छिंदवाड़ा में भीषण हादसा : CNG कार बनी आग का गोला, पिता-पुत्र जिंदा जले

Sanjay Dhiman | Mar 02, 2026, 22:55 IST
Photograph: (the sootr)
छिंदवाड़ा के सिवनी रोड पर बोलेरो से टकराने के बाद CNG कार में ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में रिटायर्ड WCL कर्मचारी और उनके बेटे की जिंदा जलकर मौत हो गई।

News in Short

  • छिंदवाड़ा जिले में बोलेरो से टकराकर CNG टैंक में धमाका हुआ।
  • हादसे में पिता-पुत्र की जलकर मौत हो गई।
  • कार तेज रफ्तार में थी, ड्राइवर को झपकी आ गई थी।
  • कार के जलने से 2 अन्य गाड़ियां भी खाक हो गईं।
  • पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

News in Detail

Chhindwara. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में हुए एक दिल दहला देने वाले हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। सिवनी रोड पर कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए इस हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। ये दोनों जिस कार में सवार थे उसमें धमाके के बाद आग लग गई। इस घटना में दोनों जिंदा जल गए।



हादसा छिंदवाड़ा शहर से करीब 40 किलोमीटर पहले हुआ। मृतकों की पहचान 61 वर्षीय अमृत सिंह और उनके 22 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह के रूप में हुई है। अमृत सिंह WCL के रिटायर्ड कर्मचारी थे और वह अपने परिवार से मिलने उत्तर प्रदेश के पुश्तैनी गांव गए थे। लौटते समय यह भीषण सड़क हादसा हो गया।



हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा तब हुआ जब अरुण सिंह, जो कि कार चला रहे थे, को देर रात ड्राइविंग के दौरान झपकी आ गई। इससे गाड़ी बेकाबू हो गई और सड़क के किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराई। इसके बाद कार ने जय अम्बे गैरेज के पास खड़ी बोलेरो से जोरदार टक्कर मारी।



CNG टैंक में ब्लास्ट

इस टक्कर के बाद कार में लगे CNG सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। इतनी भयंकर आग थी कि कार में सवार पिता-पुत्र को बाहर निकलने का कोई मौका ही नहीं मिला। इसके बाद गैरेज में खड़ी दो अन्य गाड़ियां भी जलकर खाक हो गईं।



पुलिस और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई

घटना के बाद जय अम्बे गैरेज के ऑपरेटर ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पिता-पुत्र के शव पूरी तरह जल चुके थे।



जांच जारी है

कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत के मुताबिक, मृतक पिता-पुत्र छिंदवाड़ा में नया मकान बनवा रहे थे और जल्द ही वहां शिफ्ट होने वाले थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि झपकी आने के कारण ही यह हादसा हुआ। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।



यह खबरें भी पढ़ें...



मध्य प्रदेश में होली पर अब 2 दिन की छुट्टी, सरकार ने जारी किया नया आदेश



एमपी में बिजली उपभोक्ताओं को झटका, स्मार्ट मीटर का खर्च आपकी जेब से वसूलेगी कंपनी



एमपी में बड़े निवेश प्रस्तावों में भारी गिरावट, इन्वेस्टर्स ने फेरा मुंह, क्या नई नीति से दिखेगा असर?



एमपी में नहाती छात्रा का वीडियो बनाते पकड़ाया पटवारी, लोगों ने कर दी जमकर धुनाई



Tags:
  • छिंदवाड़ा
  • फायर ब्रिगेड
  • उत्तर प्रदेश
  • भीषण सड़क हादसा
  • CNG