सीएम मोहन यादव का आज संघ प्रमुख भागवत, दत्तात्रेय और सुरेश सोनी के साथ लंच
RSS की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक 2 से 4 नवंबर तक इंदौर के डेली कॉलेज में हुई। बैठक के बाद अब सभी की नजरें 5 नवंबर पर टिकी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर आ रहे हैं। वे सुबह करीब पौने 12 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सीधे डेली कॉलेज जाएंगे। यहां उनकी संघ प्रमुख मोहन भागवत और दूसरे बड़े पदाधिकारियों से मुलाकात होगी।
सीएम का इनके साथ लंच
सीएम डॉ. मोहन यादव डेली कॉलेज में लंच करेंगे। यहां पर उनकी संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, संघ सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सुरेश सोनी व अन्य के साथ मुलाकात होगी। यहां चर्चा के साथ ही सीएम व संघ के सभी प्रमुख पदाधिकारी साथ में भोजन करेंगे।
राजनीतिक चर्चा भी होना संभव
लंच के दौरान सीएम और संघ के बीच मौजूदा हालात और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। खासकर युवाओं की नाराजगी का मुद्दा भी उठ सकता है। ऐसे में इस पूरी मुलाकात पर सभी की नजरें टिकी हैं। लंच के बाद सीएम दोपहर 2 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे।
तीन दिन चली थी संघ की बैठक
बता दें कि संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक 2 से 4 नवंबर तक इंदौर के डेली कॉलेज में हुई। डॉ. भागवत 6 नवंबर तक इंदौर में ही रहेंगे। वे 7 नवंबर को नागपुर के लिए रवाना होंगे। बैठक में राष्ट्रीय स्तर के करीब 400 पदाधिकारी शामिल हुए थे। बैठक खत्म होने के बाद अब सभी वापस लौट रहे हैं। इनमें से ज्यादातर पदाधिकारी गुरुवार को रवाना हो रहे हैं।
संघ की बैठक में शताब्दी वर्ष की हुई समीक्षा
संघ की बैठक में शताब्दी वर्ष में किए गए कामों की समीक्षा हुई। इसमें बताया गया कि संघ एक साल में 10 करोड़ घरों तक पहुंचा है। वहीं करीब एक लाख दैनिक शाखाएं लग रही हैं। संघ की शाखाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। पश्चिम बंगाल में तो 150 गुना शाखाएं बढ़ गई हैं। वहीं युवाओं की नाराजगी व अन्य मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा रही। वहीं तय हुआ कि अब संघ में प्रांत की जगह संभाग स्तरीय व्यवस्था होगी।