आज मुंबई दौरे पर रहेंगे सीएम मोहन यादव, GIS 2027 से पहले मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर उद्योगपतियों से करेंगे चर्चा

Aman Vaishnav | Oct 08, 2026, 07:16 IST
सीएम मोहन यादव का मुंबई दौरा: निवेश अवसरों पर अहम बैठक
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार 8 अक्टूबर को मुंबई जाएंगे। सीएम मोहन यादव का यह एक दिवसीय मुंबई दौरा रहेगा। वह मुंबई में मध्य प्रदेश में निवेश अवसरों पर चर्चा करेंगे। इस यात्रा के दौरान वह स्थानीय उद्योगपतियों से बातचीत करेंगे। देर रात तक मुख्यमंत्री वापस भोपाल लौट आएंगे।

सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (महाराष्ट्र) के दौरे पर रहेंगे। इस दौरे का मुख्य मकसद राज्य में ज्यादा से ज्यादा निवेश लाना और नई इंडस्ट्रीज के लिए रास्ते तैयार करना होगा।



मुंबई जाने से पहले सीएम मोहन यादव का दौरा भोपाल में जरूरी प्रशासनिक बैठकों के साथ शुरू होगा। सुबह 10:15 बजे समत्व में एडीजी इंटेलिजेंस और आयुक्त जनसंपर्क सीएम को ब्रीफिंग देंगे। इसके बाद वे सुबह 10:35 से 10:50 बजे के बीच स्टेट हैंगर भोपाल पहुंचेंगे।



भोपाल से मुंबई तक का सफर

सीएम मोहन यादव दोपहर 12:15 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट मुंबई पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीएम मोहन दोपहर 12:25 से 12:50 बजे के बीच मुंबई के लोअर परेल स्थित होटल द सेंट Regis में पहुंचेंगे।



निवेश अवसरों पर महामंथन

होटल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 01:00 बजे से शाम 07:30 बजे तक मध्य प्रदेश में निवेश अवसरों के संबंध में एक विशेष स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।



इस लंबे सत्र के दौरान मुख्यमंत्री बड़े उद्योगपतियों से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे। उन्हें मध्य प्रदेश की अनुकूल नीतियों, बिजली, पानी, जमीन की उपलब्धता और बेहतर कनेक्टिविटी की जानकारी देंगे।



सीएम मोहन का मुंबई दौरा क्यों अहम है?

बता दें कि मुंबई में देश के कई बड़े उद्योग और कॉरपोरेट समूहों के मुख्यालय हैं। ऐसे में सरकार सीधे बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों तक पहुंचना चाहती है। इन बैठकों में मध्य प्रदेश में निवेश के लिए तैयार प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी जाएगी।



सरकार सिर्फ निवेश का न्योता देकर नहीं रुकेगी। अलग-अलग सेक्टर के हिसाब से तैयार औद्योगिक जमीन, पार्क और मैन्युफैक्चरिंग जोन की जानकारी भी दी जाएगी। निवेशकों को सरकार की तरफ से मिलने वाली सुविधाओं और रियायतों के बारे में भी बताया जाएगा।



यानी GIS 2027 से पहले सरकार निवेशकों को मध्य प्रदेश के तैयार प्रोजेक्ट्स की पूरी तस्वीर दिखाना चाहती है।



इन सेक्टरों पर रहेगा ज्यादा फोकस

मुंबई में होने वाली बैठकों में फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर पर खास ध्यान रहेगा। इसके साथ मेडिकल डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो कंपोनेंट्स और टेक्सटाइल सेक्टर भी अहम रहेंगे।



इसके अलावा केमिकल और रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़े उद्योग समूहों से भी बातचीत होगी। इससे सरकार अलग-अलग सेक्टरों से निवेश जुटाने की कोशिश करेगी। यानी निवेश के लिए किसी एक सेक्टर पर निर्भरता नहीं रहेगी।



बड़े औद्योगिक पार्कों का होगा प्रजेंटेशन

बैठकों में उद्योगपतियों को मध्य प्रदेश में विकसित हो रहे बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स की जानकारी दी जाएगी। इनमें ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन भी शामिल है। इसे एशिया का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन बताया जा रहा है।



इसके अलावा नर्मदापुरम के बाबई-मोहासा में रिन्यूएबल एनर्जी इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग जोन की जानकारी दी जाएगी। धार का पीएम मित्र पार्क और उज्जैन का मेडिकल डिवाइसेस पार्क भी प्रजेंटेशन का हिस्सा होंगे।



ग्वालियर टेलीकॉम जोन में 5500 करोड़ से ज्यादा के प्रस्ताव

ग्वालियर में बन रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन पर भी सरकार का खास फोकस रहेगा। इस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन 12 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों प्रस्तावित है।



सरकार के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के लिए अब तक 5500 करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। ये प्रस्ताव जमीन पर उतरते हैं तो ग्वालियर में बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर बन सकता है।



निवेशकों को 1 रुपए प्रति वर्गफीट जमीन का ऑफर

सरकार निवेशकों को औद्योगिक पार्क और मैन्युफैक्चरिंग जोन में मिलने वाली रियायतों की जानकारी भी देगी। इनमें 1 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से जमीन देने जैसी सुविधा शामिल है।



इसके अलावा अलग-अलग तरह की सब्सिडी और उद्योग लगाने से जुड़ी दूसरी नीतिगत सुविधाओं के बारे में भी बताया जाएगा।



सरकार को उम्मीद है कि ये रियायतें निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करेंगी। साथ ही दूसरे राज्यों की तुलना में मध्य प्रदेश को मजबूत विकल्प के तौर पर पेश किया जा सकेगा।



देर रात होगी भोपाल वापसी

मुंबई में निवेश कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री रात 08:00 बजे होटल से कलीना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। रात 08:35 बजे सीएम मोहन यादव मुंबई से भोपाल के लिए रवाना होंगे। रात 10:10 बजे अपने निवास पहुंच जाएंगे।



Tags:
  • सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
  • सीएम मोहन यादव का दौरा
  • सीएम मोहन यादव
  • छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट
  • मध्य प्रदेश में निवेश अवसर
  • GIS 2027
  • ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन
  • रिन्यूएबल एनर्जी इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग जोन
  • सीएम मोहन का मुंबई दौरा