CM ने कलेक्टरों से जानी खाद की स्थिति, बड़े अफसरों ने किया गुमराह

Jitendra Shrivastava | Nov 22, 2024, 21:38 IST
thesootr
मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव ने दो बार कलेक्टरों से कहा कि आप खुलकर अपनी बात रखें, लेकिन बड़े अधिकारियों के सामने कलेक्टर चाहकर भी यह नहीं बता पाए कि उनके यहां खाद की किल्लत है। ​वहीं, कॉन्फ्रेंस के बाद कलेक्टरों ने खाद की किल्लत पर आपस में बात की...

BHOPAL. सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार, 22 नवम्बर को प्रदेशभर के अधिकारियों की क्लास ली। कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कई निर्देश दिए। कलेक्टरों ने अपने जिलों का फीडबैक दिया। सीएम ने उनसे खाद की स्थिति की जानकारी मांग ली, इस पर कई कलेक्टर झेंप गए। दरअसल, वे बड़े अधिकारियों के सामने सही स्थिति नहीं बता पाए। सीएम ने जोर देकर कहा भी कि जो है, वह बताएं, सीनियर के दबाव में न आएं, लेकिन कलेक्टरों ने चुप्पी साध ली। इस बीच कृषि विभाग के अधिकारियों ने पिछली बार के आंकड़े बता दिए। बोले, पूरे प्रदेश में स्थिति ठीक है। पिछली बार जितना खाद दिया था, इस बार भी उतना ही खाद दिया है।


अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में जितनी मांग थी, उतने खाद की सप्लाई की गई है, जबकि इस बार गेहूं समेत दूसरी फसलों की बोवनी का रकबा बढ़ा है, इसलिए खाद की डिमांड भी ज्यादा है। सीएम ने दो बार कलेक्टरों से कहा कि आप खुलकर अपनी बात रखें, लेकिन बड़े अधिकारियों के सामने कलेक्टर चाहकर भी यह नहीं बता पाए कि उनके यहां खाद की किल्लत है। ​वहीं, कॉन्फ्रेंस के बाद कलेक्टरों ने खाद की किल्लत पर आपस में बात की। दो कलेक्टरों ने नाम ना छापने की शर्त पर 'द सूत्र' को बैठक की पूरी हकीकत बयां कर दी।



अधिकारी अब खुद मैदान में उतरें

बाद में सीएम ने कहा, फसलों के उपार्जन, खाद की उपलब्धता के अनुसार सही तरीके से व्यवस्था बनाएं। अधिकारी खुद मैदान में उतरें। नकली बीज बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। नरवाई अथवा पराली जलाने से पर्यावरण को नुकसान होता है, इसलिए किसानों को जागरुक किया जाए। इसमें सिवनी जिले की तारीफ हुई।



हम होंगे कामयाब अभियान चलेगा

सीएम ने पुलिस अधिकारियों को भी लॉ एण्ड ऑर्डर को मेंटेन करने को कहा। उन्होंने कहा, 25 नवम्बर से 10 दिसंबर के बीच 'हम होंगे कामयाब अभियान' चलाएं। इसमें जेंडर आधारित हिंसा को रोकने के लिए जागरूकता गतिविधियां हों। अभियान पुरूषों पर आधारित कर पुरूषों के दायित्व को महिलाओं को सुरक्षा का भाव दिलवाने के लिए निर्धारित किया है। वाहनों में पैनिक बटन लगवाने के निर्देश दिए।



परीक्षाएं आ रही हैं, तेज आवाज में साउंड न बजे

सीएम ने कहा, अब बोर्ड परीक्षाओं का समय आ रहा है, इसलिए तेज आवाज में बजने वाले डीजी और साउंड पर सख्ती हो। जानलेवा कोलाहल सहन नहीं किया जाएगा। नशे पर रोकथाम लगाएं। एसपी पुलिस अमले को निर्देशित कर खुद भी नशे की सामग्री लाने वालों पर कार्रवाई करें। नशे में इस्तेमाल होने वाले कोरेक्स जैसी सीरप पर नजर रखें।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



Tags:
  • मध्यप्रदेश
  • CM Mohan Yadav
  • सीएम मोहन यादव
  • कलेक्टर
  • collector-commissioner-conference
  • कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस
  • एमपी हिंदी न्यूज
  • खाद की स्थिति