें भी पढ़िए...
सोनम प्रेमी राज कुशवाह ने भी मांगी जमानत, राजा रघुवंशी का भाई- दोनों कर लेंगे शादी
शादी के बाद रिसेप्शन न देने पर दंपती का सामाजिक बहिष्कार, कलेक्टर से इंसाफ की मांग
जलते अंगारों पर चलकर दूल्हा-दुल्हन ने लिए फेरे, परंपरा देख लोग रह गए दंग
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से शादी, दहेज न मिलने पर पति ने पत्नी का अश्लील वीडियो किया वायरल