सिवनी मालवा में बोले सीएम मोहन यादव : लाड़ली बहनों को अब तक बांटे 55 हजार करोड़, कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

Sanjay Dhiman | Apr 16, 2026, 19:58 IST
Photograph: (the sootr)
सीएम मोहन यादव ने सिवनी मालवा में रोड शो किया। उन्होंने लाड़ली बहना योजना के तहत 55 हजार करोड़ बांटने का बड़ा दावा किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आशा-उषा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की बात भी सामने आई।

News in Short

  • सीएम मोहन यादव ने सिवनी मालवा में भव्य रोड शो और जनसभा की।
  • लाड़ली बहना योजना में अब तक 55 हजार करोड़ रुपए बांटे जा चुके हैं।
  • मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि यह योजना भविष्य में भी जारी रहेगी।
  • पुलिस ने विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
  • सीएम ने राम मंदिर और तीन तलाक के मुद्दे पर कांग्रेस को जमकर घेरा।

News in Detail

डॉ. मोहन यादव गुरुवार को सिवनी मालवा के दौरे पर थे। यहां उन्होंने कृषि उपज मंडी में एक विशाल आमसभा को संबोधित किया। सभा में मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर बात की। उन्होंने लाड़ली बहना योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला सशक्तिकरण का बड़ा आधार बताया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार ने महिलाओं के खाते में अब तक 55,000 करोड़ रुपए भेजे हैं।



इधर, मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाने का प्रयास भी किया। साथ ही आशा और उषा कार्यकर्ताओं ने भी ज्ञापन देने की कोशिश की, लेकिन इन्हें भी हिरासत में ले लिया गया।



रोड शो और कांग्रेस का विरोध

सिवनी मालवा में मुख्यमंत्री का स्वागत भव्य तरीके से हुआ। रोड शो की शुरुआत संकटमोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुराने बस स्टैंड तक पहुंचा। यह रोड शो 24 से अधिक स्थानों से होकर गुजरा, जहां विभिन्न संगठनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हालांकि, रोड शो से पहले पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आशा-उषा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, क्योंकि प्रदर्शन की आशंका जताई जा रही थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें काले झंडे और बेशरम के पौधे लेकर वे सड़कों पर उतरे थे।



लाड़ली बहना योजना से महिला सशक्तिकरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभा के दौरान बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत राज्य सरकार ने अब तक महिलाओं के खातों में 55 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर किए हैं। हर महिला को अब तक लगभग 40 से 50 हजार रुपए मिल चुके हैं। यह योजना लगातार जारी रहेगी और राज्य सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है।



सिवनी मालवा को 972 करोड़ की सौगात

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी-मालवा में कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के उन्नयन एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया, जिसकी लागत 972.16 करोड़ रुपए है और यह मार्ग 72.18 किलोमीटर लंबा है। इसके साथ ही उन्होंने 106.34 करोड़ रुपए के विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया, जिनमें 45 कार्यों के लिए 48.65 करोड़ और 51 कार्यों के लिए 57.69 करोड़ रुपए शामिल हैं।



विपक्ष पर निशाना

मुख्यमंत्री ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गलत निर्णय लिए हैं। राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस ने उसे विवादित बनाने की कोशिश की। प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए कदम उठाए हैं।



कांग्रेस का प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंधे पर गेहूं की बोरी और हाथ में बेशरम के पौधे लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उनके पास से काले झंडे और अन्य सामग्री जब्त की। सभी कार्यकर्ताओं को अस्थायी जेल में रखा गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।



आशा और उषा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी

मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने की तैयारी कर रही आशा और उषा कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनका आरोप था कि उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुलाकर फिर थाने ले जाया गया। महिला कार्यकर्ताओं कहा कि उनके साथ बुरा व्यवहार किया गया।



यह खबरें भी पढ़ें...



औपचारिकता में बदला जनसंवाद, सीएम मोहन यादव के कहने के बाद भी 90% कलेक्टर नहीं उतरे फिल्ड पर



ओंकारेश्वर मंदिर में मनेगा आदिगुरु शंकराचार्य का प्रकटोत्सव, सीएम मोहन यादव करेंगे शुभारंभ



आज सिवनी मालवा को बड़ी सौगात देंगे सीएम मोहन यादव, जनगणना-2027 का भी करेंगे शुभारंभ



उज्जैन में गेहूं बचाने वाली दवा बनी काल, दो मासूमों की मौत, 3 गंभीर



Tags:
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • राम मंदिर
  • लाड़ली बहना योजना
  • नारी शक्ति वंदन अधिनियम
  • प्रधानमंत्री मोदी
  • विरोध प्रदर्शन
  • राज्य सरकार