देवास में CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन: उद्योग महाप्रबंधक सस्पेंड, पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकी, ठेकेदार पर 1 लाख की पेनल्टी
नल जल योजना में गड़बड़ी पर ठेकेदार पर एक लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश भी दिए।
शिकायतों के समाधान में लापरवाही पर अधिकारी सस्पेंड
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में आवेदकों से सीधे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने देवास के अलग-अलग मामलों की सुनवाई की और अधिकारियों को समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए। एक आवेदक की समस्या का समय पर समाधान नहीं होने और संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने पर मुख्यमंत्री नाराज हो गए। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए।
लाड़ली लक्ष्मी योजना में लापरवाही, पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकी
समाधान ऑनलाइन में मुख्यमंत्री ने देवास की आवेदिका सलोनी सिसोदिया से भी बातचीत की। सलोनी को लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं मिला था। जांच में सामने आया कि छात्रवृत्ति की राशि दूसरे खाते में जमा हो गई थी।
इसके बावजूद संबंधित पर्यवेक्षक ने मामले का फॉलोअप नहीं किया और छात्रवृत्ति की राशि सलोनी के खाते में जमा कराने के लिए जरूरी कार्रवाई नहीं की। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।
सैनिक के परिवार को 10 लाख रुपए की सहायता
मुख्यमंत्री ने सैनिक स्वर्गीय पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम ने सैनिक के परिजनों से बातचीत करते हुए बताया कि मामले का परीक्षण कराया जा रहा है। सरकार सैनिक को शहीद का दर्जा देने पर भी विचार कर रही है।
फसल बीमा नहीं मिला तो किसान को 50 हजार की मदद
समाधान ऑनलाइन में वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह की फसल बीमा राशि नहीं मिलने का मामला भी सामने आया। किसान को बीमा की राशि नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को फसल बीमा की लंबित राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
नल जल योजना में लापरवाही, ठेकेदार पर जुर्माना
देवास के सुरेश मालवीय ने नल जल योजना से जुड़ी शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी। मामले में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लाल सिंह सहित अन्य आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा।
अधिकारियों को सीएम की दो टूक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग शिकायतों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। इस दौरान मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, देवास कलेक्टर नेहा मीना और पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।