उज्जैन, नीमच और मंदसौर दौरे पर रहेंगे सीएम मोहन यादव, लोकार्पण-भूमिपूजन समेत कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
सीएम मोहन यादव आज उज्जैन, नीमच और मंदसौर के दौरे पर रहेंगे, जहां वे विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे और गांधी सागर में रात्रि विश्राम करेंगे।
CM Mohan Yadav to visit Ujjain, Neemuch, and Mandsaur today for development inaugurations, public meeting, and night stay at Gandhi Sagar
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को उज्जैन, नीमच और मंदसौर के दौरे पर रहेंगे। सीएम उज्जैन में स्वच्छता मित्रों के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर में सीएम नीमच जिले के मनासा पहुंचेंगे। इस दौरान सीएम मोहन यादव कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

सीएम मोहन यादव का दौरा राजधानी भोपाल से ही शुरू होगा। सुबह 09:45 बजे समत्व भवन में एडीजी इंटेलिजेंस और आयुक्त जनसंपर्क के साथ सीएम की ब्रीफिंग होगी। इसके बाद वे सुबह 09:55 से 10:10 बजे के बीच स्टेट हैंगर भोपाल पहुंचेंगे। इसके बाद 11:00 बजे सीएम उज्जैन हेलीपेड पर पहुंचेंगे।



सीएम के उज्जैन के प्रमुख कार्यक्रम

  • सुबह 11:00 बजे: उज्जैन पहुंचते ही मुख्यमंत्री सबसे पहले शहीद पार्क में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
  • दोपहर 12:00 बजे: इसके बाद वे गीता भवन, उज्जैन जाएंगे, जहां स्वच्छता मित्रों का सम्मान समारोह होगा।
  • दोपहर 01:30 बजे: मुख्यमंत्री अंजूश्री होटल, उज्जैन में आयोजित चर्चा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
  • दोपहर 02:45 बजे: उज्जैन से ही मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देवास के नवनिर्मित सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रेक का लोकार्पण करेंगे।

दोपहर बाद नीमच जिले के मनासा में होगी आमसभा

उज्जैन के सभी कार्यक्रम पूरे करने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 02:55 बजे उज्जैन हेलीपेड पहुंचेंगे। यहां से दोपहर 03:00 बजे रवाना होकर सीएम 03:45 बजे नीमच जिले के मनासा हेलीपेड पर पहुंचेंगे। मनासा में मुख्यमंत्री स्थानीय कार्यक्रम के तहत कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही वे वहां मौजूद जनता को संबोधित भी करेंगे।



शाम को मंदसौर के गांधी सागर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

नीमच का दौरा पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री शाम 05:00 बजे मंदसौर जिले के हेलीपेड टेंट सिटी (गांधी सागर) पहुंचेंगे।



मंदसौर और गांधी सागर का शेड्यूल

  • शाम 05:10 बजे: मुख्यमंत्री एम.पी.टी. हिंगलाज रिसोर्ट पहुंचेंगे।
  • शाम 05:30 से 07:30 बजे तक: इस दौरान मुख्यमंत्री जनसंपर्क और चर्चा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
  • शाम 07:35 से 07:45 बजे के बीच: सीएम टेंट सिटी (गांधी सागर), जिला मंदसौर पहुंचेंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रम के तहत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भाग लेंगे।
  • रात्रि 08:50 से 09:00 बजे के बीच: कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री वापस एम.पी.टी. हिंगलाज रिसोर्ट आएंगे। यहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात्रि विश्राम करेंगे।

गांधी सागर में कैबिनेट बैठक

बता दें कि 18 नवंबर को गांधी सागर में कैबिनेट बैठक होने वाली है। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य मेहमानों के आने-जाने, ठहरने, खाने-पीने और सुरक्षा की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी गई है।



रविवार देर शाम कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने एसपी विनोद कुमार मीना और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई थी।



कलेक्टर ने मंत्रियों के सत्कार के लिए तैनात अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां बताईं थी। साथ ही मंत्रियों के स्टाफ और दूसरे मेहमानों के ठहरने और भोजन का इंतजाम समय पर करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी तालमेल बनाए रखने को भी कहा था।



सुरक्षा और पार्किंग की जिम्मेदारी एसपी को

एसपी विनोद कुमार मीना ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर जरूरी निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक भीड़ जमा नहीं होनी चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन भी मौजूद थे।



प्रदर्शनी में दिखेंगे जिले के खास उत्पाद

कार्यक्रम में आने वाले मेहमानों को मंदसौर के प्रतीक चिह्न भेंट किए जाएंगे। इसके अलावा उपज से उद्यम थीम पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें जिले के किसानों के उत्पादों और स्वरोजगार से जुड़े प्रयासों को दिखाया जाएगा।



प्रदर्शनी में दूध, लहसुन, जैविक उत्पाद, पान और संतरे जैसे स्थानीय उत्पाद रखे जाएंगे। इसके साथ ही ऑयल प्लांट और कुपोषित बच्चों की सेहत सुधारने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी भी दी जाएगी। इसका मकसद जिले में सरकारी योजनाओं के असर को दिखाना है।



कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण हो चुका है। अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।



Tags:
  • सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
  • सीएम मोहन यादव
  • सीएम मोहन यादव का दौरा
  • स्वच्छता मित्रों का सम्मान समारोह
  • गांधी सागर में कैबिनेट बैठक
  • एसपी विनोद कुमार मीना
  • कलेक्टर दिव्यांक सिंह
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव