सड़क चौड़ीकरण में टूटेगा CM मोहन यादव का घर, पुश्तैनी मकान पर लगा लाल निशान
CM Mohan Yadav house demolition: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम तेज हो गया है। पुराने शहर में मास्टर प्लान के तहत कई सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। इसी योजना की जद में मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुश्तैनी मकान भी आ गया है।
उज्जैन नगर निगम ने अब्दालपुरा क्षेत्र में प्रभावित मकानों की नपती शुरू कर दी है। नगर निगम की ओर से प्रभावित हिस्सों पर लाल निशान लगाए जा रहे हैं। इसी कार्रवाई में सीएम मोहन यादव के पुश्तैनी मकान पर भी मार्किंग की गई है।
730 मीटर सड़क चौड़ीकरण की योजना
नगर निगम खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक करीब 730 मीटर सड़क को चौड़ा करेगा। इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने की योजना है।
नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा के मुताबिक इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 9.80 करोड़ रुपए है। सड़क चौड़ीकरण की जद में कुल 272 भवन प्रभावित हो रहे हैं। निगम ने सभी प्रभावित हिस्सों की पहचान शुरू कर दी है।
सीएम के पुश्तैनी मकान का हिस्सा हटेगा
CM मोहन यादव का अब्दालपुरा स्थित पुश्तैनी मकान भी इस चौड़ीकरण में प्रभावित हो रहा है। परिवार के मुताबिक मकान का करीब 12 फीट हिस्सा हटाया जाएगा।
सीएम के भतीजे अनंत यादव ने बताया कि इस मकान से परिवार की कई पुरानी यादें जुड़ी हैं। इसके बावजूद शहर के विकास को प्राथमिकता देते हुए परिवार चौड़ीकरण में सहयोग करेगा।
1974 में बना था पुश्तैनी मकान
मुख्यमंत्री की बहन और उज्जैन नगर निगम सभापति कलावती यादव ने बताया कि उनके दादा रामचंद्र यादव ने साल 1974 में इस मकान का निर्माण कराया था।
इसी घर में मुख्यमंत्री मोहन यादव और परिवार के अन्य सदस्यों का बचपन बीता है। परिवार की कई पीढ़ियां इस मकान से जुड़ी रही हैं।
भाजपा नेता का मकान भी प्रभावित
सड़क चौड़ीकरण की जद में भाजपा नगर महामंत्री जगदीश पांचाल का मकान भी शामिल है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए मकान का प्रभावित हिस्सा हटाने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
उन्होंने कहा कि उज्जैन में सिंहस्थ को देखते हुए विकास कार्य जरूरी हैं। इसके लिए सभी को सहयोग करना चाहिए।
जून-जुलाई 2027 तक पूरा होगा काम
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित परिवारों का सहयोग मिल रहा है। लोग खुद आगे आकर चौड़ीकरण प्रक्रिया में साथ दे रहे हैं।
नगर निगम ने जून-जुलाई 2027 तक इस सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं।
ये भी पढ़ें...
लाड़ली बहना योजना को बंद करना चाहती है कांग्रेस, देवास में बोले सीएम मोहन यादव
जीएडी पर भड़के सीएम मोहन यादव, पूछा- खाली पदों का हिसाब अब तक क्यों नहीं तैयार? कितनी होगी भर्ती?
देवास दौरे पर रहेंगे सीएम मोहन यादव, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि करेंगे जारी
आयुष डॉक्टर्स का स्टाइपेंड बढ़ाएगी सरकार! सीएम मोहन यादव ने दिए संकेत