आज भोपाल में ही रहेंगे सीएम मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में होंगे शामिल

Aman Vaishnav | Nov 04, 2026, 08:06 IST
भोपाल में सीएम मोहन यादव और जेपी नड्डा की पदयात्रा आज। भीड़ की संभावना से ट्रैफिक रूट बदले और कुछ स्कूलों में छुट्टी की गई।
CM Mohan Yadav and JP Nadda Loktantra Bachao Padyatra in Bhopal with traffic diversion and school holiday updates
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 4 नवंबर को भोपाल में ही रहेंगे। इस दौरान वे कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सीएम सुबह समत्व में एडीजी इंटेलिजेंस और आयुक्त जनसंपर्क से जरूरी ब्रीफिंग लेंगे। इसके बाद दोपहर में भोपाल में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

सीएम मोहन यादव का दौरा सुबह 10:15 बजे से शुरू होगा। इस दौरान सीएम एडीजी इंटेलिजेंस और आयुक्त जनसंपर्क के साथ अहम ब्रीफिंग बैठक करेंगे।



जेपी नड्डा के साथ अटल पथ पर कार्यक्रम

सुबह की ब्रीफिंग के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:00 बजे अटल पथ, टी.टी. नगर, भोपाल पहुंचेंगे। दोपहर 12:00 बजे से 1:15 बजे तक सीएम मोहन यादव भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल होंगे।



केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि

भाजपा की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा आज बुधवार को भोपाल में निकाली जाएगी। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सुबह 10 बजे टीटी नगर के अटल पथ पर सभा होगी। इसके बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता न्यू मार्केट से होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक पदयात्रा निकालेंगे।



भाजपा ने भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से करीब एक लाख लोगों के आने का दावा किया है। वहीं ट्रैफिक पुलिस का अनुमान है कि कार्यक्रम में 40 से 50 हजार लोग शामिल हो सकते हैं।



जाम के कारण कुछ स्कूलों की छुट्टी घोषित

सभा को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए दोनों संभागों की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।



पदयात्रा के रास्ते में डॉक्टर, वकील, इंजीनियर और अलग-अलग जाति-वर्ग के लोग स्वागत मंच बनाएंगे। थर्ड जेंडर समुदाय के लोग भी अलग मंच से पदयात्रा का स्वागत करेंगे। भाजपा इस आयोजन के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी दिखाने की तैयारी में है। जानकारी के अनुसार पदयात्रा के रास्तों पर जाम लगने की आशंका को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को अपनी टाइमिंग तय करने के निर्देश दिए हैं। कुछ स्कूलों ने इस दिन छुट्टी भी घोषित कर दी है।



अटल पथ से निकलेगी पदयात्रा

सभा के बाद पदयात्रा अटल पथ से शुरू होगी। यह न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक पहुंचेगी। रास्ते में अलग-अलग सामाजिक समूहों की ओर से स्वागत की तैयारी की गई है। पदयात्रा के चलते न्यू मार्केट और आसपास के बाजारों में लोगों की आवाजाही पर असर पड़ सकता है।



ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब 1200 बसें और 2 हजार चार पहिया वाहन भोपाल पहुंच सकते हैं। इन वाहनों के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। साथ ही यात्रियों को उतारने की जगह और पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।



बसों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग तय

कार्यक्रम में आने वाली बसों के लिए अलग-अलग इलाकों के हिसाब से रूट तय किए गए हैं। बसों को अलग-अलग रास्तों से लाने का मकसद भीड़ को एक जगह जमा होने से रोकना और ट्रैफिक व्यवस्था को संभालना है।



विदिशा-रायसेन और नर्मदापुरम की बसों का रूट

विदिशा और रायसेन से आने वाली बसें पटेल नगर, खजूरी कलां तिराहा और पिपलानी रोड से होकर आएंगी। इसके बाद महात्मा गांधी चौराहा, चेतक ब्रिज, बोर्ड ऑफिस, लिंक रोड-1, अपेक्स बैंक और टीटी क्रॉस होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग एलएलए रेस्ट हाउस परिसर में होगी।



वहीं, नर्मदापुरम, मंडीदीप, मिसरोद और बागसेवनिया से आने वाली बसें नर्मदापुरम रोड और सावरकर सेतु से होकर आएंगी। ये गणेश मंदिर, मानसरोवर तिराहा, लिंक रोड-2, अर्जुन नगर, सेकंड स्टॉप और तुलसी नगर होते हुए अटल पथ के पास यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग तुलसी नगर में अंबेडकर पार्क के पास रहेगी।



सीहोर, रातीबड़ और मुबारकपुर से आने वाली बसों का रूट

सीहोर, रातीबड़ और नीलबड़ से आने वाली बसें रातीबड़ और नीलबड़ से होकर आएंगी। इसके बाद साखी ढाबा तिराहा, भदभदा चौराहा और भारत माता चौराहा होते हुए जवाहर चौक पर यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग मॉडल स्कूल में होगी।



मुबारकपुर बायपास और ग्रामीण इलाकों से आने वाली बसें मुबारकपुरा, गांधीनगर और लालघाटी से होकर आएंगी। फिर वीआईपी रोड, पॉलिटेक्निक चौराहा, बाणगंगा चौराहा और रंगमहल होते हुए कमला नेहरू स्कूल सेंटर पॉइंट पर यात्रियों को उतारेंगी। इनकी पार्किंग टीटी नगर दशहरा मैदान के आसपास होगी।



पुराने शहर से आने वाली बसें भारत टॉकीज, लिली चौराहा और कंट्रोल रूम से होकर आएंगी। इसके बाद गांधी पार्क और भोपाल का रोशनपुरा चौराहा होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग लाल परेड मैदान, रवींद्र भवन और खटलापुरा रोड पर होगी।



वापसी में बसें तय पार्किंग से ही बैठाएंगी सवारी

यातायात पुलिस ने बसों को निर्देश दिए हैं कि वे वापसी में तय पार्किंग स्थलों से ही यात्रियों को बैठाएं। पुराने शहर से आने वाली बसें वापसी में अपेक्स बैंक तिराहे से सवारी बैठा सकेंगी। बाकी बसें अपने तय ड्रॉप पॉइंट और पार्किंग से ही यात्रियों को लेकर वापस लौटेंगी।



कृषि महोत्सव और दोपहर की बैठक

स्थानीय कार्यक्रम पूरा करने के बाद सीएम दोपहर 1:25 बजे अपने निवास पर वापस लौटेंगे। इसके तुरंत बाद दोपहर 2:00 बजे से 2:15 बजे तक वे कृषि विभाग द्वारा आयोजित बलराम कृषि महोत्सव, पांढुर्णा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। यह कार्यक्रम समत्व से ही आयोजित होगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से समत्व में ही सीएम की अगली बैठक तय है।



Tags:
  • सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
  • सीएम मोहन यादव का दौरा
  • सीएम मोहन यादव
  • लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा
  • केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा
  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल
  • बलराम कृषि महोत्सव
  • CM Mohan Yadav